सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर इजरायल ने जाहिर किया दुख, बताया सच्चा दोस्त
नई दिल्ली। फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मृत्यु पर इजरायल ने दुख जाहिर किया है। इजरायल की ओर से सुशांत सिंह राजपूत को सच्चा दोस्त कहा गया है। सुशांत सिंह की मृत्यु पर इजरायल ने अपनी संवेदना जाहिर करते हुए कहा कि बॉलीवुड के युवा स्टार सुशांत सिंह की मृत्यु पर हम गहरी संवेदना जाहिर करते हैं। बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत ने रविवार को मुंबई स्थित अपने फ्लैट पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मंगलवार को इजरायल के विदेश मंत्रालय के डेप्युटी डायरेक्टर जनरल गिलाड कोहने ने ने ट्वीट करके सुशांत के आकस्मिक निधन पर शोक जाहिर किया।

वीडियो साझा किया
गिलाड कोहेन ने ट्वीट करके लिखा, इजरायल के सच्चे दोस्त सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर हम अपनी गहरी संवेदना जाहिर करते हैं, आपको बहुत याद करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने सुशांत का वीडियो भी साझा किया है, जिसमे उन्होंने लिखा है कि जब वह इजरायल आए थो तो उनकी इस यात्रा की जबरदस्त अनुभवों को आप इसमे देख सकते हैं। गिलाड ने सुशांत की फिल्म ड्राइव के गाने मखना का वीडियो साझा किया है, जिसकी शूटिंग इजरायल में हुई थी।

पिता और बहनों ने दिया बयान
सुशांत के पिता केके सिंह और दो बहनों ने पुलिस में अपना बयान दर्ज करवाया है। उनके पिता ने पुलिस को बताया कि मेरा बेटा अक्सर दुखी महसूस करता था, लेकिन मुझे नहीं पता था कि वह डिप्रेशन में है। मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि परिवार ने हमें इस बात की जानकारी दी है कि उन्हें इस बात का पता नहीं था कि आखिर सुशांत क्यों डिप्रेशन में थे, यही नहीं परिवार ने इस बात से भी इनकार किया है कि उन्हें इस घटना के पीछे किसी के उपर शक है। पुलिस ने सुशांत के क्रिएटिव मैनेजर सिद्धार्थ पितानी से भी इस मामले में पूछताछ की है।

कई महीनों से डिप्रेशन में थे सुशांत
इससे पहले महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने ट्वीट कर कहा था कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट कहती है कि सुशांत ने फांसी लगाकर जान दी है, लेकिन इस तरह की मीडिया रिपोर्ट हैं कि वो प्रोफेशनल दुश्मनी की वजह से डिप्रेशन से गुजर रहे थे। गृहमंत्री के इस ट्वीट के बाद पुलिस का कहना है कि वह सुशांत के दोस्त महेश शेट्टी से एक बार फिर से बात कर सकती है ताकि इस बात की जानकारी हासिल कर सकें कि क्या सुशांत इंडस्ट्री में प्रोफेशनल दुश्मनी की वजह से डिप्रेशन के शिकार थे। ऐसा कहा जा रहा है कि सुशांत बीते करीब 6 महीनों से डिप्रेशन में थे, लेकिन उनके डिप्रेशन में रहने की वजह क्या थी, इस बारे में अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। सुशांत के पास कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला था।

सोशल मीडिया पर इन लोगों का हो रहा विरोध
सुशांत के निधन की खबर से हर कोई सदमे में है। सोशल मीडिया पर बहुत से लोग उनके इस कदम के पीछे की वजह नेपोटिजम को बता रहे हैं और करण जौहर जैसे फिल्मकारों का विरोध कर रहे हैं। सुशांत की सुसाइड को लेकर बिहार में भी विरोध प्रदर्शन हुए हैं। लोगों ने इस दौरान कई फिल्मकारों और अभिनेताओं के पुतले तक जलाए। सोशल मीडिया पर भी लोग जमकर भड़ास निकाल रहे हैं। फिल्म इंडस्ट्री में दबाव की खबरों पर कंगना रनौत, रवीना टंडन और रणवीर शौरी ने भी प्रतिक्रिया दी है।
इसे भी पढ़ें- सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद उनके पिता ने पुलिस को दिया बड़ा बयान












Click it and Unblock the Notifications