पुतला जलाकर किया था दाह-संस्कार, 10वें दिन अचानक ज़िंदा घर पहुंची महिला, नेपाल हादसे में 'चमत्कार'
Nepal Flood: नेपाल में आई भीषण बाढ़ और तबाही के बीच एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसे सुनकर किसी के भी होश उड़ जाएं। नुवाकोट में 64 साल की चंद्रिका को परिवार ने मृत मान लिया था। 10 दिन तक उनका कोई पता नहीं चला तो घरवालों ने उनका पुतला बनाकर अंतिम संस्कार तक कर दिया। लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे परिवार को हैरान कर दिया।
चंद्रिका एक चार मंजिला इमारत के मलबे में जिंदा मिलीं। हेलीकॉप्टर और ड्रोन से सर्वे के दौरान उनकी जानकारी मिली। रेस्क्यू टीम ने जब उन्हें बाहर निकाला तो वह कीचड़ से लथपथ और बेहोश थीं, लेकिन उनकी सांसें चल रही थीं।

अंतिम संस्कार के 10 दिन बाद मिलीं जिंदा
चंद्रिका के परिवार ने 10 दिनों तक उनका इंतजार किया, लेकिन न तो उनकी कोई खबर मिली और न ही शव मिला। ऐसे में परिवार ने उन्हें मृत मान लिया और उनका पुतला बनाकर प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर दिया। परिवार को बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि चंद्रिका अभी जिंदा हैं। इसके बाद जब रेस्क्यू टीम ने उन्हें मलबे के बीच से जिंदा बाहर निकाला तो परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। जिस महिला को मृत मानकर अंतिम विदाई दे दी गई थी, वह जिंदगी की जंग लड़ते हुए वापस घर लौट आईं।
ये भी पढ़ें: 10 दिन बाद सुरंग से निकला चीनी नागरिक, मिट्टी में दबी जिंदा मिली 60 साल की महिला! नेपाल रेस्क्यू का VIDEO
हेलीकॉप्टर और ड्रोन सर्वे में दिखी जिंदगी की उम्मीद
चंद्रिका के बचने की कहानी किसी चमत्कार से कम नहीं है। राहत और बचाव दल हेलीकॉप्टर और ड्रोन की मदद से बाढ़ प्रभावित इलाकों का सर्वे कर रहा था। इसी दौरान चार मंजिला इमारत के मलबे में कुछ हलचल और चंद्रिका के होने की जानकारी मिली। इसके बाद रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद बचावकर्मियों ने उन्हें मलबे से बाहर निकाला। चंद्रिका पूरी तरह कीचड़ में सनी हुई थीं और पानी की कमी की वजह से बेहोश थीं, लेकिन उनकी सांसें चल रही थीं।
कंबल में लपेटा, पानी पिलाया और अस्पताल पहुंचाया
रेस्क्यू टीम ने चंद्रिका को बाहर निकालते ही सबसे पहले उन्हें ठंड से बचाने के लिए कंबल और जैकेट से ढका। इसके बाद उन्हें पानी पिलाया गया और भरोसा दिलाया गया कि अब वह सुरक्षित हैं और ठीक हो जाएंगी। प्राथमिक मदद देने के बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें हेलीकॉप्टर से काठमांडू ले जाया गया। वहां उनका इलाज शुरू किया गया। करीब 10 दिन तक मलबे में फंसे रहने के बाद भी उनका जिंदा मिलना रेस्क्यू टीम के लिए भी बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें: नेपाल बाढ़ में लापता भारतीयों की कैसे होगी पहचान? सरकार का प्लान तैयार, काठमांडू पहुंचे भारतीय एक्सपर्ट्स
दो दिन में चार लोग मलबे और सुरंग से जिंदा निकले
नेपाल में चंद्रिका का रेस्क्यू अकेला ऐसा मामला नहीं है। पिछले दो दिनों में चार लोगों को सुरंग और मलबे से जिंदा बाहर निकाला गया है। इनमें एक चीनी नागरिक भी शामिल है, जिसे रसुवा की सुरंग से करीब 11 दिन बाद सुरक्षित निकाला गया। लगातार हो रहे इन रेस्क्यू से बचावकर्मियों की उम्मीद बढ़ गई है कि मलबे और सुरंगों में अब भी कुछ लोग जिंदा हो सकते हैं। इसी वजह से राहत और बचाव दल प्रभावित इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहा है।
1,344 मौतें, करीब 5 हजार लोग अब भी लापता
नेपाल में 26 अगस्त को आई अचानक बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। नेपाल पुलिस के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 1,344 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि करीब पांच हजार लोग अब भी लापता हैं। इनमें 589 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। अब तक 13,400 से ज्यादा लोगों को बचाया जा चुका है। बाढ़ और मलबे से कई शव बुरी तरह क्षत-विक्षत मिले हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे हालात में चंद्रिका का जिंदा मिलना परिवार के साथ-साथ रेस्क्यू टीम के लिए भी उम्मीद की बड़ी किरण बनकर सामने आया है।


Click it and Unblock the Notifications
