सैटेलाइट तस्वीरों से खुलासा: पाकिस्तान Noor Khan Airbase पर कर रहा नया निर्माण
भारत के ऑपरेशन सिंदूर में भारी नुकसान झेलने के बाद पाकिस्तान, रावलपिंडी स्थित Noor Khan Airbase के कुछ हिस्सों को फिर से बना रहा है। मैक्सार टेक्नोलॉजी की नई सैटेलाइट तस्वीरों से पता चला है कि यहां दीवारें और नींव दोबारा तैयार की जा रही हैं।
यहीं से चीन उड़े थे शरीफ
यह एयरबेस पाकिस्तान वायु सेना की 12 वीआईपी स्क्वाड्रन "बुराक्स" का बेस है। यह स्क्वाड्रन पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख जैसे बड़े नेताओं के लिए हवाई यात्रा की व्यवस्था करता है। हाल ही में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर यहां से अलग-अलग प्लेन में चीन के तियानजिन शहर में हुए एससीओ सम्मेलन के लिए रवाना हुए।

फिर से बन रहीं दीवारें
जियो-इंटेलिजेंस रिसर्चर डेमियन साइमन ने बताया कि मई 2025 में हुए भारतीय हमले में एयरबेस पर खड़े कुछ स्पेशल सैन्य ट्रक तबाह हो गए थे। ये ट्रक संभवतः कम्यूनिकेशन और कमांड सेंटर के रूप में इस्तेमाल किए जाते थे। हमले में उनके साथ-साथ पास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा था। बाद में उन इमारतों को गिरा दिया गया और अब उनकी जगह नई दीवारें और ढांचे बनाए जा रहे हैं।
नेता और आर्मी करती है इस्तेमाल
नई तस्वीरों में एयरबेस पर एक बॉम्बार्डियर ग्लोबल 6000 वीवीआईपी जेट और एक सैन्य ट्रांसपोर्ट विमान खड़ा दिखाई दे रहा है। हाल ही में पाक आर्मी चीफ आसिम मुनीर ने विदेश यात्राओं के लिए इसी ग्लोबल 6000 विमान का इस्तेमाल किया था, क्योंकि उनका नियमित गल्फस्ट्रीम विमान मरम्मत के लिए यूके भेजा गया था।
PM शरीफ ने की थी पुष्टि
हमले के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने खुद इसकी पुष्टि की थी कि नूरखान एयरबेस को नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया था कि सेना प्रमुख मुनीर ने उन्हें रात 2:30 बजे फोन कर सूचित किया था कि भारत ने बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं, जिनमें से एक नूर खान एयरबेस पर गिरी है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications