PAK Terrorists Encounter: खैबर पख्तूनख्वा में बड़ा ऑपरेशन, 10 आतंकी ढेर, PAK सेना के कैप्टन की भी मौत
PAK Terrorists Encounter: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा (Khyber Pakhtunkhwa )प्रांत में डेरा इस्माइल खान जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में पाक सेना के एक कैप्टन समेत 10 आतंकवादी मारे गए। पाक सेना के इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के मुताबिक, खुफिया इनपुट के आधार पर गुरुवार को डेरा इस्माइल खान में आतंकवादियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया गया।
मुठभेड़ के दौरान कैप्टन हसनैन अख्तर ने अपनी टीम का नेतृत्व किया और बहादुरी से लड़ते हुए शहीद हो गए। 10 आतंकवादी मौके पर ही मारे गए, जिनके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया। ISPR ने अपने बयान में कहा कि हसनैन अख्तर बहादुर अधिकारी थे, जिन्होंने पहले भी कई अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

पाकिस्तान में बढ़ते आतंकवादी हमले
2021 में अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता में लौटने के बाद पाकिस्तान में आतंकवादी गतिविधियों में तेजी से वृद्धि हुई है। खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में सबसे ज्यादा आतंकी हमले हुए हैं। जनवरी 2025 में पाकिस्तान में 74 आतंकवादी हमले हुए, जिनमें 91 लोगों की मौत हुई और 117 घायल हुए। सबसे ज्यादा हमले खैबर पख्तूनख्वा में हुए, उसके बाद बलूचिस्तान का नंबर आता है।
क्या कहती है पाकिस्तान सरकार?
सरकार और सेना का दावा है कि वे आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सुरक्षा बलों का कहना है कि वे आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रखेंगे।
हालांकि, पाकिस्तान में लगातार बढ़ती आतंकवादी घटनाएं यह संकेत देती हैं कि सरकार और सेना अब तक इन हमलों को रोकने में पूरी तरह नाकाम रही है।
खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकवादियों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं। पाक सेना आतंकवाद के खिलाफ अभियान चला रही है, लेकिन तालिबान के फिर से सत्ता में आने के बाद पाकिस्तान की सुरक्षा चुनौतियां और गंभीर हो गई हैं। पाकिस्तान सरकार और सेना के लिए अब सबसे बड़ी चुनौती इन आतंकवादी संगठनों पर काबू पाना है, ताकि देश में स्थिरता कायम रह सके।












Click it and Unblock the Notifications