Mona Lisa: पेरिस में मोना लिसा की पेंटिंग पर प्रदर्शनकारियों ने फेंका लौकी का सूप, कहा- आर्ट से अधिक...
threw soup at the Mona Lisa: किसानों के नेतृत्व में देश के अन्य हिस्सों में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच फ्रांस की राजधानी पेरिस में प्रदर्शनकारियों ने मोना लिसा कि पेंटिंग पर लौकी का सूप फेंक दिया। हालांकि कांच के कवर से घिरे होने के कारण यह पेंटिंग क्षतिग्रस्त होने से बच गई।
लियोनार्डो दा विंची की 16वीं शताब्दी की ये पेंटिंग दुनिया की सबसे प्रसिद्ध कलाकृतियों में से एक है, और मध्य पेरिस के लौवर में रखी गई है। मोना लिसा की पेंटिंग बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे स्थित है इसलिए इसके क्षतिग्रस्त होने की संभावना नगण्य है।

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक 2 महिला प्रदर्शनकारियों ने हेल्दी भोजन के अधिकार की मांग करते हुए कांच में बंद मोना लिसा की पेंटिंग पर सूप फेंका। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल है, जिसमें "फूड काउंटरटैक" लिखे टी-शर्ट पहने दो महिलाओं को तरल पदार्थ फेंकते हुए दिखाया गया है।
सूप फेंकने के बाद महिला प्रदर्शनकरियों ने पेंटिंग के सामने खड़े होकर कहा, "क्या अधिक महत्वपूर्ण है? कला या पोषक भोजन का अधिकार? वे आगे कहते हैं, "आपकी कृषि प्रणाली खराब है। हमारे किसान काम के दौरान मर रहे हैं।"
इस घटना के बाद वीडियो में कमरे को खाली करने से पहले संग्रहालय के सुरक्षाकर्मियों को उनके सामने काली स्क्रीन लगाते हुए देखा जा सकता है।
ये महिला प्रदर्शनाकारी पर्यावरण समूह रिपोस्ते एलिमेंतेय से जुड़ी हुई हैं। एक बयान में, रिपोस्ते एलिमेंतेय ने कहा कि सूप फेंकना "हेल्दी डाइट की सामाजिक सुरक्षा की मांग के साथ नागरिक प्रतिरोध के अभियान की शुरुआत" है।
पर्यावरण समूह ने कहा कि भोजन का मौजूदा मॉडल "सबसे खतरनाक है और भोजन के हमारे मौलिक अधिकार का सम्मान नहीं करता है"। इस समूह ने प्रत्येक माह नागरिकों को भोजन पर उपयोग करने के लिए €150 यूरो यानी कि लगभग 13,544 मूल्य का एक भोजन कार्ड देने की मांग की।
फ्रांस की संस्कृति मंत्री रचिदा दाती ने कहा कि "कोई भी कारण" मोना लिसा को निशाना बनाए जाने को उचित नहीं ठहरा सकता। उन्होंने एक्स पर कहा, "हमारी विरासत की तरह पेंटिंग भी भविष्य की पीढ़ियों के लिए है।"
लियोनार्डो दा विंची की उत्कृष्ट कृति मोना लिसा लौवर संग्रहालय में लटकी हुई है और यकीनन यह दुनिया की सबसे प्रसिद्ध पेंटिंग है, जो हर साल लाखों आगंतुकों को आकर्षित करती है। इस पेंटिंग को 1950 के दशक में ही एक प्रोटेक्टिव ग्लास के पीछे लगा दिया गया था, जब एक आगंतुक ने उस पर तेजाब डालकर क्षतिग्रस्त कर दिया था।
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक यह पेंटिंग 1911 में चोरी हो गई थी, जिससे इसकी अंतरराष्ट्रीय छवि काफी बढ़ गई। इसे चुराने वाला संग्रहालय का ही एक कर्मचारी विन्सेन्जो पेरुगिया था जिसके चोरी करने के लिए रात भर अलमारी में छिपकर इंतजार किया। चोरी में सफल होने के दो साल बाद उसने इसे इटली में बेचने की कोशिश की थी लेकिन तभी वो पकड़ लिया गया।
2019 में, संग्रहालय ने कहा था कि उसने इस पेंटिंग की सुरक्षा के लिए बुलेटप्रूफ ग्लास लगाया दिया है, जो पहले से अधिक पारदर्शी है। 2022 में, एक कार्यकर्ता ने पेंटिंग पर केक फेंका था और लोगों से "पृथ्वी के बारे में सोचने" का आग्रह किया था। 2009 में, एक महिला ने गुस्से में पेंटिंग पर एक सिरेमिक कप फेंक दिया, जिससे कप टूट गया लेकिन पेंटिंग सुरक्षित बच गई थी।












Click it and Unblock the Notifications