नेपाल बाढ़ में भारत vs चीन! किसने भेजी ज्यादा मदद? कौन-कौन से देश लिस्ट में
Nepal Flood: नेपाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। इस प्राकृतिक आपदा में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है और हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। ऐसे मुश्किल वक्त में नेपाल को पड़ोसी देशों समेत कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से मदद मिल रही है। भारत और चीन दोनों ने राहत सामग्री, बचाव उपकरण और दूसरी जरूरी सहायता भेजी है।
लेकिन सवाल है कि अब तक नेपाल की मदद में भारत और चीन में कौन आगे है? नेपाल सरकार के मुताबिक, आर्थिक सहायता, मानवीय मदद, ब्रिज और रेस्क्यू सपोर्ट के आंकड़ों से तस्वीर काफी हद तक साफ होती है।

भारत ने भेजी 68.5 टन मानवीय सहायता
भारत ने नेपाल की बाढ़ के बाद अब तक चार चरणों में कुल 68.5 टन मानवीय सहायता और जरूरी दवाइयां भेजी हैं। इसमें राहत और बचाव के लिए जरूरी सामान शामिल है। इसके अलावा भारत ने रविवार को 230 फीट का सिंगल लेन मॉड्यूलर स्टील ब्रिज भी नेपाल भेजा है। नेपाल सरकार के मुताबिक भारत ने आगे 7 और बेली ब्रिज भेजने की प्रतिबद्धता जताई है। यानी भारत की मदद सिर्फ राहत सामग्री तक सीमित नहीं है, बल्कि बाढ़ से टूटे संपर्क मार्गों को बहाल करने पर भी जोर है।
ये भी पढे़ं: नेपाल की बाढ़ में बह गया था बैंक! अब मलबे की खुदाई में निकला 50 करोड़ का सोना और 1.5 करोड़ कैश, Video वायरल
चीन ने भी रेस्क्यू में बढ़ाया हाथ
चीन की ओर से भी नेपाल को राहत और बचाव कार्यों में मदद दी जा रही है। नेपाल सरकार के मुताबिक, चीनी विशेषज्ञ टीमें नेपाली सेना के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। रसुवा के प्रभावित इलाकों में चीनी विशेषज्ञों ने सुरंगों के भीतर जाकर खोज अभियान चलाया है। एक जगह चीनी टीम करीब 3 किलोमीटर तक सुरंग के अंदर खोज कर चुकी है। इसके अलावा नेपाल ने चीन से 30 बेली ब्रिज के लिए मदद का अनुरोध किया है। चीन से राहत सामग्री भी पहुंच रही है।
भारत या चीन, किसने ज्यादा मदद की?
अगर उपलब्ध आंकड़ों को देखें तो मानवीय सहायता के मामले में भारत की मदद का आंकड़ा फिलहाल ज्यादा स्पष्ट और बड़ा दिखाई देता है। भारत ने 68.5 टन राहत सामग्री और दवाइयां चार चरणों में भेजी हैं। साथ ही एक बड़ा मॉड्यूलर स्टील ब्रिज भी भेजा गया है और 7 अतिरिक्त बेली ब्रिज देने की घोषणा की है। दूसरी तरफ चीन ने 30 बेली ब्रिज के लिए सहायता देने की दिशा में कदम बढ़ाया है और विशेषज्ञ टीमें रेस्क्यू में लगी हैं। इसलिए सीधे तौर पर सिर्फ सामान की मात्रा से दोनों देशों की मदद की तुलना करना पूरी तस्वीर नहीं बताता।
भारत की मदद सिर्फ राहत सामग्री तक सीमित नहीं
भारत की भूमिका राहत सामग्री भेजने से आगे भी दिखाई दे रही है। नेपाल के रसुवा इलाके में भारतीय टीमों ने रेकी और रेस्क्यू ऑपरेशन में हिस्सा लिया है। चिलिमे और लाङटाङ खोला जलविद्युत परियोजनाओं के आसपास भारतीय टीमों ने नेपाली सेना के साथ समन्वय कर पंप और एस्केवेटर के जरिए बचाव प्रयास शुरू किए हैं। इसके अलावा भारत ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में जरूरी दवाइयों और मानवीय सहायता की सप्लाई की है। इससे साफ है कि भारत राहत, रेस्क्यू और कनेक्टिविटी-तीनों मोर्चों पर सहयोग कर रहा है।
चीन के विशेषज्ञ भी रेस्क्यू में जुटे
चीन की मदद का बड़ा हिस्सा तकनीकी और विशेषज्ञ सहायता के तौर पर सामने आया है। नेपाल सरकार के अनुसार चीनी विशेषज्ञ नेपाली सेना के साथ समन्वय कर प्रभावित जलविद्युत परियोजनाओं और सुरंगों में खोज एवं बचाव अभियान चला रहे हैं। रसुवा के अपर त्रिशूली-1 क्षेत्र में चीनी और कोरियाई विशेषज्ञों ने रेस्क्यू में हिस्सा लिया। चीन ने नेपाल को 30 बेली ब्रिज उपलब्ध कराने के लिए सहायता का अनुरोध भी स्वीकार किया है। यानी चीन की मदद में तकनीकी विशेषज्ञता और बुनियादी ढांचे की सहायता महत्वपूर्ण है।
ये भी पढे़ं: Nepal Flood: हिंदुओं के शवों को भी Airtight Bag में क्यों दफनाया जा रहा? क्या कहता है अंतरराष्ट्रीय नियम?
अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और संस्थाओं ने भी दी मदद
नेपाल को भारत और चीन के अलावा कई देशों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से आर्थिक मदद मिल रही है। नेपाल सरकार के मुताबिक एशियाई विकास बैंक ने 5 मिलियन डॉलर के बजटरी अनुदान और 1.5 लाख डॉलर की तकनीकी सहायता का भरोसा दिया है। विश्व बैंक ने 167 मिलियन डॉलर की रियायती कर्ज सहायता, अमेरिका ने 5 लाख डॉलर और ऑस्ट्रेलिया ने 1 मिलियन डॉलर देने की प्रतिबद्धता जताई है। स्विट्जरलैंड से भी 1 मिलियन स्विस फ्रैंक की मदद मिली है। यानी नेपाल की राहत में कई देशों और संस्थाओं का योगदान है।
सिक्किम ने भी बढ़ाया मदद का हाथ
वहीं सिक्किम राज्य ने भी मदद का हाथ बढ़ाया है। "Sikkim for Nepal" अभियान के तहत सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (SKM) ने नेपाल के लिए जरूरी राहत सामग्री और दवाइयां भेजी हैं। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) ने राहत सामग्री से भरे ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर नेपाल के लिए रवाना किया। इस मानवीय मदद को नेपाल और सिक्किम के लोगों के बीच भाईचारे, एकजुटता और सहयोग की मजबूत भावना का प्रतीक बताया गया है।


Click it and Unblock the Notifications
