भगवद गीता में है विश्वास, बेंगलुरु में है ससुराल, जानिए ब्रिटेन के नए पीएम ऋषि सुनक के परिवार के बारे में
भगवद गीता में है विश्वास, बेंगलुरु में है ससुराल, जानिए ब्रिटेन के नए पीएम ऋषि सुनक के परिवार के बारे में
New UK PM Rishi Sunak: ऋषि सुनक ने ब्रिटेन के पहले भारतीय मूल के प्रधानमंत्री बनकर इतिहास रच दिया है। 42 वर्षीय ऋषि सुनक इस पद को संभालने वाले सबसे कम उम्र के और भारतीय मूल के पहले व्यक्ति हैं। ऋषि सुनक के खिलाफ खड़े हुए बोरिस जॉनसन और पेनी मोर्डेंट चुनाव में खड़े होने के लिए आवश्यक 100 सांसदों का समर्थन नहीं जुटा सके। ऋषि सुनक ने 357 सांसदों में से आधे से अधिक का सार्वजनिक समर्थन हासिल किया था। ऋषि सुनक यूके के पीएम निर्विरोध चुने गए हैं। प्रधानमंत्री नामित होने के बाद ऋषि सुनक ने अपने पहले संबोधन में कहा, ''यह मेरे जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है। मैं विकास के लिए रात-दिन काम करूंगा।'' ऋषि सुनक के बारे में जानिए ये खास बातें

भगवद गीता को लेकर ऋषि सुनक ने ली थी शपथ
ऋषि सुनक ने ब्रिटेन संसद में भगवद गीता को लेकर सांसद के रूप में शपथ ली। ऐसा करने वाले वह ब्रिटेन के पहले सांसद थे। ऋषि सुनक पहली बार साल 2015 में रिचमंड, यॉर्कशायर से सांसद बने थे। उसके बाद से ऋषि सुनक लगातार वहां के सांसद हैं।
ऋषि सुनक के माता-पिता दोनों भारतीय मूल के हैं। ऋषि सुनक के पिता पिता 1960 के दशक में पूर्वी अफ्रीका से यूके चले गए। ऋषि सुनक के पिता यशवीर सुनक नेशनल हेल्थ सर्विस में डॉक्टर थे। वहीं ऋषि सुनक की मां एक केमिस्ट की दुकान चलाती थीं।

ब्रिटिश-भारतीय फैशन डिजाइनर से ऋषि सुनक ने की है शादी
ऋषि सुनक ने इंफोसिस प्रमुख नारायण मूर्ति की बेटी अक्षता मूर्ति से शादी की है। अक्षता मूर्ति ब्रिटिश-भारतीय फैशन डिजाइनर हैं। ऋषि सुनक की दो बेटी हैं, कृष्णा और अनुष्का।
ऋषि सुनक अपनी पत्नी और दोनों बेटियों के साथ अक्सर ससुराल वालों से मिलने बेंगलुरु जाते रहते हैं। बेंगलुरु में ही अक्षता मूर्ति का परिवार रहता है।

2020 में ट्रेजरी प्रमुख बन चर्चा में आए ऋषि सुनक
अधिकांश भारतीय परिवारों की तरह, ऋषि सुनक के पालन-पोषण में भी शिक्षा सबसे प्रमुख पहलू था। ऋषि सुनक स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से स्नातक और पूर्व निवेश बैंकर हैं। ऋषि सुनक उस समय सुर्खियों में आए थे, जब वह 2020 में ट्रेजरी प्रमुख बने। ऋषि सुनक को कोरोना महामारी के कारण रिकॉर्ड पर सबसे खराब आर्थिक मंदी के बाद अर्थव्यवस्था को चलाने के लिए काम करने का काम सौंपा गया था। उन्होंने व्यवसायों और श्रमिकों की मदद के लिए आपातकालीन खर्च में अरबों पाउंड खर्च किए। ऋषि सुनक की नीतियों को आम तौर पर सकारात्मकता के साथ देखा गया।

भगवद गीता में ऋषि सुनक को है विश्वास
ऋषि सुनक को भगवद गीता में विश्वास है। ऋषि ने अपने एक बयान में कहा था कि तनावपूर्ण स्थितियों के दौरान अक्सर वह भगवद गीता पढ़ते हैं, जिससे उनको हिम्मत मिलती है। ऋषि सुनक कहते हैं कि भगवद गीता उन्हें तनावपूर्ण स्थितियों के दौरान बचाती है और उन्हें कर्म करने के लिए प्रेरित करती है।
बोरिस जॉनसन के नेतृत्व में राजकोष के चांसलर के रूप में, ऋषि सुनक ने डाउनिंग स्ट्रीट पर अपने आवास पर दिवाली के दीये जलाए थे। ऋषि सुक अक्सर अपनी विरासत के बारे में बात करते हैं और कैसे उनके परिवार ने उन्हें अक्सर मूल्यों और संस्कृति के बारे में याद दिलाया है, इसका भी जिक्र करते हैं।

ऋषि सुनक की कितनी है कुल संपत्ति
रिपोर्ट के मुताबिक ऋषि सुनक की कुल संपत्ति 700 मिलियन पाउंड से ज्यादा है। यॉर्कशायर में ऋषि सुनक के पास एक शानदार विला है। ऋषि और उनकी पत्नी अक्षता के पास सेंटर लंदन के केंसिंग्टन में एक संपत्ति है।
हर भारतीय की तरह ऋषि सुनक को भी क्रिकेट पसंद है। वह फिट रहने के लिए क्रिकेट खेलते हैं।












Click it and Unblock the Notifications