Israel Vs Syria: एक सब्जी वाले के लिए नेतन्याहू ने किया सीरिया पर हमला? ₹45 हजार के लिए शुरू हुआ एक और युद्ध
Israel Vs Syria: सीरिया और इजराइल के बीच तनाव बढ़ गया है, जिसकी शुरुआत एक सब्जी बेचने वाले शख्स के साथ हुई चोरी की घटना से हुई। इस घटना के कारण सीरिया के दक्षिणी भाग में लगभग 300 लोगों की जान जा चुकी है और कई अभी भी जिंदगी और मौत के बीच में झूल रहे हैं। टेलीग्राफ ब्रिटेन के मुताबि, इस घटना ने दोनों देशों को युद्ध के मुहाने पर ला दिया है, जिससे शांति बहाल न होने पर हजारों लोगों की जान जाने का खतरा है।
मात्र 45 हजार रुपए दो मुल्कों के बीच झगड़े का कारण
स्थानीय मीडिया के अनुसार, सुवैदा शहर में एक सप्ताह पहले सब्जी बेचने वाले फदल्लाह दवारा को चोरों के एक झुंड ने घेर लिया। दवारा ने शिकायत दर्ज कराई कि चोरों ने उनसे 400 पाउंड (लगभग 45 हजार रुपए) छीन लिए और उनकी पिटाई भी की। इस घटना की खबर फैलते ही सीरिया के सुवैदा में बवाल मच गया, जिससे यह घटना दो समुदायों और फिर दो देशों के बीच जंग का कारण बन गई।

आपस में भिड़े ड्रूज और बडौइन
टेलीग्राफ ब्रिटेन ने स्थानीय अधिकारियों के हवाले से बताया कि इस घटना के बाद ड्रूज और बडौइन समुदाय आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे के लोगों को मारने लगे। देखते ही देखते झगड़ा इतना ज्यादा बढ़ गया कि 300 लोगों की जान चली गई।
इजरायल क्यों कूदा जंग में?
सीरिया सुवैदा शहर इजराइल के करीब है, इसलिए जब वहां हिंसा भड़की, तो सीरिया सरकार ने सेना भेज दी। सीरिया सरकार का कहना था कि सेना के बिना स्थिति को नियंत्रित नहीं किया जा सकता, लेकिन इजराइल ने इसे अलग तरह से देखा। इजराइल ने सुवैदा में सेना पर हमला कर दिया, क्योंकि उसका मानना था कि सीरियाई सैनिक सीमा पर जमा होने के लिए सुवैदा के पास इकट्ठा हो रहे हैं।
दमिश्क पर हमला
इसी दौरान सीरिया ने ड्रूज की रक्षा करने का प्रण लिया। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ड्रूज सीरिया में सुरक्षित रहेंगे और उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा पाएगा। सीरियाई सैनिकों और इजराइल के बीच लड़ाई बढ़ने पर आईडीएफ ने सीरिया की राजधानी दमिश्क पर हमला कर दिया। आईडीएफ ने बिना देर किए सीधा सीरिया के रक्षा मंत्रालय को निशाना बनाकर मिसाइल दाग दी।
ड्रूज के लिए इजराइल क्यों आया आगे?
ड्रूज सीरिया का अल्पसंख्यक समुदाय है, जिसकी आबादी लगभग 7 लाख है। इस समुदाय के लोग इजराइल में भी रहते हैं। यह समुदाय न तो इस्लाम को मानता है और न ही ईसाई धर्म को। ड्रूज की जड़ें शिया से जुड़ी हुई हैं। ड्रूज दक्षिण सीरिया में रहते हैं, जो इजराइल के करीब है। इजराइल ड्रूज को समर्थन देकर अपनी सीमा को सुरक्षित रखना चाहता है। लिहाजा एक मामूली चोरी की घटना ने दो देशों के बीच तनाव को बढ़ा दिया है, जिसमें इजराइल ने सीरिया में सैन्य हस्तक्षेप किया और ड्रूज समुदाय की सुरक्षा का दावा किया।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कॉमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications