Italy: चचेरे भाई से शादी कराना चाहते थे मां-बाप, मना करने पर गला दबाकर मारा, पाकिस्तानी दंपति को उम्रकैद
इटली में रह रहे पाकिस्तानी मूल के दंपति को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। उन्हें अपनी ही बेटी की हत्या करने का दोषी पाया गया है। इस मामले में लड़की के चाचा को भी दोषी करार देते उन्हें 14 साल की सजा सुनाई गई है।
पाकिस्तानी माता-पिता ने 2021 में 18 वर्षीय समन अब्बास को अरेंज मैरिज करने से इनकार करने के बाद मार डाला था। उसका कसूर सिर्फ इतना था कि उसने अपने चचेरे भाई से शादी करने से इनकार कर दिया था। 18 महीने बाद उसका शव बरामद हुआ था।

समन अब्बास बोलोग्ना के पास नोवेल्लारा में रहती थी। गायब होने के 18 महीने बाद नवंबर 2022 में समन अब्बास का शव उत्तरी इटली के एक फार्महाउस में मिला था। जांच के बाद सनम के माता-पिता और कुछ रिश्तेदारों के खिलाफ ऑनर किलिंग का केस दर्ज किया गया था।
समन के पिता, शब्बर अब्बास को अगस्त में उसकी हत्या के आरोप में पाकिस्तान में गिरफ्तार किया गया था जिसके बाद उसे इटली प्रत्यर्पित किया गया। फिलहाल वो इटली की एक जेल में बंद है। समन की मां नाज़िया शाहीन के बारे में माना जा रहा है कि वह पाकिस्तान में छिपी हुई है।
पिता शब्बर अब्बास ने पहले अदालत में एक भावपूर्ण दलील देते हुए कहा था कि "मैंने अपने जीवन में कभी भी अपनी बेटी की हत्या के बारे में नहीं सोचा था"। समन के चाचा दानिश हसनैन को हत्या में शामिल होने के लिए 14 साल की जेल की सजा दी गई, वहीं उसके दो चचेरे भाइयों को बरी कर दिया गया।
समन अब्बास की फैमिली 2016 में पाकिस्तान से इटली के नोवेलेरा शिफ्ट हुई थी। अप्रैल 2021 में वो अचानक गायब हो गई। इटली जैसे छोटे और कानून पसंद देश में यह आम बात नहीं थी। इसलिए, मीडिया में इसे काफी कवरेज मिला था।

दरअसल समन गायब होने से पहले पाकिस्तानी मूल के एक लड़के के साथ डेटिंग कर रही थी। उसके गायब होने से पहले उसका एक फोटो वायरल हुआ था। इसमें वह क्षेत्रीय राजधानी बोलोग्ना की एक सड़क पर अपने प्रेमी को किस कर रही थी। इससे समन के माता-पिता खूब नाराज हो गए थे।
इतालवी जांचकर्ताओं ने कहा कि समन अब्बास के माता-पिता चाहते थे कि वह 2020 में तय शादी के लिए पाकिस्तान जाए, लेकिन उसने इनकार कर दिया। इतालवी रिपोर्टों में कहा गया है कि पेरेंट्स से विवाद के बाद वो अक्टूबर 2020 तक 'प्रोटेक्शन ऑफ सोशल सर्विस' या शेल्टर होम में रही। लेकिन मां-पिता के भावुक बुलावे पर वह अपने परिवार के साथ रहने चली गई।

अभियोजकों ने कहा कि उसे घर लौटने के लिए धोखा दिया गया था और इसी समय वह गायब हो गई। समन के लापता होने के बाद इटली की 'यूनियन ऑफ इस्लामिक कम्युनिटीज' ने एक फतवा जारी किया था। इसमें कहा गया था कि जबरिया शादी को गैरकानूनी माना जाए।
इटली की पुलिस जब समन की तलाश कर रही थी तो इसी दौरान उन्हें एक CCTV फुटेज हासिल हुआ। इसमें तीन लोग बैग ले जाते नजर आए। एक के पास जमीन खोदने वाला कुदाल भी था। इसी इलाके के जब कुछ और फुटेज खंगाले गए तो 29 अप्रैल 2021 का भी एक फुटेज मिला। इस फुटेज में समन को अपने माता-पिता के साथ घर से निकलते हुए देखा गया।
अंततः उसका शव पिछले नवंबर में एक फार्म हाउस के पास से बरामद किया गया, जहां उसका परिवार रहता था। उसके चाचा ने खुलासा किया था कि उसे कहां दफनाया गया था। पोस्टमार्टम जांच में पाया गया कि संभवतः गला घोंटने के परिणामस्वरूप उसकी गर्दन की हड्डी टूट गई थी।

आश्चर्य की बात ये है कि पुलिस वीडियो फुटेज मिलने के बाद भी यह पता नहीं लगा सकी कि सनम जब घर से फैमिली मेंबर्स के साथ निकली थी तो अचानक गायब कैसे हो गई? हालांकि, सख्ती से पूछताछ होने के बाद समन के चाचा ने हत्या का खुलासा कर दिया।
सरकारी वकील के मुताबिक समन अपने घर सिर्फ इसलिए घर लौटी थी, ताकि वो अपना पासपोर्ट हासिल कर सके और फिर अपने प्रेमी से शादी करके कहीं और शिफ्ट हो सके। समन के गायब होने की पहली जानकारी उसके बॉयफ्रेंड ने ही पुलिस को दी थी।
समन के गायब होने के बाद उसके माता-पिता तुरंत इटली छोड़कर पाकिस्तान चले गए थे, जबकि उसके चाचा दानिश हसनैन और उसके दो चचेरे भाई फ्रांस और स्पेन चले गए थे। 2021 के आखिर में उसे पेरिस में गिरफ्तारी के बाद इटली लाया गया।












Click it and Unblock the Notifications