Jimmy Carter Death: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति का हरियाणा के इस गांव से है बेहद खास रिश्ता, निधन पर शोक
Jimmy Carter India Connection: अमेरिका के 39वें राष्ट्रपति और देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक जीवित रहने वाले पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर का रविवार को जॉर्जिया में 100 वर्ष की आयु में निधन हो गया। जिमी कार्टर का भारत से एक खास किस्म का रिश्ता था और ये रिश्ता कितना अलग था, इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं, कि हरियाणा में उनके नाम पर एक गांव का नाम रखा गया, 'कार्टरपुरी'।
जनवरी 1978 में कार्टर, तत्कालीन प्रथम महिला रोजलिन कार्टर के साथ भारत आए थे। अपनी यात्रा के दौरान, वे नई दिल्ली के पास एक गांव दौलतपुर नसीराबाद गए थे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया था। सबसे दिलचस्प बात ये है, कि उनकी मां, लिलियन कार्टर, 1960 के दशक के अंत में पीस कॉर्प्स स्वयंसेवक के रूप में भारत में काम कर चुकी थीं, इसलिए जिमी कार्टर का भी भारत के साथ एक रिश्ता बन गया था।

कार्टरपुरी: भारत-अमेरिका की दोस्ती का प्रतीक (Jimmy Carter India Connection)
दौलतपुर नसीराबाद के निवासियों ने जिमी कार्टर की यात्रा के सम्मान में अपने गांव का नाम बदलकर "कार्टरपुरी" रख दिया। कार्टर सेंटर के मुताबिक, कार्टर के राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान, यह गांव व्हाइट हाउस से जुड़ा रहा। कार्टरपुरी में उनके जीवन के महत्वपूर्ण पड़ावों पर जश्न मनाया गया, जिसमें 2002 में नोबेल शांति पुरस्कार जीतना भी शामिल है।
जिमी कार्टर की यात्रा की याद में गांव 3 जनवरी को छुट्टी भी मनाता है।
कार्टर के कार्यकाल में भारत और अमेरिका के बीच संबंधों में महत्वपूर्ण मजबूती आई। कार्टर सेंटर ने कहा, "कार्टर प्रशासन के बाद से, अमेरिका और भारत ने ऊर्जा, मानवीय सहायता, टेक्नोलॉजी, अंतरिक्ष सहयोग, समुद्री सुरक्षा, आपदा राहत, आतंकवाद निरोध और अन्य क्षेत्रों में मिलकर काम किया है।"
2000 के दशक के मध्य में ऐतिहासिक असैन्य परमाणु सहयोग समझौता और द्विपक्षीय व्यापार में उछाल इसी विकसित होते संबंधों के परिणाम थे।
भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के साथ दिल्ली घोषणापत्र पर हस्ताक्षर करते समय कार्टर ने शासन में नैतिक मूल्यों के महत्व को रेखांकित किया था। उन्होंने कहा था, कि "भारत और अमेरिका के बीच दोस्ती के मूल में उनका दृढ़ संकल्प है कि लोगों के नैतिक मूल्यों को राज्यों, सरकारों के कार्यों का भी मार्गदर्शन करना चाहिए।"












Click it and Unblock the Notifications