नरेन्द्र मोदी को दुनिया का सलाम, फिजी, पापुआ, पलाऊ से पहले 9 देश दे चुके सर्वोच्च सम्मान
पीएम मोदी को सोमवार को 3 देशों की ओर से उनका सर्वोच्च सम्मान दिया गया। पापुआ न्यू गिनी, फिजी और पलाऊ ने उन्हें अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सोमवार को 3 देशों ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा है। सोमवार को पापुआ न्यू गिनी में हुए फोरम फॉर इंडिया पैसिफिक आईलैंड को-ऑपरेशन यानी FIPIC की बैठक में रिपब्लिक ऑफ पलाऊ और फिजी ने भी PM मोदी को अपने देश का सर्वोच्च अवॉर्ड दिया।
PM मोदी को पलाऊ के राष्ट्रपति सुरंगेल एस व्हिप्स जूनियर द्वारा 'एबाक्ल अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया। वहीं फिजी के प्रधानमंत्री सित्विनी राबुका ने PM मोदी को फिजी के सर्वोच्च सम्मान, 'कम्पैनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी' से नवाजा।
पापुआ न्यू गिनी ने भी PM मोदी को 'कम्पैनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ लोगोहू' से सम्मानित किया। ये पहली बार नहीं है जब पीएम मोदी को किसी देश ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा है। इससे पहले भी उन्हें सऊदी अरब, यूएई समेत 9 देश सम्मानित कर चुके हैं।
सऊदी अरब
सऊदी अरब ने 2016 में गैर-मुस्लिम गणमान्य नागरिकों को दिए जाने वाले अपने सर्वोच्च सम्मान 'किंग अब्दुलअजीज अल साउद' से सम्मानित किया था। किंग सलमान बिन अब्दुलअजीज ने इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से पीएम मोदी को सम्मानित किया था।
अफगानिस्तान
2016 में ही अफगानिस्तान ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान गाजी अमानुल्लाह खान पुरस्कार से सम्मानित किया था।
फिलिस्तीन
फिलिस्तीन ने 2018 में PM मोदी को 'ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ फिलिस्तीन' से सम्मानित किया। विदेशी गणमान्य नागरिकों को दिया जाने वाला ये फिलिस्तीन का सर्वोच्च सम्मान है।
UAE
2019 में यूएई ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान जायेद मेडल से पीएम मोदी का सम्मान किया था।
रूस
रूस
2019 में ही रूस ने 'ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू' पुरस्कार से सम्मानित किया था। ये रूस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है।
मालदीव
मालदीव ने भी 2019 में ही पीएम मोदी को 'निशान इज्जुद्दीन' सम्मान से नवाजा था। मालदीव की ओर से विदेशी नागरिक को दिया जाने वाला ये सर्वोच्च सम्मान है।
बहरीन
इसके बाद 2019 में बहरीन की यात्रा पर गए पीएम मोदी को 'द किंग हमाद ऑर्डर ऑफ द रेनेसां' से सम्मानित किया गया था। ये भी बहरीन का सर्वोच्च सम्मान है।
अमेरिका
2020 में अमेरिका ने अपने सर्वोच्च सैन्य सम्मान 'लीजन ऑफ मेरिट' से पीएम मोदी को नवाजा था। ये अवार्ड उत्कृष्ट सेवाओं और उपलब्धियों के प्रदर्शन में असाधारण मेधावी आचरण के लिए अमेरिकी सरकार द्वारा दिया जाता है।
भूटान
भूटान ने दिसंबर 2021 में पीएम मोदी को सर्वोच्च नागरिक अलंकरण, ऑर्डर ऑफ द ड्रक ग्यालपो से सम्मानित किया।
इसके अलावा PM मोदी को दुनिया भर के प्रतिष्ठित संगठनों द्वारा कई पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया है। संयुक्त राष्ट्र चैंपियंस ऑफ द अर्थ अवार्ड, सियोल शांति पुरस्कार, फिलिप कोटलर प्रेसिडेंशियल अवार्ड, ग्लोबल गोलकीपर, ग्लोबल एनर्जी एंड एनवायरनमेंट लीडरशिप आदि अवार्ड से उन्हें सम्मानित किया जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications