बिना वजह बताए अकाउंट बंद करना फेसबुक को पड़ा महंगा, कोर्ट ने यूजर को 41 लाख रुपए देने का दिया आदेश
अमेरिका के जॉर्जिया में फेसबुक को एक यूजर का अकाउंट बंद करना भारी पड़ गया है। रिपोर्ट के अनुसार बिना किसी वजह युवक का फेसबुक अकाउंट बंद करने की वजह से फेसबुक को युवक को 50 हजार डॉलर, यानि तकरीबन 41 लाख रुपए का जुर्माना देना पड़ा है।
दरअसल अमेरिका के जॉर्जिया में रहने वाले जेसन क्रॉफोर्ड के फेसबुक अकाउंट को बंद कर दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने कोर्ट में फेसबुक को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अकाउंट को बिना किसी सही वजह के बंदकिया गया है और फेसबुक इस मसले को सुनने को तैयार नहीं है।

जेसन ने कहा कि जब रविवार को मैं उठा तो मैंने अपना फेसबुक खोला, मैंने देखा कि मेरा अकाउंट लॉक है। फेसबुक ने बताया कि मुझे बैन कर दिया गया है। फेसबुक की ओर से कहा गया है कि मैंने फेसबुक के स्टैंडर्ड का उल्लंघन किया है और इसके बाद फेसबुक ने कोई जवाब नहीं दिया।
जेसन ने दावा किया है कि किसी भी तरह के नियम का उल्लंघन नहीं किया गया था। यहां तक कि फेसबुक की ओर से स्पष्ट तौर पर यह नहीं बताया गया कि आखिर मेरी किस पोस्ट की वजह से उ्नहें ऐसा लगा कि मैंने फेसबुक के नियमों का उल्लंघन किया।
इस मसले का हल निकालने के लिए जेसन ने फेसबुक की पैरेंट कंपनी मेटा को कई बार संपर्क किया। लेकिन किसी मैसेज का जवाब नहीं दिया गया। इससे पहले जेसन को पॉलिटिकल कमेंट की वजह से नोटिस मिला था, लेकिन इस बार फेसबुक ने उनके प्रोफाइल को पूरी तरह से बंद कर दिया।
फेसबुक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए जेसन ने कंपनी पर दावा ठोक दिया। फेसबुक की टीम जब इसका जवाब नहीं दे सकी तो जज ने मेटा को आदेश दिया कि वह 50 हजार डॉलर का भुगतान जेसन को करे।
कोर्ट के आदेश के बाद फेसबुक ने जेसन के अकाउंट को फिर से बहाल किया। हालांकि जेसन की लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है, फेसबुक जज के आदेश का पालन नहीं कर रहा है और अभी तक जेसन को एक भी डॉलर का भुगतान नहीं किया है।












Click it and Unblock the Notifications