इजराइल ने जॉर्डन के सांसद को किया गिरफ्तार, खाड़ी देशों में बढ़ा तनाव, विपक्षी नेताओं की बदले की मांग
इजराइल और जॉर्डन के बीच फिलीस्तीन को लेकर लड़ाई भी हो चुकी है, लेकिन बाद में दोनों देशों के बीच सुरक्षा समझौता हो गया, लेकिन जॉर्डन के विपक्षी नेता, सुरक्षा संबंधों को तोड़ने की मांग करते आए हैं।

Israel Arrested Jordan MP: जॉर्डन के विदेश मंत्रालय ने कहा है, कि इजराइल ने कब्जे वाले वेस्ट बैंक में हथियारों और सोने की कथित तस्करी से संबंधित एक मामले में जॉर्डन के एक सांसद को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके बाद खाड़ी देशों में एक बार फिर से तनाव बढ़ गया है।
जॉर्डन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सिनान मजली ने एक बयान में कहा है, कि जॉर्डन की संसद के एक सदस्य इमाद अल-अदवान, जो रविवार को कार से जॉर्डन नदी के पास देश की मुख्य सीमा रेखा को पार कर चुके थे, उन्हें इजराइली अधिकारियों द्वारा हिरासत में लिया गया था और उनसे पूछताछ की जा रही थी।
जॉर्डन की तरफ से कहा गया है, कि इजराइल ने उसके संसद सदस्य को कथित तौर पर हथियारों और सोने की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
इजराइल ने जॉर्डन के सांसद को पकड़ा
जॉर्डन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मजली ने कहा, कि "मंत्रालय और राज्य में सभी संबंधित एजेंसियां इस मुद्दे के विवरण का पता लगाने और इसे जल्द से जल्द हल करने के लिए काम कर रही हैं।" सांसद अल-अदवान को "हथियारों और सोने की कथित तस्करी से संबंधित एक मामले में पूछताछ के लिए" गिरफ्तार किया गया है।
वहीं, इजराइल की मीडिया का कहना है, कि जॉर्डन की तरफ से इजराइल के ऊपर अपने सांसद की तत्काल रिहाई के लिए भारी दबाव बनाया जा रहा है, लेकिन अभी तक इजराइल ने जॉर्डन के सांसद को छोड़ा नहीं है। हालांकि, इजराइल के विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने गिरफ्तारी की खबरों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।
आपको बता दें, कि सांसद अल-अदवान जॉर्डन संसद की फिलिस्तीन समिति के सदस्य हैं और उनकी उम्र 35 साल है। वहीं, इजराइली मीडिया की तरफ से एक वीडियो जारी किया गया है, जिसमें जमीन पर भारी संख्या में हथियारों को देखा जा रहा है। दावा किया गया है, कि ये हथियार जॉर्डन के सांसद के पास से मिले हैं, जिसे वो फिलीस्तीन में पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे।
इजराइली मीडिया ने बताया, कि उन्हें कब्जे वाले वेस्ट बैंक में किंग हुसैन ब्रिज (एलेनबी) सीमा पार से गिरफ्तार किया गया है। अल-अदवान की गिरफ्तारी पर इजराइली अधिकारियों की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
खाड़ी देशों में फिर से बढ़ा तनाव
रमजान के महीने में पहले ही इजराइल और फिलीस्तीन के बीच का तनाव काफी बढ़ चुका था और अल अक्सा मस्जिद में इजराइली सैनिकों के दाखिल होने के बाद युद्ध की नौबत आ गई थी और अब जॉर्डन के सांसद की हथियारों की तस्करी में शामिल होना और फिर उनकी गिरफ्तारी ने मिडिल ईस्ट के तनाव को बढ़ा दिया है।
अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, जॉर्डन के प्रमुख नेता खलील आतिया, जो इजराइल के मुखर विरोध के लिए जाने जाते हैं और जिन्होंने, इजराइल के साथ जॉर्डन की शांति संधि को निरस्त करने के लिए कई अभियानों का नेतृत्व किया है, उन्होंने कहा है, कि देश की सरकार को जिम्मेदार ठहराया जाएगा, यदि वह जल्दी से सांसद को इजराइल से वापस लाने में नाकाम रहती है।
अतिया ने कहा, कि "दुश्मन को देश की संसद के एक सदस्य को हिरासत में लेने और जेल भेजने से जॉर्डन की गरिमा को नुकसान पहुंचा है, इसीलिए माफी के लिए कोई जगह नहीं छोड़ी जानी चाहिए।"
आपको बता दें, कि भले ही सालों पहले इजराइल और जॉर्डन के बीच जंग हो चुकी है, मगर पिछले कुछ दशकों से इजराय और जॉर्डन के बीच काफी मजबूत सुरक्षा संबंध बन गये हैं। इजराइल, अपने अरब पड़ोसी देश जॉर्डन के साथ अपनी सबसे लंबी सीमा साझा करता है, लेकिन हाल के वर्षों में जॉर्डन के साथ फिलीस्तीन को लेकर एक बार फिर से दोनों देशों के बीच के संबंधों में खटास आई है, हालांकि यु्द्ध जैसी कोई स्थिति नहीं बनी है।
वहीं, जॉर्डन के ज्यादातर निवाली, फिलीस्तीनी मूल के हैं, लिहाजा संसद की गिरफ्तारी के बाद दोनों देशों के बीच का तनाव बढ़ गया है।












Click it and Unblock the Notifications