Ram Mandir: राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा पर गदगद हुआ दोस्त इजराइल, पूरे भारत को दी शुभकामनाएं.. जानें क्या कहा?
Israel Ram Mandir: अयोध्या में भगवान राम के मंदिर के उद्घाटन से पहले भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कुछ समय बाद पूजा कार्यक्रम की शुरूआत करेंगे। वहीं, इस मौके पर इजराइल ने भारत को शुभकामनाएं दी हैं।
भारत में इजरायल के राजदूत नाओर गिलोन ने सोमवार को अयोध्या में राम मंदिर के 'प्राण प्रतिष्ठा' समारोह से पहले भारत में लोगों को शुभकामनाएं दीं और उन्होंने जल्द ही मंदिर का दौरा करने की इच्छा व्यक्त की।

इजरायली राजदूत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, कि "राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के इस शुभ अवसर पर भारत के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह दुनिया भर के भक्तों के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है।"
इजरायली राजदूत गिलोन ने राम मंदिर के लघु मॉडल के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए आगे लिखा, "मैं जल्द ही अयोध्या में राम मंदिर देखने के लिए उत्सुक हूं। निश्चित रूप से यह मेरे पास मौजूद इस मॉडल से भी ज्यादा भव्य और सुंदर होगा।"
आपको बता दें, कि 'प्राण प्रतिष्ठा' समारोह से पहले दुनिया भर में जश्न का माहौल देखा जा रहा है।
न्यूयॉर्क में 'ओवरसीज फ्रेंड्स ऑफ राम मंदिर' के सदस्यों ने टाइम्स स्क्वायर पर लड्डू बांटे हैं। संस्था के सदस्य प्रेम भंडारी ने बताया कि यह कार्यक्रम अमेरिका के अन्य हिस्सों में भी धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने दुनिया भर के लोगों को इस आयोजन से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी सराहना की।
प्रेम भंडारी ने कहा, कि "हमने कभी नहीं सोचा था, कि हम अपने जीवनकाल में इस दिव्य दिन के साक्षी बनेंगे। प्राण प्रतिष्ठा समारोह बहुत जल्द होगा। टाइम्स स्क्वायर में भी लोग इसका जश्न मना रहे हैं और यह जगह अयोध्या से कम नहीं लग रही है। भारतवंशियों के लोग जश्न मना रहे हैं विभिन्न स्थानों पर यह आयोजन किए जा रहे हैं।"
उन्होंने आगे कहा, कि "भगवान राम 'वनवास' के बाद लौट रहे हैं और यह सब पीएम मोदी के नेतृत्व के कारण हो रहा है। उन्होंने दुनिया भर में पूरे माहौल को 'राममय' कर दिया है। उन्होंने न केवल 140 करोड़ लोगों को जोड़ा है, बल्कि देश को भी जोड़ा है। विदेशों में भी भारतीय प्रवासी इस आयोजन का जश्न मना रहे हैं। यह दिन दिवाली से कम नहीं है।"
प्राण प्रतिष्ठा का कैसा है कार्यक्रम
विशेष रूप से, प्राण प्रतिष्ठा की प्रक्रिया 16 जनवरी से शुरू हो चुकी है। जबकि 'प्रायश्चित' और कर्मकुटी पूजा 16 जनवरी को की गई थी, मूर्ति 17 जनवरी को परिसर में प्रवेश कर गई थी।
18 जनवरी को राम लला की मूर्ति को भव्य नए मंदिर के गर्भगृह में स्थापित किया गया था।
19 जनवरी को औषधिधिवास, केसराधिवास, घृताधिवास, 19 जनवरी को धान्याधिवास, 20 जनवरी को सुगरधिवास, फलाधिवास, पुष्पाधिवास और 21 जनवरी को मध्याधिवास और शयाधिवास का आयोजन किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'प्राण प्रतिष्ठा' के उपलक्ष्य में अनुष्ठान कर रहे हैं। लक्ष्मीकांत दीक्षित के नेतृत्व में पुजारियों की एक टीम मुख्य अनुष्ठान का नेतृत्व कर रही है।
इस मौके पर पीएम मोदी के साथ आरएसएस सरसंघचालक मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। समारोह में क्रिकेट जगत, फिल्म जगत, संत समाज, राजनीति, कला, साहित्य एवं संस्कृति समेत अन्य क्षेत्रों के विशिष्ट अतिथियों को भी आमंत्रित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications