क्या दोस्त इजरायल की वजह से भारत की हरनाज कौर बनी मिस यूनिवर्स? क्यों उठ रहे 'सुंदरता' पर सवाल
पिछले कुछ सालों से भारत और इजरायल के संबंध काफी मजबूत हुए हैं। खासकर पीएम मोदी और इजरायल के पूर्व पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यकाल में दोनों देशों के संबंध और भी ज्यादा प्रगाढ़ हुए हैं।
तेल अवीव, दिसंबर 14: इजरायल के एलात शहर में आयोजिक 70वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में 21 सालों बाद भारतीय सुंदरी के सिर पर जीत का सेहरा बंधा है। जिसके बाद पूरे देशभर में खुशी की लहर है और भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर बॉलीवुड और कई बड़ी हस्तियों ने हरनाज कौर संधू को बधाई दी है। लेकिन, भारतीय सुंदरी को मिली जीत कुछ लोगों को पच नहीं पा रही है और इस जीत के पीछे इजरायली कनेक्शन खंगाल रहे हैं।

इजरायल से सबसे ज्यादा बधाई
भारत की हरनाज कौर के ब्रह्मांड सुंदरी बनने का जब ऐलान हुआ, तो दुनियाभर से बधाई संदेश मिलने का सिलसिला शुरू हो गया। लेकिन, सबसे ज्यादा बधाई संदेश हरनाज को इजरायल से मिल रहे हैं। हालांकि, इसके पीछे सामान्य तर्क ये है कि, चूंकी इस साल का मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता इजरायल में आयोजित किया गया था, लिहाजा सबसे ज्यादा इजरायल से बधाई संदेश मिल रहे हैं, लेकिन कुछ लोग इसके पीछे भारत और इजरायल की मजबूत दोस्ती का कनेक्शन बना रहे हैं।

इजरायल दूतावास का ट्वीट
भारत के सबसे अजीज दोस्तों में शुमार इजरायल ने भी हरनाज कौर को ट्वीट करते बधाई दी है। लेकिन, इजरायल की तरफ से जो बधाई संदेश जारी किया गया है, वो जमकर वायरल हो रहा है। इजरायल की तरफ से बधाई संदेश देते हुए कहा है कि, मिस यूनिवर्स का खिताब भारत को मिलने पर जितना गर्व उसे हो रहा है, उतना गर्व किसी और के जीतने पर नहीं मिलता। इजरायल की तरफ से जिस अंजाज में हरनाज कौर को बधाई दी गई है, उसने भारतीय लोगों का दिल जीत लिया है।

हिंदी में हरनाज कौर को बधाई
बधाई संदेश में इजरायल की तरफ से हिंदी में 'बधाई हो' लिखा गया है। इजरायली दूतावास ने लिखा है, ''बधाई हो! मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने के लिए शुभकामनाएं हरनाज कौर। हम इससे ज्यादा गर्व महसूस नहीं कर सकते हैं, कि भारत ने इस ताज को इजरायल में जीता है''। इजरायली दूतावास द्वारा दिए गये इस बधाई संदेश पर भारत के लोग प्रतिक्रिया देकर भारत-इजरायल दोस्ती की तारीफ कर रहे हैं। भारत के लोग कह रहे हैं, कि वो इजरायल को बहुत प्यार करते हैं और चाहते हैं कि, भारत और इजरायल की दोस्ती इसी तहह से बनी रहे।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?
भारतीय सुंदरी के मिस यूनिवर्स बनने के पीछे इजरायली कनेक्शन को लेकर उठते सवालों पर नीदरलैंड स्थिति लीडेन विश्वविद्यालय में भारत-इजरायल संबंधों के एक्सपर्ट और एसोसिएट प्रोफेसर निकोलस ब्लारेल ने ट्वीट करते हुए इस कनेक्शन को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि, मिस यूनिवर्स में इजरायल कनेक्शन को लेकर काफी सवाल किए जा रहे हैं, जो सिर्फ अफवाह है। उन्होंने कहा कि, इस जीत का भारत और इजरायल के बीच बेहतर रणनीतिक संबंधों का कोई लेना-देना नहीं है।
मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता पर सवाल क्यों?
ब्लारेल ने बकायदा ट्वीट करते हुए सवाल उठाने वालों की मानसिकता पर सवाल उठाया है और कहा है कि, ''मैंने कभी नहीं सोचा था कि लोग मुझसे मिस यूनिवर्स 2021 को लेकर कोई सवाल करेंगे। मैं ऐसे लोगों को बता देना चाहता हूं कि मुझे नहीं लगता है कि, भारत और इजरायल के बीच बेहतरीन रणनीतिक संबंधों का भारतीय सुंदरी का मिस यूनिवर्स बनने के पीछे कोई कनेक्शन है। ये सिर्फ एक संयोग हो सकता है। आपको बता दें कि, कुछ लोग उस ट्वीट का भी जिक्र कर रहे हैं, जिसे भारत स्थिति इजरायली दूतावास की तरफ से 16 नवंबर को जारी किया गया था, जिसमें भारत स्थिति इजरायली दूतावास के एक कार्यक्रम में हरजीत कौर भाग लेने गईं थीं। जिसमें इजरायल के राजदूत भी मौजूद थे। इजरायली दूतावास ने हरनाज कौर के कार्यक्रम में मौजूद होने की तस्वीरें ट्वीट की थीं, जिसे हरनाज ने रिट्वीट भी किया था।

हरनाज को इजरायल से बधाईयां
आपको बता दें कि, इजरायल के सिर्फ आम लोगों ने ही नहीं, बल्कि कई बड़ी शख्सियतों ने भी हरनाज कौर संधू के मिस यूनिवर्स बनने पर बधाईयां दी हैं। नई दिल्ली स्थिति इजरायली दूतावास ने तो बधाई दी ही है, इसके अलावा इजरायल के येरूसलम के मेयर फ्लेउर हसन नाहौम ने हरनाज कौर संधू को ट्वीटर पर टैग करते हुए बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि, ''मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने के लिए मिस इंडिया हरनाज कौन को बहुत बधाई।' उन्होने लिखा है कि, 'तन और मन से एक खूबसूरत महिला'। इसके साथ ही उन्होंने ट्वीटर पर हरनाज और अपनी एक तस्वीर भी शेयर की है, जिसमें दोनों मुस्कुरा रहे हैं।

इजरायल से मिलती है खूब बधाईयां
आपको बता दें कि, सवाल उठाने वालों ने शायद इस बात को महसूस नहीं किया है कि, भारत के हर सुख और दुख में इजरायल की तरफ से ढेरों ट्वीट किए जाते हैं। पिछले दिनों जब भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत की हेलीकॉप्टर हादसे में दुखद मृत्यु हुई थी, उस वक्त भी इजरायल के प्रधानमंत्री नेफ्ताली बेनेट, पूर्व प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, विदेश मंत्री, रक्षा मंत्री, इजरायली सेना की तरफ से शोक प्रकट किया गया था। इसके अलावा चाहे होली हो या दिवाली, इजरायल के कई बड़े नेता भारत और भारतीय लोगों के लिए ट्वीट करते हैं और बधाई देते हैं। लिहाजा, इजरायल में हुए कार्यक्रम में भारतीय सुंदरी के जीतने पर इजरायल-भारत की दोस्ती का कनेक्शन खोजना सरासर गलत है, क्योंकि इसकी सबसे बड़ी वजह, इसकी जोड़ी में विश्व के अलग अलग हिस्सों से एक्सपर्ट्स का होना होता है।

भारत-इजरायल संबंध
पिछले कई सालों से भारत और इजरायल काफी करीबी दोस्त बन चुके हैं। खासकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में भारत और इजरायल के संबंध काफी प्रगाढ़ हुए हैं। पूर्व इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और पीएम मोदी की दोस्ती दुनियाभर में मशहूर है। वहीं, इजरायल के मौजूदा प्रधानमंत्री नेफ्ताली बेनेट ने भी भारत के साथ दोस्ती को नये सिरे से बढ़ाया है और वो अगले साल भारत की यात्रा पर आने वाले हैं। पिछले दिनों ग्लासको में सीओपी26 सम्मेलन के दौरान जब इजरायली पीएम नेफ्ताली बेनेट की भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात हुई थी, तो उन्होंने पीएम मोदी से कहा था, ''आप इजरायल में काफी ज्यादा लोकप्रिय हैं।'' नेफ्ताली बेनेट ने पीएम मोदी से कहा था, ''अगर आप इजरायल में चुनाव लड़ते हैं, तो आपको जीतने से कोई नहीं रोक सकता''।












Click it and Unblock the Notifications