इजराइल बचाने की जंग..फौदा फिल्म के एक्टर भी युद्ध में हुए शामिल... दो परिवारों की बचाई जिंदगी
Fauda Star in Israel-Hamas War: इजराइल, हमास के खिलाफ अपने देश के अस्तित्व बचाने की जंग लड़ रहा है और शनिवार को हमास के हमले के बाद इजराइल, पूरी ताकत के साथ हमास पर हमले कर रहा है। वहीं, इजराइल के रिजर्व सैनिक भी इस लड़ाई में शामिल हो गये हैं। वहीं, इस आपातकालीन स्थिति में क्या नेता, क्या अभिनेता और क्या आम लोग... हर कोई देश बचाने की लड़ाई में शामिल हो रहे हैं।
वहीं, इजराइल के सबसे लोकप्रिय टीवी शो में से एक, फौदा सीरिज के स्टार और डायरेक्टर, लियोर रज़ भी युद्ध में अपने देश की सेवा में शामिल हो गये हैं, जो इस वक्त दक्षिणी इज़राइली शहर सेडरोट में इज़राइल-हमास संघर्ष की अग्रिम पंक्ति में लड़ रहे हैं। हमास के आतंकवादियों ने गाजा पट्टी की सीमा से लगे इजरायली शहरों पर हमला किया था और इजरायली शहरों को निशाना बनाकर हजारों रॉकेट दागे थे।

फौदा के स्टार युद्ध में हुए शामिल
हमास के खिलाफ इस संघर्ष ने इज़रायली और फ़िलिस्तीनियों सहित 1,600 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। आतंकवादी समूहों हमास और फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद ने 100 से ज्यादा लोगों को बंधक बना लिया है।
फौदा स्टार लियोर रज़ ने समाचार एजेंसियों को बताया है, कि वह दक्षिणी इज़राइल में 'ब्रदर्स इन आर्म्स' आंदोलन के अन्य स्वयंसेवकों के साथ देश की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा है, कि वह इज़राइल डेमोक्रेसी इंस्टीट्यूट, योहानन प्लास्नर और फौदा के सह-निर्माता एवी इसाचारॉफ़ के साथ जंग में शामिल हैं।
लियोर रज़ ने सोशल मीडिया साइट एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा है, कि हमें दो परिवारों को निकालने के लिए बमबारी वाले शहर सडेरोट में भेजा गया था।
रज़ ने अपने पोस्ट में एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें वह हमास आतंकवादी समूह द्वारा लॉन्च किए गए रॉकेटों से खुद को बचाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
फौदा की कहानी उस घटना पर आधारित है, जिसमें 1990 में यरूशलेम में एक अरब आतंकवादी के हाथों अपनी प्रेमिका के मारे जाने के बाद रज़ इजरायली सेना की सायरेट डुवदेवन इकाई में शामिल हो गया। जिस आतंकवादी ने रज़ की प्रेमिका की हत्या की थी। इस घटना में इजराइल डिफेंस फोर्स के सैनिक गिलाद शालित के बदले में इज़राइल ने उस आतंकवादी को रिहा कर दिया था।
रज़ ने अपने सोशल मीडिया चैनलों के माध्यम से शांति की अपील भी की है। उन्होंने कहा है, कि "हम आपसे अपील कर रहे हैं, कृपया इस दिन को युद्ध के बाद भी याद रखें। याद रखें, कि नरसंहार किसने शुरू किया था। हमास एक ऐसा संगठन है, जो यहूदियों को नष्ट करना चाहता है और किसी भी हालत में शांति की बात नहीं करना चाहता।"
उन्होंने कहा, कि "हम आपसे वादा करते हैं, कि हम इजराइली इसका बदला निश्चित तौर पर लेंगे और गाजा इस नुकसान की भरपाई करेगा।"
उन्होंने आगे कहा, कि "हम भारी मन से इस युद्ध में जा रहे हैं। हमें बेगुनाहों को मारने की कोई इच्छा नहीं है, लेकिन हमारे सामने कोई और विकल्प नहीं है।"












Click it and Unblock the Notifications