LA Burning: लॉस एंजिल्स में गृह युद्ध जैसे हालात, ट्रंप ने उतारे मरीन कमांडो और नेशनल गार्ड्स, बेकाबू हुई भीड़
LA Burning: अमेरिका के लॉस एंजिलिस में सरकारी इमिग्रेशन पॉलिसी के खिलाफ पिछले चार दिनों से हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। इन प्रदर्शनों में अब तक दो लोगों की जान जा चुकी है। यह हिंसा अवैध अप्रवासियों को बाहर निकालने के फैसले के विरोध में हो रही है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ट्रम्प प्रशासन ने नेशनल गार्ड्स और मरीन कमांडो को तैनात करने का निर्णय लिया है।
उतारने पड़े नेशनल गार्ड्स और मरीन कमांडो
प्रदर्शन को काबू में करने के लिए ट्रम्प प्रशासन ने 2000 नेशनल गार्ड्स और तैनात करने का फैसला किया है, जिससे इनकी कुल संख्या 4000 हो जाएगी। इसके अतिरिक्त, 700 मरीन कमांडो भी तैनात किए जाएंगे। ये मरीन जवान दक्षिण कैलिफोर्निया के ट्वेंटी नाइन पाम्स बेस से आ रहे हैं और नेशनल गार्ड के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, यह तैनाती अगले कुछ घंटों में हो सकती है।

नियमों को ताक पर रखकर काम कर रहे ट्रंप?
राष्ट्रपति ट्रम्प ने लॉस एंजिलिस में फैली हिंसा और तोड़फोड़ के बाद वहां तैनात किए गए नेशनल गार्ड के जवानों की सराहना की है। आमतौर पर ये जवान राज्य के गवर्नरों के आदेश पर बुलाए जाते हैं, लेकिन इस बार ट्रम्प ने बिना गवर्नर से पूछे खुद उनकी तैनाती की है। जिसे अमेरिकी लोकतांत्रिक परम्परा के खिलाफ बताया जा रहा है। अमेरिकी मरीन सैनिक विशेष बल होते हैं, जो पानी, जमीन और हवा में लड़ने के लिए प्रशिक्षित होते हैं। उन्हें सबसे कठिन मिशनों में सबसे पहले भेजा जाता है।
कैलिफोर्निया के गवर्नर पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इस दौरान एक विवादित बयान भी दिया, ट्रंप ने कहा कि कार्रवाई का विरोध कर रहे कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूजॉम एक बढ़िया कदम होगा। गेविन न्यूजॉम लॉस एंजिलिस में नेशनल गार्ड्स की तैनाती का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि इसके खिलाफ राज्य सरकार ट्रम्प पर मुकदमा करेगी। इस पर ट्रम्प ने कहा, "न्यूजॉम ने बहुत खराब काम किया है। उनका सबसे बड़ा जुर्म है कि वो फिर से गवर्नर बनना चाहते हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि वे न्यूजॉम को पसंद करते हैं, लेकिन वे कामकाज में कमजोर लगते हैं। ट्रम्प के सहयोगी और बॉर्डर अधिकारी टॉम होमन ने पहले कहा था कि यदि कोई सरकारी अधिकारी संघीय कानून में बाधा डालता है तो उसे गिरफ्तार किया जा सकता है। हालांकि, बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि न्यूजॉम की गिरफ्तारी की कोई योजना नहीं है, लेकिन "कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।"
खुलेआम जलाए गए अमेरिकी झंडे
रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान उपद्रवियों ने कई गाड़ियों को जला दिया और अमेरिकी झंडे पर थूकते हुए भी देखे गए। राष्ट्रपति ट्रम्प ने प्रदर्शन के दौरान मास्क पहनने वालों को तुरंत गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। उनका मानना है कि प्रदर्शनकारी मास्क पहनकर सड़कों पर इसलिए उतर रहे हैं ताकि वे सुरक्षा कैमरों से बच सकें। ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा कि लॉस एंजिल्स शहर पर अवैध अप्रवासियों का कब्जा है और इसे जल्द ही आज़ाद कराया जाएगा।
कहां से शुरू हुए प्रदर्शन?
लॉस एंजिलिस में 6-7 जून को सरकार ने अवैध अप्रवासियों के खिलाफ एक अभियान चलाया था, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन हो रहा है। यह छापेमारी राष्ट्रपति ट्रम्प की डिपोर्टेशन पॉलिसी का हिस्सा है। रविवार सुबह प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर और पटाखे चलाए। उन्होंने सुरक्षा बलों और इमिग्रेशन एंड कस्टम्स इन्फोर्समेंट (ICE) पर आंसू गैस और पेट्रोल बम भी फेंके। कई सरकारी इमारतों और गाड़ियों पर स्प्रे-पेंट से नारे लिखे गए, एक स्ट्रिप मॉल में आग लगा दी गई और कई दुकानों में तोड़फोड़ की गई। प्रदर्शनकारियों ने मेक्सिको का झंडा लेकर 'ICE लॉस एंजिलिस से बाहर जाओ' जैसे नारे भी लगाए, जिसके बाद 100 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया।
क्या है ट्रंप का मकसद?
ट्रम्प की डिपोर्टेशन पॉलिसी के तहत ICE को हर दिन बिना दस्तावेज वाले 3000 अप्रवासियों को गिरफ्तार और डिपोर्ट करने का लक्ष्य दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, हर दिन करीब 1600 अवैध अप्रवासियों को पकड़ा जा रहा है। होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने दावा किया कि एक हजार प्रदर्शनकारियों ने एक फेडरल ऑफिस को घेरकर ICE अधिकारियों पर हमला किया।
'अमेरिका-मेक्सिको सीमा होगी बंद'
ICE, होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट (DHS), FBI और ड्रग इन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) के एजेंट्स ने सैन्य शैली में छापेमारी की। एजेंट्स ने भारी हथियारों और सिक्योरिटी गियर जैसे गैस मास्क पहने थे। उन्होंने फ्लैश-बैंग ग्रेनेड, आंसू गैस और पेपर स्प्रे का इस्तेमाल किया। वेस्टलेक डिस्ट्रिक्ट में दो होम डिपो स्टोर, फैशन डिस्ट्रिक्ट में अंबियांस अपैरल, साउथ लॉस एंजिलिस में एक वेयरहाउस और एक डोनट शॉप पर छापेमारी की गई। राष्ट्रपति ट्रम्प ने अवैध प्रवासियों को रिकॉर्ड संख्या में निर्वासित करने और अमेरिका-मेक्सिको सीमा बंद करने का वादा किया है। व्हाइट हाउस के डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर ने प्रदर्शनों को कानून और देश की संप्रभुता के खिलाफ विद्रोह करार दिया।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कॉमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications