अमेरिका के केंटुकी में भीषण विमान हादसा: उड़ान भरते ही प्लेन फटा, 4 की मौत, 11 घायल
Kentucky Plane Crash: अमेरिका के केंटुकी में एक दर्दनाक विमान हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। यूपीएस (UPS) का एक कार्गो विमान उड़ान भरते ही लुईविले इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद विमान में जोरदार धमाका हुआ और आग की भीषण लपटें आसमान तक उठने लगीं। अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
विमान में लगभग 38 हजार गैलन ईंधन भरा हुआ था, जो धमाके के बाद आग का गोला बन गया। आग इतनी तेज थी कि आसपास के कई कारोबारी प्रतिष्ठान और गोदाम इसकी चपेट में आ गए। कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा और इलाके में धुएं का बड़ा गुबार फैल गया।

विमान में सवार थे तीन क्रू मेंबर
यूपीएस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि विमान में चालक दल के तीन सदस्य सवार थे। अभी तक उनकी स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। केंटुकी के गवर्नर एंडी बेशियर ने कहा कि यह हादसा बेहद भीषण था और "जिन लोगों ने मलबे की तस्वीरें देखी हैं, वे समझ सकते हैं कि झटका कितना बड़ा था।" प्रशासन ने प्रभावित परिवारों से संपर्क साधने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
लुईविले एयरपोर्ट पर रद्द हुई उड़ानें
विमान हादसे के बाद लुईविले इंटरनेशनल एयरपोर्ट को तुरंत बंद कर दिया गया। कुछ घंटों बाद एक रनवे दोबारा खोला गया, लेकिन सभी उड़ानें फिलहाल रद्द कर दी गई हैं। एयरपोर्ट के जनसंपर्क अधिकारी जोनाथन बेविन ने बताया कि राहत कार्य जारी है।
अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। एनटीएसबी ने बताया कि एक विशेष जांच टीम ('गो-टीम') केंटुकी भेजा गया है, जो हादसे के तकनीकी कारणों की जांच करेगी।
विमान हादसे के बाद अब तक क्या-क्या पता चला है?
- UPS का MD-11 कार्गो प्लेन टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
- आसपास के बिजनेस एरिया में आग फैल गई, कई इमारतें जलकर खाक हो गईं।
- चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, 11 घायल अस्पताल में भर्ती हैं।
- हादसे की वजह का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन प्रारंभिक जांच में इंजन फेलियर की आशंका जताई जा रही है।
- स्थानीय प्रशासन ने लोगों से इलाके में न जाने और घरों के भीतर रहने की अपील की है, क्योंकि हवा में ईंधन के जलने से जहरीला धुआं फैल गया है। हादसे ने UPS के साथ-साथ केंटुकी राज्य को भी गहरे सदमे में डाल दिया है।












Click it and Unblock the Notifications