इजराइल ने किया 1500 हमास आतंकियों के शव मिलने का दावा, बमबारी के बीच गाजा ने की मानवता की अपील
Israel Claims to Found 1500 Hamas operatives Body: इज़राइल की सेना ने कहा है, कि उसे इज़राइली क्षेत्र में लगभग 1,500 हमास आतंकवादियों के शव मिले हैं। इजराइली फोर्स ने 3 दिनों के बाद दक्षिणी क्षेत्र में फिर से अपने नियंत्रण की बात कही है और कहा है, कि दक्षिणी हिस्से से करीब करीब सभी हमास आतंकियों को शांत कर दिया गया है।
हालांकि, फिलहाल ये साफ नहीं है, कि क्या इजराइली फोर्स ने जो संख्याएं बताई हैं, वो फिलिस्तीनी अधिकारियों द्वारा पहले बताई गई मौतों से मेल खाती हैं या नहीं। इजराइली सेना के प्रवक्ता रिचर्ड हेचट ने कहा, कि कल रात से हमास का कोई भी लड़ाका इजराइल में नहीं घुसा है, लेकिन घुसपैठ की आशंका अभी भी बनी हुई है।

इजराइल के प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस्लामिक आतंकवादी समूह हमास के समूल नाश की कसम खाई है और कहा है, कि इजराइली सेना की कार्रवाई "पीढ़ियों तक गूंजता रहेगा।" जिसके बाद इजरायली युद्धक विमानों ने मंगलवार तड़के लगातार बमबारी के साथ हमास के नियंत्रण केंद्र, गाजा शहर पर हमला किया है।
इजराइल युद्ध में भारी तबाही
हमास के हमले के बाद पिछले चार दिनों से चल रहे इस युद्ध में पहले ही कम से कम 1,600 लोगों की जान जा चुकी है, क्योंकि दशकों के बाद पहली बार ऐसा हुआ है, कि इज़राइली क्षेत्र में हमास के आतंकियों ने भारी संख्या में ना सिर्फ घुसपैठ की, बल्कि सैकड़ों की संख्या में बेगुनाह नागरिकों को मौत के घाट उतार डाला है।
जिसके बाद इजराइल, गाजा शहर के ऊपर भारी बमबारी कर रहा है। वहीं, हमास ने धमकी दी है, कि इजराइल अगर बिना चेतावनी के हमला करता है, तो वो बंधकों को मारना शुरू कर देगा।
इजराइल ने कहा है, कि गाजा में हमास और अन्य आतंकवादी समूहों ने इजराइल के अंदर से अपहरण कर ले जाए गए 150 से ज्यादा सैनिकों और नागरिकों को पकड़ रखा है।
वहीं, इजराइली सेना ने अपने 3 लाख रिजर्व फोर्स को एक्टिव कर दिया है और एक लाख सैनिकों को गाजा पट्टी के पास जमा कर लिया है, जिसके बाद संभावना जताई जा रही है, कि हवाई कार्रवाई खत्म होने के बाद हाजा में जमीनी ऑपरेशन शुरू हो सकता है। इजराइल ने इससे पहले आखिरी बार जमीनी कार्रवाई साल 2014 में की थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, गाजा के पास एक दर्जन से ज्यादा शहरों से हजारों इजरायलियों को निकाला गया है और नई घुसपैठ की किसी भी संभावना को खत्म करने के लिए गाजा सीमा के पास ड्रोन और टैंक तैनात किए गये हैं। वहीं, गाजा में, हवाई हमलों में इमारतें ध्वस्त होने के कारण हजारों लोग अपने घर छोड़कर भाग गए हैं।
वहीं, इज़रायली सेना ने कहा है, कि इज़रायल में पहले ही 900 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। वहां के अधिकारियों के अनुसार, गाजा और वेस्ट बैंक में 704 लोग मारे गए हैं। इसराइल का कहना है, कि उनमें सैकड़ों हमास लड़ाके शामिल हैं। दोनों तरफ से हजारों लोग घायल हुए हैं।

गाजा ने की मानवीय अपील
वहीं, गाजा में भीषण हमले के बीच फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने क्षेत्र के अस्पतालों में "तत्काल चिकित्सा सहायता के प्रवेश को सुनिश्चित करने के लिए एक सुरक्षित गलियारा" खोलने का आह्वान किया है, जो अब मृतकों और घायलों से भरे हुए हैं।
अपील में कहा गया है, कि इजरायली बलों ने रात भर में खान यूनिस शहर के पूर्व में चार एम्बुलेंसों को निशाना बनाया और बेत हानून शहर पर बमबारी ने इसके एकमात्र अस्पताल को सर्विस से बाहर कर दिया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक अलग बयान में कहा है, कि "स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली को संचालित करने के लिए बिजली की कमी बनी हुई है। इससे सभी बीमार और घायल लोगों के जीवन को खतरा है।"












Click it and Unblock the Notifications