Netherlands: मोबाइल-स्मार्टवॉच से बच्चे की पढ़ाई पर गंभीर असर, नीदरलैंड सरकार ने स्कूलों में किया बैन
नीदरलैंड स्कूलों में बच्चों के मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगाने वाला है। सरकार का कहना है कि इस फैसले से बच्चों की पढ़ाई में आने वाली तकनीकी परेशानी दूर होगी।
डच सरकार ने कहा कि मोबाइल, टैबलेट और स्मार्टवॉच छात्रों की पढ़ाई में बाधा बन रहे हैं इसलिए इन पर प्रतिबंध लगाना जरूरी है। अगले साल से इन्हें कक्षा में आने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

नीदरलैंड सरकार ने कहा कि इस बात के प्रमाण बढ़ रहे हैं कि पढ़ाई के बीच मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बच्चों पर हानिकारण प्रभाव पड़ता है। इन उपकरणों के कारण बच्चे ध्यान केंद्रित करने में कम सक्षम होते हैं, जिसका प्रभाव सीधे उनके प्रदर्शन पर पड़ता है।
नीदरलैंड सरकार ने कहा है कि यही वजह है कि 1 जनवरी 2024 से स्कूलों में मोबाइल फोन, स्मार्टवाच और टैबलेट ले जाना प्रतिबंधित किया जा रहा है। इसके साथ ही स्कूल अधिकारियो से इस मामले में आभिभावकों और शिक्षकों से सहमति जुटाने के लिए कहा गया है।
सरकार ने इस पर अभिभावक और शिक्षकों को इस मामले में सहमत होने के लिए अक्टूबर तक का समय दिया है। नीदरलैंड के शिक्षा मंत्री रॉबर्ट डिकग्राफ ने कहा कि ये औपचारिक प्रतिबंध नहीं है लेकिन अगले साल सरकार इसे लागू कर सकती है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस कदम से सांस्कृतिक परिवर्तन आएगा और बच्चों के सीखने में वृद्धि होगी। इससे पहले फ्रांस ने 2018 में ऑनलाइन धमकियों को रोकने के लिए प्राइमरी और मिडिल स्कूल में मोबाइल फोन पर प्रतिबंध लगाया था।
इस बीच ब्रिटेन के स्कूलों ने भी सुझाव दिया है कि इस तरह का प्रतिबंध लगाया जा सकता है। स्काई न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, स्कूलों को फिलहाल अपनी पॉलिसी बनाने के लिए छोड़ दिया गया है और सरकार ने कहा है कि वह आगे इसमें हस्तक्षेप नहीं करेगी। इससे पहले 2021 में यूके के शिक्षा मंत्री गेविन विलियम्स ने भी स्कूलों में मोबाइल फोन पर प्रतिबंध लगाने की वकालत की थी।












Click it and Unblock the Notifications