Bangladesh: खालिदा जिया की पार्टी के नेता का सनसनीखेज बयान, हिंदुओं के खिलाफ हिंसा के पीछे गहरी साजिश
Bangladesh News: बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने कहा है, कि बड़े पैमाने पर विद्रोह के जरिए शेख हसीना को हटाए जाने के बाद, देश के खिलाफ गहरी साजिश रची जा रही है।
बांग्लादेश में शेख हसीना के पद छोड़ने और देश से निकलने के बाद इस्लामिक चरमपंथियों की भीड़ ने हिंदू परिवारों को निशाना बनाना शुरू कर दिया और कुल 52 जिलों में 200 से ज्यादा हिंसक घटनाएं हुई हैं।

बीएनपी के नेता मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने मंगलवार को निलफामारी के सैदपुर में कहा, "षड्यंत्रकारी देश को अस्थिर करने के लिए हिंदू समुदाय के सदस्यों पर योजनाबद्ध हमले कर रहे हैं। अब, बीएनपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिंदुओं के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद लेनी चाहिए।"
फखरुल इस्लाम, हवाई मार्ग से निलफामारी पहुंचे थे और फिर वो ठाकुरगांव गये। जहां उन्होंने शहर के शहीद सरानी में एक छोटा सा भाषण दिया, जबकि सैकड़ों मोटरसाइकिलों पर सवार बीएनपी के लोग रास्ते में उनके साथ थे। मिर्जा फखरुल ने लोगों से शांति बनाए रखने और हिंसा और प्रतिशोध से बचने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, कि "बीमार होने के बावजूद मैडम (खालिदा जिया) ने प्रतिशोध और बदला न लेने का निर्देश दिया। हम बांग्लादेश में भाईचारे और शांति का जश्न मनाएंगे। हम ऐसी स्थिति पैदा करने से बचेंगे जिससे कोई और जीत को लूट सके।"
इस मौके पर पार्टी की निलफामारी जिला इकाई के बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा
बांग्लादेश में हाल ही में राजनीतिक अशांति देखी गई है, और प्रधानमंत्री शेख हसीना के पद से हटने के बाद व्यापक हिंसा देखी गई है। जिसने भारत-बांग्लादेश सीमा पर और घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
इससे पहले बीएनपी नेता आलमगीर ने स्थिति को भयावह बताया था और कहा था, कि अशांति का कारण शेख हसीना का वर्षों का सत्तावादी शासन है।
आलमगीर ने कहा, कि "छात्रों और आम जनता के नेतृत्व में शेख हसीना के एकदलीय शासन के खिलाफ़ क्रांति हुई थी, जिसे हम फासीवादी कहते हैं। इस तरह के बड़े उथल-पुथल के बाद स्थिति अशांत होना तय था, जिससे कानून और व्यवस्था अस्थायी रूप से बाधित हुई।"
आपको बता दें, कि आज बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने हिंदू समुदाय के नेताओं से मुलाकात की है और हर तरह की हिंसा को घृणित बताया है। उन्होंने लोगों से धैर्य और नई सरकार में विश्वास रखने की अपील की है।












Click it and Unblock the Notifications