गाजा के बाद लेबनान पर फुल स्केल हमला करेगा इजराइल, सेना को मिली इजाजत, मिडिल ईस्ट को तबाह कर देंगे नेतन्याहू?
Israel-Lebanon Conflict: इजराइल के अधिकारियों ने घोषणा की है, कि इजराइल लेबनान में "पूरी तरह से युद्ध" के लिए तैयार है और हिज्बुल्लाह को निशाना बनाकर आक्रामक हमले की योजना को मंजूरी दे दी गई है।
इजराइली अधिकारियों की घोषणा के बाद अब एक और फ्रंट पर युद्ध शुरू होने की आशंका है, क्योंकि हिज्बुल्लाह भी काफी ज्यादा ताकतवर है और अगर इजराइल हमला करता है, तो ये हमला काफी ज्यादा विनाशक हो सकता है।

लेबनान से इजराइल की क्या है दुश्मनी?
लेबनान की इजराइल से लगती सीमा पर हिज्बुल्लाह का कब्जा है, जो गाजा युद्ध शुरू होने के बाद से ही इजराइल पर हमले कर रहा है और अब इजराइल ने फुल स्केल युद्ध की इजाजत दी है। मंगलवार देर रात इजराइल के विदेश मंत्री और सेना की ओर से किए गए दावे उस वक्त सामने आए हैं, जब हिज्बुल्लाह ने इजराइल पर ड्रोन फुटेज जारी किए हैं।
हिज्बुल्लाह ने जो वीडियो फुटेज जारी किया है, उसे दिन के समय फिल्माया गया है और वीडियो से पता चल रहा है, कि ये वीडियो हाइफा शहर का है, जो इजराइल का ना सिर्फ बंदरगाह वाला शहर है, बल्कि यहां पर मॉल और आवासीय क्वार्टरों सहित नागरिक और सैन्य क्षेत्रों के अलावा हथियार निर्माण परिसर और मिसाइल रक्षा बैटरियां भी हैं।
इजरायल के विदेश मंत्री इजरायल कैट्ज ने एक्स पर एक पोस्ट में जोरदार तरीके से इस वीडियो का जवाब दिया है, जिसमें हिजबुल्लाह प्रमुख हसन नसरल्लाह को हाइफा के बंदरगाहों को फिल्माने के बारे में शेखी बघार रहा है। आपको बता दें, कि हाइफा शहर में जो बंदरगाह है, उसे भारत की कंपनी अडानी ग्रुप और चीन की एक कंपनी संभालती है।
उन्होंने लिखा, "हम हिजबुल्लाह और लेबनान के खिलाफ नियमों को बदलने के फैसले के काफी करीब हैं। एक बार की फुल स्केल लड़ाई में हिजबुल्लाह नष्ट हो जाएगा और लेबनान को गंभीर नुकसान होगा।"

वहीं, बाद में इजरायली सेना ने एक बयान में कहा कि उत्तरी कमान के प्रमुख ओरी गॉर्डिन ने इजरायल की उत्तरी सीमा पर जमीनी हमला करने की योजना को मंजूरी दे दी है, जहां हिजबुल्लाह का बेस है। इजराइली सेना ने कहा है, कि "स्थिति का आकलन करने के बाद लेबनान में आक्रामक ऑपरेशन चलाने के लिए योजनाओं को मंजूरी दे दी गई है क्षेत्र में सैनिकों की तत्परता बढ़ाने के लिए फैसले लिए गए हैं।"
आपको बता दें, कि 7 अक्टूबर को इजरायल पर हुए हमलों के बाद गाजा पर युद्ध शुरू होने के कुछ समय बाद से ही इजरायल और हिजबुल्लाह सीमा पर लड़ाई में लगे हुए हैं। ये टकराव लगातार बढ़ रहा है, दोनों पक्ष कह रहे हैं, कि वे युद्ध के लिए तैयार हैं।
ऐसी रिपोर्ट है, कि हिजबुल्लाह का मुखिया नसरल्लाह आज शाम तक भाषण देने वाला है। उसने पहले भी कहा है, कि हिज्बुल्लाह अपने हमले तभी रोकेगा, जब इजराइल गाजा पर अपना आक्रमण रोकेगा, जिसमें कम से कम 37 हजार लोगों के मारे जाने का दावा किया गया है। युद्ध की शुरुआत से ही इजरायली सेना लगातार लेबनान पर हवाई हमले कर रही है। मंगलवार को इसने लेबनान के दक्षिण में कई क्षेत्रों में सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने का दावा किया है।
सोमवार को इजराइल ने कहा है, कि उसने ड्रोन हमले में हिजबुल्लाह के रॉकेट डिवीजन में एक "केंद्रीय ऑपरेटिव" को मार गिराया है। एक हफ्ते पहले इजराइल ने तालेब अब्दुल्ला की हत्या कर दी थी, जो इजरायल की सीमा और लिटानी नदी के बीच फ्रंट लाइन के पश्चिमी क्षेत्र को कवर करने वाले हिजबुल्लाह डिवीजन का कमांडर था।
हिजबुल्लाह ने हाल ही में कहा कि उसने 8 अक्टूबर से इजरायल के खिलाफ 2,100 से ज्यादा सैन्य अभियान चलाए हैं। लेकिन, अगर इजराइल और लेबनान के बीच युद्ध होता है, तो विनाशक तबाही मच सकती है।
पिछले आठ महीनों में लेबनान में पत्रकारों और पैरामेडिक्स समेत 400 से ज्यादा लोग मारे गए हैं, जिनमें से 25 की मौत इजरायल में हुई है। लेबनान में कम से कम 90,000 लोग विस्थापित हुए हैं और उत्तरी इजरायल में 60,000 से ज्यादा लोगों को अपने घरों से बाहर निकलने पर मजबूर होना पड़ा है।
इस बीच, व्हाइट हाउस के दूत अमोस होचस्टीन ने मंगलवार को लेबनान की यात्रा के दौरान कहा, कि अमेरिका तनाव को बढ़ने से रोकने के लिए कूटनीतिक रूप से प्रयास कर रहा है।
होचस्टीन ने बेरूत में संवाददाताओं से कहा है, कि "हमने पिछले कुछ हफ्तों में तनाव बढ़ता हुआ देखा है। और राष्ट्रपति बाइडेन जो करना चाहते हैं, वह यह है, कि तनाव को और ज्यादा बड़े युद्ध में बदलने से रोका जाए।"












Click it and Unblock the Notifications