Israel Hamas Ceasefire: हमास ने 2 शर्तों पर अटकाई इजराइल से सीजफायर की डील, 72 घंटे में होगा जंग का फ़ैसला
Israel Hamas Ceasefire: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हाल ही में गाजा में शांति और युद्धविराम की शर्तों पर सहमति जताई थी। इस दौरान ट्रंप ने 20 सूत्री शांति प्रस्ताव पेश किया, जिसे इजरायल ने तुरंत स्वीकार कर लिया। हालांकि, हमास की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। संगठन को जवाब देने के लिए 72 घंटे का समय दिया गया था।
हमास की आपत्ति और संशोधन की मांग
फिलिस्तीनी सूत्रों के अनुसार, हमास ने ट्रंप के इस 20 सूत्री प्लान की दो शर्तों पर कड़ी आपत्ति जताई है। एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, हमास हथियार सरेंडर करने वाली शर्त में बदलाव चाहता है। सूत्रों का कहना है कि गाजा से लड़ाकों को हटाने और हथियार छोड़ने जैसी शर्तों पर हमास सहमत नहीं है।

दोहा में हुई चर्चा और असहमति
नाम न बताने की शर्त पर एक फिलिस्तीनी सूत्र ने बताया कि मंगलवार को दोहा में तुर्किए, मिस्र और कतर के अधिकारियों के साथ बैठक में हमास ने इन शर्तों पर असहमति जताई। वार्ताकारों ने साफ किया कि निरस्त्रीकरण और गाजा से लड़ाकों की वापसी जैसे प्रावधानों में संशोधन जरूरी हैं।
हमास में आंतरिक मतभेद
एएफपी को जानकारी देने वाले एक अन्य सूत्र ने बताया कि ट्रंप की योजना को लेकर हमास के भीतर मतभेद हैं। संगठन का एक गुट बिना शर्त इस प्रस्ताव का समर्थन कर रहा है क्योंकि उनका मानना है कि ट्रंप की योजना से गाजा में युद्धविराम सुनिश्चित होगा। वहीं, दूसरा गुट निरस्त्रीकरण और गाजा छोड़ने जैसी शर्तों का विरोध कर रहा है।
अंतरराष्ट्रीय गारंटी की मांग
हमास के नेताओं ने गाजा पट्टी से इजरायल की पूर्ण वापसी के लिए अंतरराष्ट्रीय गारंटी की भी मांग की है। उनका कहना है कि वैश्विक समुदाय यह सुनिश्चित करे कि भविष्य में गाजा के भीतर या बाहर फिलिस्तीनी नागरिकों पर हमला न हो और उनकी हत्या न की जाए।
पिछले हमले से बढ़ा तनाव
सूत्रों के अनुसार, पिछले महीने दोहा में युद्धविराम प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान इजरायल ने हमला किया था। इस हमले में छह लोग मारे गए थे। इसके बाद से हमास क्षेत्रीय और अरब सहयोगियों के साथ लगातार संपर्क में है ताकि भविष्य की रणनीति तय की जा सके।
जवाब देने में लग सकता है और समय
फिलिस्तीनी सूत्रों का कहना है कि हमास के पास ट्रंप के 20 सूत्री प्रस्ताव पर जवाब देने के लिए अब कम समय बचा है। हालांकि, समूह को अंतिम निर्णय तक पहुंचने और जवाब देने में दो से तीन दिन और लग सकते हैं।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications