Russian Spy Balloon: चीन के बाद अब रूस ने छोड़े जासूसी गुब्बारे, यूक्रेनी सेना ने चुन-चुनकर मार गिराया
कीव के आसमान में कई रूसी बैलून देखे जाने की घटना सामने आई. यूक्रेन ने दावा किया है कि बुधवार को कीव के आसमान में करीब आधा दर्जन बैलून देखे गए थे और उनमें से ज्यादातर को मार गिराया गया है।

Image: Oneindia
फरवरी का ये महीना अब तक जासूसी गुब्बारे को लेकर आरोप-प्रत्यारोप के ही नाम रहा है। इसे लेकर अभी अमेरिका और चीन के बीच तनाव खत्म भी नहीं हुआ था कि अब रूस ने भी यूक्रेनी राजधानी कीव के ऊपर कई गुब्बारे छोड़ दिए हैं। यूक्रेनी अधिकारियों ने ये दावा किया है कि उन्होंने 6 रूसी जासूसी गुब्बारों को मार गिराया है। स्काई न्यूज के मुताबिक 6 गुब्बारे जो कि टोही उपकरण ले जा सकते थे राजधानी के उपर देख गए थे।
कीव में देखे गए गुब्बारे
यूक्रेनी अधिकारियों ने दावा किया कि बुधवार को उसकी एयर डिफेंस यूनिट ने आधा दर्जन गुब्बारों का पता लगाया था, जो रूस की ओर से राजधानी कीव के ऊपर लॉन्च किए गए थे। शहर में इसे लेकर हवाई अलर्ट जारी किया गया था। कीव के सैन्य अधिकारियों ने आशंका जताई है कि इन गुब्बारों में खुफिया उपकरण हो सकते हैं। यूक्रेनी वायु सेना के प्रवक्ता यूरी इहनाट ने पुष्टि की है कि हवाई हमले के सायरन राजधानी में उड़ रहे गुब्बारों के कारण बज रहे थे। आपको बता दें कि यूक्रेन में तभी साइरन बजाए जाते हैं जब मिसाइल हमले का अंदेशा होता है। हालांकि, जेलेंस्की की सेना इसके लिए तैयार दिखी और उसने एक झटके में सभी गुब्बारों को मार गिराया। प्रशासन ने गुब्बारों में कॉर्नर रिफ्लेक्टर और टोही उपकरण लगे होने की आशंका जताई है।
अमेरिका-चीन के बीच बढ़ा तनाव
पिछले साल 24 फरवरी को रूसी आक्रमण की शुरुआत के बाद से यूक्रेनी अधिकारियों ने बार-बार देश के हवाई क्षेत्र में रूसी गुब्बारों की मौजूदगी की सूचना दी है। रूस साथ बढ़ते तनाव के बीच बीते मंगलवार को पड़ोसी मोल्दोवा ने गुब्बारे जैसी दिखने वाली एक उड़ने वाली वस्तु की उपस्थिति के कारण अस्थायी रूप से अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था। आपको बता दें कि पिछले हफ्ते दक्षिण कैरोलिना के तट पर एक संदिग्ध चीनी जासूसी गुब्बारे को मार गिराए जाने के बाद से तनाव बढ़ गया था। अमेरिका ने चीन पर खुफिया जानकारी एकत्र करने के लिए उच्च ऊंचाई वाला गुब्बारा छोड़ने का आरोप लगाया था।
अमेरिका ने चार गुब्बारे मार गिराए
अमेरिकी अधिकारियों ने दावा किया था कि ये उच्च ऊंचाई वाला गुब्बारा चीन में बनाया गया था और निगरानी के लिए इस्तेमाल किया गया था, हालांकि चीन ने कहा कि यह केवल मौसम की निगरानी करने वाला हवाई पोत था जो भटक गया था। इस चीनी गुब्बारे को सबसे पहले 4 फरवरी को मार गिराया गया था। यह पहला रहस्यमय ऑब्जेक्ट था जिसे अमेरिकी सेना ने मिसाइल से गिरा दिया था। इसके बाद अमेरिका के आसमान में और तीन ऑब्जेक्ट दिखे जिसे अमेरिकी सेना ने मार गिराया।












Click it and Unblock the Notifications