Coronavirus: जापान में हटाई गई इमरजेंसी, पीएम आबे बोले-आज से एक नई जिंदगी की शुरुआत
टोक्यो। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने गुरुवार को बताया है कि उनके देश के ज्यादातर हिस्सों में कोरोना वायरस को लेकर जो इमरजेंसी लगाई गई थी, उसे हटा लिया गया है। हालांकि राजधानी टोक्यो और ओसाका में अभी इमरजेंसी जारी रहेगी। पीएम आबे ने कहा है कि आज एक नई जिंदगी की शुरुआत है और उम्मीद है कि आने वाले दिन सामान्य रहेंगे।

उम्मीद है अब सब ठीक होगा
जापान के पीएम आबे ने टीवी पर राष्ट्र के नाम संबोधन दिया और इस बात का ऐलान किया। उन्होंने कहा, 'आज हमनें फैसला किया है कि 47 में से 39 प्रांतोंमें से इमरजेंसी को हटाएंगे।' टोक्यो के अलावा ओसाका, क्योटो और होकाइदो समेत सात प्रांतों में अभी इमरजेंसी जारी रहेगी। इन प्रांतों को हाई-रिस्क वाली जगहों में रखा गया है। जापान ने सात अप्रैल को एक माह के लिए टोक्यो और छह शहरी प्रांतों में इमरजेंसी का ऐलान किया था। इसके बाद पूरे देश में इसे 31 मई तक के लिए बढ़ा दिया गया था। देश में संक्रमण के मामलों में कमी आनी शुरू हो रही है तो आबे ने फैसला किया है कि देश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबंधों में ढील देनी जरूरी है। वह चाहते हैं कि देश में अर्थव्यवस्था और बीमारी से बचाव के बीच में एक संतुलन कायम रहे। हालांकि उन्होंने लोगों को चेतावनी भी दी है कि संक्रमण के मामले दोबारा आ सकते हैं इसलिए खुद को सुरक्षित रखें। आबे ने कहा कि विशेषज्ञ अगले हफ्ते एक मीटिंग करेंगे और वह फैसला लेंगे कि बचे हुए हिस्सों से प्रतिबंधों को हटाया जाए या फिर बरकरार रहने दिया जाए। उन्होंने मई माह के अंत तक कोरोना महामारी को नियंत्रित करने का वादा किया है। जापान में 16,000 से ज्यादा कंफर्म केस हैं जबकि महामारी से 680 लोगों की मौत हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications