क्या होता है Nobel Peace Prize, जिसके लिए इजराइल ने ट्रंप को नॉमिनेट किया? कितनी मिलती है धनराशि?
Nobel Peace Prize: इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नॉमिनेट किया है, उन्होंने व्हाइट हाउस में रात्रिभोज के दौरान व्यक्तिगत रूप से उन्हें नामांकन पत्र की एक प्रति सौंपी। नेतन्याहू ने कहा- 'वह एक क्षेत्र के बाद दूसरे में शांति स्थापित कर रहे हैं, आप इसके सही हकदार हैं।'
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने आगे कहा, 'मैं आपको नोबेल पुरस्कार समिति को भेजा गया पत्र प्रस्तुत करना चाहता हूं। यह आपको शांति पुरस्कार के लिए नामांकित करता है।' नामांकन पत्र प्राप्त करने के बाद, ट्रंप ने जवाब दिया, 'बहुत-बहुत धन्यवाद। आपकी ओर से आना... यह बहुत मायने रखता है।'

नेतन्याहू ने डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि 'मैं आपकी प्रशंसा और सराहना करता हूं, न केवल सभी इजरायलियों के लिए बल्कि दुनिया भर के लिए किए जा रहे आपके कामों के लिए।'
'नेतन्याहू -सारा का हमारे साथ होना सम्मान की बात है'
अपनी डिनर मीटिंग की शुरुआत में, ट्रंप ने नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा की मेजबानी करना एक सम्मान बताया। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि 'बीबी (बेंजामिन नेतन्याहू) और सारा का हमारे साथ होना सम्मान की बात है। हम लंबे समय से दोस्त हैं, मुझे लगता है कि हमारी दोस्ती आगे भी यूं ही चलती रहेगी।'
पाकिस्तान भी ट्रंप को Nobel Peace Prize के लिए नॉमिनेट कर चुका है
आपको बता दें कि इजराइल से पहले पाकिस्तान भी ट्रंप को 2026 के नोबेल पीस प्राइज के लिए नॉमिनेट कर चुका है। हालांकि ट्रंप ने इससे पहले कहा था कि 'उन्हें कभी भी नोबेल नहीं मिलेगा क्योंकि वो केवल इसे लिबरल्स को देते हैं।'

क्या होता है नोबेल शांति पुरस्कार? (Nobel Peace Prize)
नोबेल शांति पुरस्कार (Nobel Peace Prize) विश्व का सबसे प्रतिष्ठित और सम्मानित पुरस्कारों में से एक है, जो हर वर्ष उन व्यक्तियों या संगठनों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने विश्व शांति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया हो। इसकी शुरुआत 1901 में हुई थी। इसका श्रेय स्वीडन के महान वैज्ञानिक और डायनामाइट के आविष्कारक अल्फ्रेड नोबेल को जाता है। उन्होंने अपनी वसीयत में यह निर्देश दिया कि उनकी संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा एक कोष में रखा जाए, जिससे हर साल भौतिकी, रसायन, चिकित्सा, साहित्य और शांति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कार दिया जाए। उन्हीं के नाम पर इस पुरस्कार का नाम रखा गया है।
पुरस्कार में क्या-क्या मिलता है? (Nobel Peace Prize)
नोबेल शांति पुरस्कार में एक सर्टिफिकेट (प्रमाणपत्र), गोल्ड मेडल होता है, जिसके साथ में पुरस्कार राशि भी होती है। 2024 तक नोबेल पुरस्कार के साथ दी जाने वाली पुरस्कार राशि लगभग 1 करोड़ स्वीडिश क्रोनर (SEK) थी, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 7.5 से 8 करोड़ रुपये है।












Click it and Unblock the Notifications