इजरायल और फिलिस्तीन में चरम पर तनाव, पूर्वी येरूशलम में अज्ञात शख्स ने की भारी गोलीबारी, 7 मरे
इजरायल और फिलिस्तीन के बीच साल 1948 से ही तनाव है और दोनों देशों के बीच अकसर झड़प होते रहते हैं।

Israel News: इजरायल और फिलिस्तीन के बीच एक बार फिर से विवाद काफी बढ़ा हुआ है और एक दिन पहले वेस्ट बैंक में एक घातक इजरायली आर्मी स्ट्राइक के बाद हिंसा की वृद्धि हो गई है। वहीं, ताजा मामले में एक बंदूकधारी ने पूर्वी यरुशलम में एक इजरायली बस्ती में एक पूजा स्थल के पास कम से कम सात लोगों की हत्या कर दी गई है। शुक्रवार की गोलीबारी के बाद, मैगन डेविड एडोम इमरजेंसी सेवा ने कहा है, कि वह कम से कम 10 घायलों का इलाज कर रही है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है।

पूर्वी येरूशलम में गोलीबारी
रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने कहा है, कि एक फिलिस्तीनी बंदूकधारी ने शुक्रवार की रात पूर्वी यरुशलम के पूजा स्थल के बाहर गोलियां चलाईं हैं, जिसमें एक 70 वर्षीय महिला सहित सात लोगों की मौत हो गई है और तीन अन्य घायल हो गए हैं। यह वर्षों में इजरायलियों पर सबसे घातक हमला था और इससे बाद और ज्यादा रक्तपात की संभावना बढ़ गई है। वेस्ट बैंक में इजरायली सेना के हमले में नौ लोगों की मौत के एक दिन बाद यह हमला हुआ है, जब निवासी यहूदी सब्त का पालन कर रहे थे। हिंसा की शुरूआत उस वक्त हुई है, जब गाजा की तरफ से इजरायल के ऊपर एक के बाद एक कई रॉकेट दागे गये और फिर इजरायल ने जवाबी हमला किया, जिसमें कम से कम 9 फिलिस्तीनी मारे गये।

इजरायल ने बताया आतंकी हमला
इजरायल के विदेश मंत्रालय ने कहा है, कि हमले के बाद हमलावर को भी मार गिराया गया है। वहीं, इजरायल ने इस घटना को आतंकी हमला करार दिया है। पहले, इजरायल ने पांच लोगों के मारे जाने की बात कही थी, लेकिन धीरे धीरे मौत का ये आंकड़ा बढ़ता चला गया। वहीं, गाजा में स्थिति आतंकी संगठन हमास ने कहा है, कि ये ऑपरेशन जेनिन में हुए हमले का जवाब है। जबकि, इजरायल के पुलिस मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए, प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, कि उन्होंने सिक्योरिटी का जायजा लिया है और "तत्काल कार्रवाई" करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा है, कि वह सब्त की समाप्ति के बाद शनिवार की रात को अपने सुरक्षा मंत्रिमंडल की बैठक बुलाएंगे, ताकि आगे की प्रतिक्रिया पर चर्चा की जा सके। हालांकि, बेजामिन नेतन्याहू ने विस्तार से इन बातों को बताने से इनकार कर दिया, लेकिन उन्होंने कहा, कि इजरायल "दृढ़ संकल्प और संयम" के साथ काम करेगा। उन्होंने जनता से कानून हाथ में नहीं लेने की अपील की।

कहां हुई है गोलीबारी?
इजरायली पुलिस ने कहा है, कि ये शूटिंग नेवे याकोव में की गई है, जो राष्ट्रवादियों और अति रूढ़िवादियों का इलाका है। इजरायली पुलिस ने कहा है, कि गोलीबारी करने के बाद हमलावर फरार हो गया था, लेकिन बाद में पुलिस ने इसका पीछा किया और फिर हमलावर को मार गिराया गया। यरुशलम के पुलिस प्रमुख डोरोन तुरजमैन ने शूटर के अलावा सात लोगों की मौत की पुष्टि की है और कहा कि तीन लोग घायल हुए हैं। वहीं, पुलिस ने हमलावर की पहचान 21 साल के पूर्वी यरुशलम के रहने वाले निवासी के रूप में की है, जो अकेले ही इस वारदात में शामिल है। पुलिस ने हमलावर द्वारा इस्तेमाल की गई पिस्तौल की तस्वीर भी जारी की है। वहीं, इजरायल के रक्षा मंत्री योआव गैलेंट ने इजरायल के सैन्य प्रमुख और अन्य शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की और उन्हें पुलिस की सहायता करने और यरुशलम के पास और कब्जे वाले वेस्ट बैंक में यहूदी बस्तियों के लिए सुरक्षा को मजबूत करने का निर्देश दिया है।
Recommended Video


आक्रामक रहेगा इजरायल
इजरायल के रक्षा मंत्री योआव गैलेंट ने कहा है, कि "इजरायल का रक्षा प्रतिष्ठान आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक और ताकत से काम करेगा और हमले में शामिल किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शेगा।" वहीं, इजरायल की माडा रेस्क्यू सर्विस ने कहा, कि मृत पीड़ित पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं, जिनमें से कई लोगों की उम्र 60 या उससे ज्यादा थी। यरुशलम के हदासाह अस्पताल ने कहा कि एक 15 वर्षीय लड़के की सर्जरी की गई है, जो अब ठीक हो रहा है। इजरायली विदेश मंत्रालय के मुताबिक, यरूशलेम में एक यहूदी मदरसा में 2008 में हुई गोलीबारी में आठ लोगों की मौत के बाद से इजरायलियों पर यह सबसे घातक हमला था। वहीं, इजरायल ने कहा है, कि वो इस हमले का मुंहतोड़ जवाब देगा।












Click it and Unblock the Notifications