Ishaq Dar: इशाक डार हो सकते हैं पाकिस्तान के अंतरिम प्रधानमंत्री, शहबाज शरीफ देंगे इस्तीफा, नाम फाइनल
Ishaq Dar Pakitan caretaker prime minister: पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के शीर्ष नेताओं ने तय किया है, कि मौजूदा वित्त मंत्री इशाक डार, पाकिस्तान के अंतरिम प्रधानमंत्री बनाए जाएंगे।
पाकिस्तान में अक्टूबर में आम चुनाव करवाने की तैयारियां अब जोर पकड़ने लगी हैं और संविधान के तहत पाकिस्तान में नियम है, कि चुनाव अंतरिम प्रधानमंत्री की देखरेख में करवाए जाते हैं, ताकि चुनाव को प्रभावित नहीं किया जा सके, लिहाजा शहबाज शरीफ अगले महीने अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।

पाकिस्तानी अखबार द एक्सप्रेस ट्रिब्यून के मुताबिक, अगले कार्यवाहक प्रधानमंत्री के लिए वित्त मंत्री इशाक डार की उम्मीदवारी के लिए पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) कानून में संशोधन करने की रविवार को पुष्टि की है।
इशाक डार होंगे पाकिस्तान के अंतरिम प्रधानमंत्री
सूत्रों के मुताबिक, वित्त मंत्री इशाक डार के नाम पर शहबाज शरीफ की पार्टी में सहमति बन गई है और खुद इशाक डार भी अगले चुनाव के नतीजे आने तक पाकिस्तान के अंतरिम प्रधानमंत्री का पद संभालने के लिए तैयार हो गये हैं।
अपनी उम्मीदवारी के बारे में सवालों के जवाब में, इशाक डार ने जोर देकर कहा, कि उन्हें किसी पद की आकांक्षा या पैरवी नहीं है और उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन के दौरान, वित्त मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को पहले ही पूरा कर लिया है।
इशाक डार अगर अंतरिम प्रधानमंत्री बनते हैं, को उनका कार्यकाल करीब 3 महीनों का होगा और अक्टूबर में पाकिस्तान में चुनाव करवाए जाएंगे और नये प्रधानमंत्री का चुनाव होने तक वो देश की बागडोर संभालेंगे। पहले अंतरिम प्रधानमंत्री का पद किसी सैन्य अधिकारी या किसी सरकारी अधिकारी को सौंपा जाता था, लेकिन इस बार शहबाज शरीफ की सरकार ने तय किया, कि अंतरिम प्रधानमंत्री किसी सरकारी अधिकारी को नहीं, बल्कि किसी राजनीतिक व्यक्ति को सौंपा जाएगा, ताकि चुनाव के बाद वो सत्ता को वापस चुनी हुई सरकार को सौंपने में आनाकानी ना करे।
कार्यवाहक प्रधान मंत्री के तौर पर इशाक डार की नियुक्ति के लिए अब शहबाज शरीफ की सरकार को चुनाव अधिनियम 2017 की धारा 230 में संशोधन करना होगा, जो अंतरिम सरकार को दिए गए अधिकार से संबंधित है। यह संशोधन तत्काल आर्थिक मामलों को संबोधित करने और अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने के लिए आवश्यक नीतियों को लागू करने के लिए कार्यवाहक व्यवस्था को सशक्त बनाएगा।
नवाज शरीफ करेंगे अंतिम फैसला
हालांकि, पाकिस्तान की सूचना प्रसारण मंत्री मरियम औरंगजेब ने कहा, कि आखिरी फैसला पीएमएल-एन सुप्रीमो नवाज शरीफ लेंगे, जो कार्यवाहक प्रधान मंत्री के नाम को अंतिम रूप देने के लिए गठबंधन सहयोगियों के साथ परामर्श करेंगे।
इसके बाद, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ संवैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए नेशनल असेंबली में विपक्ष के नेता के साथ बातचीत करेंगे।
दूसरी ओर, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के सूत्रों ने कार्यवाहक प्रधान मंत्री के रूप में इशाक डार की उम्मीदवारी के बारे में किसी भी पूर्व परामर्श से इनकार किया। पीपीपी सचिव सूचना और एसएपीएम फैसल करीम कुंडी ने कहा कि डार को कार्यवाहक प्रधान मंत्री बनाने के विचार पर अभी तक पीपीपी नेतृत्व के साथ चर्चा नहीं की गई है, उन्होंने चिंता व्यक्त की है, कि नियुक्ति से विवाद हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications