North Korea: उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया को जोड़ने वाली सड़क को उड़ाया, युद्ध का ऐलान करेंगे किम जोंग?
North Korea South Korea: दक्षिण कोरिया की सेना ने कहा है, कि उत्तर कोरिया को दक्षिण कोरिया से जोड़ने वाली सड़क के उत्तरी हिस्सों को उड़ा दिया है। संयुक्त चीफ ऑफ स्टाफ ने मंगलवार को मीडिया को भेजे संदेश में कहा है, कि दोनों देशों को विभाजित करने वाली सैन्य सीमांकन रेखा के उत्तर में सड़क के कुछ हिस्सों को दोपहर (03:00 GMT) उड़ा दिया गया है।
वहीं, दक्षिण कोरियाई सेना के प्रमुख ने कहा है, कि दोनों देशों की सीमा के पास दक्षिण कोरिाय ने चेतावनी के तौर पर गोलियां चलाईं हैं। सोमवार को सियोल ने चेतावनी दी थी, कि प्योंगयांग सड़कों को उड़ाने की तैयारी कर रहा है।

दक्षिण कोरिया से युद्ध करेगा उत्तर कोरिया?
कोरियाई प्रायद्वीप पर तनाव तब से बढ़ गया है, जब उत्तर कोरिया ने आरोप लगाया, कि दक्षिण कोरिया की उसकी राजधानी प्योंगयोंग में प्रोपेगेंडा लीफलेट्स ड्रोन के जरिए गिरा रहा है। वहीं, दक्षिण कोरिया की सेना ने बाद में विस्फोटों का वीडियो फुटेज जारी किया है।
एक वीडियो में सैन्य वर्दी में उत्तर कोरियाई सैनिकों को एक बड़े विस्फोट से पहले तिपाई पर कैमरे लगाते हुए दिखाया गया है, जिससे ग्योंगुई सड़क के कई हिस्से उड़ गए और धुएं और धूल के बादल छा गए। विस्फोटों के बाद के और फुटेज में खुदाई करने वाले लोग दिखाई दे रहे हैं, जबकि सैन्य वर्दी में उत्तर कोरियाई लोग पास में काम कर रहे थे। एक फुटेज में उत्तर कोरिया को पूर्वी तट पर डोंगहे सड़क के एक हिस्से को उड़ाते हुए भी दिखाया गया है।
हालांकि, दोनों देशों को जोड़ने वाली ये सड़कें लंबे समय से बंद हैं, लेकिन विश्लेषकों का कहना है, रास्ते को उड़ाकर उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने अब साफ कर दिया है, कि वो दक्षिण कोरिया के साथ बातचीत करने के लिए तैयार नहीं हैं।
सियोल में यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ कोरियन स्टडीज के अध्यक्ष यांग मू-जिन ने एएफपी समाचार एजेंसी को बताया है, कि "यह शत्रुतापूर्ण दोहरे राज्य प्रणाली से संबंधित एक व्यावहारिक सैन्य उपाय है, जिसका उत्तर कोरिया अक्सर उल्लेख करता है।"
यह विस्फोट किम द्वारा ड्रोन मुद्दे पर चर्चा करने के लिए अपने शीर्ष सैन्य और सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक बुलाने के एक दिन बाद हुआ है।
उत्तर कोरिया की मीडिया ने क्या कहा?
उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया ने मंगलवार सुबह बताया है, कि बैठक के दौरान किम जोंग उन ने दक्षिण कोरियाई ड्रोनों को "दुश्मन की गंभीर उकसावे वाली कार्रवाई" बताया और देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए "तत्काल सैन्य कार्रवाई" और अपने "युद्ध निवारक" को तत्काल एक्टिवेट करने के आदेश दिए हैं।
उत्तर कोरिया ने पहले सीमावर्ती तोपखाने और अन्य सैन्य इकाइयों को दक्षिण कोरिया पर हमला करने के लिए तैयार रखा है और कहा है, कि अगर दक्षिण कोरिया के ड्रोन फिर से उत्तर कोरिया के ऊपर पाए गए, तो वो ड्रोन को उड़ा देगा। दक्षिण कोरिया ने इस बात की पुष्टि करने से इनकार कर दिया है, कि उसने ड्रोन भेजे हैं या नहीं, लेकिन चेतावनी दी है, कि अगर उसके नागरिकों की सुरक्षा को खतरा हुआ तो वह उत्तर कोरिया को कड़ी सजा देगा।
सड़कों को नष्ट करना किम जोंग उन के दक्षिण कोरिया के साथ संबंधों को खत्म करने, उसे अपना सबसे मुख्य दुश्मन ठहराने और दोनों कोरिया के शांतिपूर्ण एकीकरण की कोशिशों को हमेशा के लिए खत्म करने उनके उद्येश्यों के मुताबिक ही है।
साल 2020 में, उत्तर कोरिया ने उस संपर्क हेडक्वार्टर को बम विस्फोट में उड़ा दिया था, जिसका निर्माण इस मकसद से किया गया था, कि दोनों देश इस कार्यालय में गंभीर संघर्ष को रोकने के लिए बातचीत करे। लेकिन, उत्तर कोरिया ने हेडक्वार्डर को उड़ा दिया, जो एक संकेत था, कि अब वो उत्तर कोरिया से बातचीत नहीं करेगा।
वहीं, दक्षिण कोरियाई अधिकारियों ने कहा है, कि उत्तर कोरिया ने इस वर्ष की शुरुआत में सीमा पर टैंक रोधी अवरोध लगाने और बारूदी सुरंगें बिछाने का काम शुरू कर दिया है, जो बताता है, कि किम जोंग उन युद्ध की तैयारी कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications