बांग्लादेश में हिंदू समुदाय से मिले मोहम्मद यूनुस, कट्टरपंथियों के बीच अल्पसंख्यकों को दिला पाएंगे इंसाफ?
Bangladesh News: बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने मंगलवार को हिंदू समुदाय को संबोधित करने के लिए ढाकेश्वरी मंदिर का दौरा किया। हिंदू समुदाय के लोगों से उनकी मुलाकात उस वक्त हुई है, जब बांग्लादेश में हिंदुओं को निशाना बनाकर हमले किए गये हैं।
8 अगस्त को अंतरिम सरकार के प्रमुख के तौर पर कामकाज संभालने वाले मोहम्मद यूनुस ने हिंदू समुदाय से अपनी सरकार के कार्यों का न्याय करने से पहले "धैर्य रखने" का आग्रह किया। उन्होंने जोर देकर कहा, कि सभी के अधिकार सुनिश्चित किए जाने चाहिए और उन्होंने देश के वर्तमान मुद्दों को संस्थाओं को कमजोर करने को जिम्मेदार ठहराया।

मोहम्मद यूनुस की ढाकेश्वरी मंदिर की यात्रा हाल ही में हिंदू आबादी पर हुए हमलों के बाद हुई है, जिसमें 5 अगस्त को प्रधान मंत्री शेख हसीना के पद से हटने के बाद हिंदुओं के दुकानों और मंदिरों में तोड़फोड़ की गई है। ढाकेश्वरी मंदिर एक महत्वपूर्ण शक्ति पीठ है। द डेली स्टार ने यूनुस के हवाले से कहा है, कि "सभी के लिए अधिकार समान हैं। हम सब एक ही अधिकार वाले एक ही लोग हैं। हमारे बीच कोई भेदभाव न करें।"
पिछले शुक्रवार और शनिवार को ढाका और चटगांव में हजारों अल्पसंख्यक हिंदुओं ने देशव्यापी तोड़फोड़ के बीच सुरक्षा की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन कि था। प्रदर्शनकारियों ने अल्पसंख्यकों को सताने वालों के मुकदमों में तेजी लाने के लिए विशेष न्यायाधिकरणों, अल्पसंख्यकों के लिए 10 प्रतिशत संसदीय सीटों के आवंटन और अल्पसंख्यक संरक्षण कानून की मांग की। शनिवार को मध्य ढाका के शाहबाग में रैली ने तीन घंटे से अधिक समय तक यातायात को ब्लॉक कर दिया।
यूनुस ने हमलों की निंदा की
शनिवार को, मोहम्मद यूनुस ने अल्पसंख्यक समुदायों पर हुए हमलों की निंदा करते हुए उन्हें "घृणित" करार दिया और युवाओं से सभी हिंदू, ईसाई और बौद्ध समुदायों की रक्षा करने का आग्रह किया। दो हिंदू संगठनों, बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद और बांग्लादेश पूजा उत्जपन परिषद के मुताबिक, शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद से 52 जिलों में कम से कम 205 हमले हुए हैं।
हिंदू समुदाय के नेताओं के साथ बैठक
ढाकेश्वरी मंदिर की अपनी यात्रा के दौरान, यूनुस ने बांग्लादेश पूजा उत्जपन परिषद और महानगर सर्वजनिन पूजा समिति के नेताओं के साथ-साथ मंदिर प्रबंधन अधिकारियों और भक्तों के साथ मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा, कि "हमारी लोकतांत्रिक आकांक्षाओं में, हमें मुसलमान, हिंदू या बौद्ध के रूप में नहीं, बल्कि इंसान के रूप में देखा जाना चाहिए। हमारे अधिकार सुनिश्चित किए जाने चाहिए।"
यूनुस के साथ कानून सलाहकार आसिफ नज्रुल और धार्मिक मामलों के सलाहकार एएफएम खालिद हुसैन थे। विभिन्न हिंदू संगठनों के नेता भी मौजूद थे, जिनमें बासुदेव धर, संतोष शर्मा, जयंत कुमार देव, तपस चंद्र पाल, काजोल देबनाथ और मनिंद्र कुमार नाथ शामिल हैं। धर ने बैठक को "सौहार्दपूर्ण" बताया।
अपने ट्रेडमार्क कुर्ता-पजामा पहने हुए, मोहम्मद यूनुस ने मंदिर परिसर के भीतर हिंदू समुदाय के साथ बातचीत की। उन्होंने दोहराया, कि इन मुद्दों के मूल कारणों को दूर करने के लिए संस्थागत व्यवस्थाओं को ठीक करने की आवश्यकता है।












Click it and Unblock the Notifications