जो बाइडेन-13 साल पहले बराक ओबामा की वजह से टूट गया था अमेरिका का राष्ट्रपति बनने का सपना
वॉशिंगटन। डेमोक्रेट जो बाइडेन अब अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति हैं। नवंबर 2020 बाइडेन के लिए बहुत ही खास बन गया है। 13 साल बाद उनका वह सपना पूरा हुआ है जो ओबामा की वजह से टूट गया था। यह बात सही है कि ओबामा अब उनके बेस्ट फ्रेंड हैं लेकिन यह बात भी उतनी ही सच है कि एक समय ऐसा था जब वह अपने बॉस को बिल्कुल पसंद नहीं करते थे। साल 2007 में भी बाइडेन ने राष्ट्रपति की उम्मीदवारी हासिल करने की कोशिश की थी लेकिन ओबामा की वजह से वह उम्मीदवारी की रेस से बाहर हो गए थे।

Recommended Video
जनवरी 2007 में उम्मीदवारी का ऐलान
विलमिंग्टन के डेलावेयर से सीनेटर रहे बाइडेन ने सात जनवरी 2007 को पहली बार राष्ट्रपति की उम्मीदवारी का ऐलान किया था। साल 2008 में चुनाव होने वाले थे और 31 जनवरी 2007 को वह आधिकारिक तौर पर उम्मीदवार बन गए। अगर बाइडेन साल 2008 में चुनाव जीत जाते तो फिर वह बिल क्लिंटन के बाद पहले ऐसे सीनेटर और रोमन कैथोलिक बनते जो राष्ट्रपति के पद तक पहुंचता। इससे पहले जॉन एफ कैनेडी के नाम पर यह रिकॉर्ड था। इसके साथ ही चुनाव जीतने पर वह बिल क्लिंटन के बाद दूसरे ऐसे राष्ट्रपति बन जाते जिसका जन्म द्वितीय विश्व युद्ध के बाद हुआ। लेकिन बाइडेन का सपना बराक ओबामा की वजह से टूट गया। हालांकि सन् 1988 में भी बाइडेन ने राष्ट्रपति के चुनावों के लिए किस्मत आजमाने की कोशिश की थी लेकिन करीब साढ़े तीन माह बाद उनका कैंपेन खत्म हो गया। कई तरह के विवादों की वजह से बाइडेन को असफलता हाथी लगी थी।
ओबामा पर की थी विवादित टिप्पणी
इस पूरे चुनाव में बराक ओबामा ने बाइडेन के लिए जमकर प्रचार किया। आज अगर बाइडेन चुने गए हैं तो कहीं न कहीं ओबामा की कैंपेनिंग इसकी एक बड़ी वजह है। लेकिन मार्च 2004 में एक समय ऐसा भी आया था जब ओबामा की वजह से बाइडेन असुरक्षित महसूस करने लगे थे। उस वर्ष ओबामा ने एक कार्यक्रम में जो स्पीच दी उसके बाद वह हर घर में मशहूर हो गए। उनकी उस स्पीच को आज तक मील का पत्थर माना जाता है। सिर्फ इतना ही नहीं बाइडेन ने साल 2007 में ओबामा पर एक ऐसी टिप्पणी की थी जिस पर जमकर विवाद हुआ। उस समय ओबामा इलिनियॉस के सीनेटर थे। बाइडेन ने एक रेडियो शो में कहा था, 'मुख्यधारा के पहले अफ्रीकी-अमेरिकी जो कि बहुत सधे हुए हैं और चतुर हैं जो साफ और सुंदर दिखने वाले एक लड़के हैं।' जो बाइडेन की इस टिप्पणी को एक रंगभेदी टिप्पणी माना गया। इसकी वजह से उनके कैंपेन को काफी नुकसान उठाना पड़ा था।
फिर दिखा ओबामा और बाइडेन का Bromance
जब नवंबर 2008 में ओबामा अमेरिका के पहले अश्वेत राष्ट्रपति चुने गए तो बाइडेन उनके उप-राष्ट्रपति बने। दोनों ने 20 जनवरी 2009 को शपथ ली। इसके बाद उनकी दोस्ती गहराती गई और जब ओबामा ने साल 2016 में फेयरवेल स्पीच दी तो उन्होंने कहा कि वह बाइडेन को हमेशा याद रखेंगे। 8 साल के कार्यकाल में दोनों की दोस्ती इतनी गहरी हुई कि कभी ओबामा प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था व्हाइट हाउस से जाने के बाद वह बाइडेन को शोल्डर मसाज बहुत मिस करेंगे। ओबामा और बाइडेन की केमेस्ट्री को अमेरिकी मीडिया में 'ब्रोमांस' नाम दिया गया था। अब जो बाइडेन राष्ट्रपति हैं और कहीं न कहीं ओबामा की वजह से जो सपना 13 साल पहले टूट गया था, वह अब सच हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications