कई रूसी युद्धपोत यूक्रेन के ओडेसा शहर की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं, अमेरिका ने बताया क्या है तैयारी ?
वॉशिंगटन, 3 मार्च: रूस ने यूक्रेन के खेरसोन शहर पर कब्जा कर लिया है। इस बात की पुष्टि अब यूक्रेन ने भी कर दी है, जिसे कल तक खारिज किया जा रहा था। इस बीच अमेरिका ने चेतावनी दी है कि रूस अब उसके तीसरे सबसे बड़े शहर ओडेसा पर समुद्र के रास्ते बड़ा हमला करने वाला है। इसके लिए रूस ने अपने जंगी जहाज काला सागर के रास्ते क्रीमिया से रवाना भी कर चुका है और यह रूसी हमला गुरुवार को ही होने की आशंका है। गौरतलब है कि इस तरह की मीडिया रिपोर्ट पहले से ही आ रही थी कि रूस की सेना दूसरे देश के किसी सिविलियन जहाज को मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल करके यूक्रेन पर आक्रमण करने की तैयारियों में जुटी हुई है।

कई रूसी युद्धपोत यूक्रेन के ओडेसा शहर की ओर बढ़े-रिपोर्ट
यूक्रेन पर हमले को तेज करने के लिए रूस के कई जंगी जहाज क्रीमिया से यूक्रेन के तीसरे सबसे बड़े शहर ओडेसा की ओर तेजी से बढ़ चले हैं। एक अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक बहुत जल्द रूस यूक्रेन पर समुद्र के रास्ते घातक हमला कर सकता है। यह जानकारी गुरुवार सुबह ही अमेरिकी अधिकारी के हवाले से दी गई है। चेतावनी में कहा गया है कि यह हमला आज ही (3 मार्च) को ही यूक्रेन के तटीय शहर पर हो सकता है। यह खबर तब सामने आ रही है जब यूक्रेन के अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि रूस ने उसके खेरसोन शहर पर तड़के ही कब्जा कर लिया है।

खेरसोन के बाद ओडेसा है रूस का टारगेट!
इंटरनेशनल मीडिया ने यूक्रेन पर रूसी हमले के आठवें दिन रूसी अधिकारियों के हवाले से बताया है कि रूसी युद्धपोत क्रीमिया से यूक्रेन की ओर बढ़ चले हैं। लग रहा है कि खेरसोन पर नियंत्रण कर लेने के बाद रूसी सेना काला सागर के पास स्थित बंदरगाह शहर ओडेसा पर कब्जा करने की योजना बना चुकी है। गौरतलब है कि खेरसोन को रूसी सेना के नियंत्रण में जाने की खबरों का बुधवार को यूक्रेन के अधिकारियों ने खंडन किया है।

पहले से ही आ रही थी रूसी सेना के इरादों की खबर
इससे पहले भी मीडिया रिपोर्ट थी कि रूसी जंगी जहाज को काला सागर के ऑपरेशनल एरिया में तैनात कर दिया गया है, जिसमें ओडेसा के क्षेत्र भी शामिल हैं। यह रिपोर्ट यूक्रेन की सशस्त्र सेना के हवाले से ही आई थी। इसकी ओर से कहा गया था कि ओडेसा के क्षेत्र और खाड़ी में आक्रमणकारी नेवल लैंडिंग ऑपरेशन की तैयारी कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इन जहाजों को समुद्र में दूर खड़ा किया गया है, ताकि भविष्य में काला सागर के तटों पर सैनिकों को पहुंचाया जा सके। दी स्टेटमेंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक रूसी सेना ने एक सिविलियन जहाज की भी मांग की थी, जिसपर पनामा का झंडा लगा हो, जो काला सागर के डेंजर जोन में घुसेगा। इस जहाज को यूक्रेन की सेना और रूसी सेना के बीच में मानव ढाल की तरह इस्तेमाल करने की खबरें थीं।
पेंटागन के अधिकारी ने की खबर की पुष्टि
फॉक्स न्यूज के लिए पेंटागन को कवर करने वाले पत्रकार ल्यूकस टॉमलिंसन ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से लिखा है, 'कई रूसी युद्धपोत क्रीमिया छोड़ चुके हैं और ओडेसा जा रहे हैं। यूक्रेन के तीसरे सबसे बड़े शहर पर गुरुवार को एक ऐम्फिबीअस हमला हो सकता है: अमेरिकी अधिकारी'। (तस्वीरें- फाइल)












Click it and Unblock the Notifications