Israel-Hamas War: इजराइल-हमास युद्ध की आग में अमेरिका डाल रहा पेट्रोल? गाजा में आज कयामत का दिन...
Israel-Hamas Conflict: अक्टूबर की सात तारीख को सुबह साढ़े 6 बजे हमास के आतंकवादियों ने इजराइल के ऊपर करीब 20 मिनट में पांच हजार से रॉकेट दागे और उसके बाद से इजराइल, गाजा पट्टी से हमास के आतंकवादियों के खात्मे के लिए जंग लड़ रहा है। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमास का नामो-निशान मिटा देने की कसम खाई है।
दूसरी तरफ, जंग के 16 दिन पूरे हो चुके हैं और 17वें दिन, यानि आज आशंका इस बात को लेकर है, कि इजराइल गाजा पट्टी में भीषण बमबारी कर सकता है और आज गाजा के लोगों के लिए कयामत का दिन हो सकता है। इस बीच सवाल उठ रहे हैं, कि क्या अमेरिका इस युद्ध में पेट्रोल डालने का काम कर रहा है?

ये सवाल इसलिए उठ रहे हैं, क्योंकि अमेरिका ने इस क्षेत्र में और ज्यादा हथियार भेजने शुरू कर दिए हैं। अमेरिका अपने मिसाइल डिफेंस सिस्टम की तैनाती मिडिल ईस्ट में कर रहा है और कई एक्सपर्ट्स सवाल उठा रहे हैं, कि अमेरिका, इस युद्ध को बढ़ाने का काम कर रहा है, जबकि कई एक्सपर्ट्स का कहना है, कि अमेरिका अगर अपने हथियार नहीं भेजता, तो इजराइल काफी मुसीबत में फंस सकता था।
गाजा के लिए आज कयामत का दिन?
फिलिस्तीन प्रशासन ने दावा किया है, कि पिछले 24 घंटों में लगातार इजरायली हवाई हमलों के बाद पूरे गाजा में कम से कम 400 लोगों के मारे जाने की खबर है, जिसे फिलिस्तीनी मीडिया ने 7 अक्टूबर के हमास हमले के बाद "सबसे भारी बमबारी" बताया है। दूसरी तरफ रिपोर्ट आज को लेकर है, कि ग्राउंड ऑपरेशन शुरू करने से पहले आज इजराइल, गाजा में भीषण बमबारी कर सकता है।
फिलिस्तीनी समाचार एजेंसी वफा के मुताबिक, फ़िलिस्तीनी क्षेत्र में आवासीय क्षेत्रों पर कम से कम 25 इज़रायली हवाई हमले दर्ज किए गए हैं। वफ़ा ने दावा किया है, कि कई हमले बिना किसी चेतावनी के नागरिक घरों पर हुए हैं।
स्थिति विकराल इसलिए भी हो गई है, क्योंकि अस्पताल के मुर्दाघर में तब्दील हो जाने की सबसे बड़ी आशंका है। सीएनएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, गाजा के डॉक्टरों ने चेतावनी दी है, कि गाजा में बिजली की आपूर्ति बाधित होने की वजह से वेंटिलेटर पर निर्भर कई नवजातों की जिंदगी खतरे में आ गये हैं और अब उनका बचना मुश्किल हो गया है। डॉक्टर्स ने अपने अस्पताल की स्थिति की गंभीर तस्वीर पेश की है।
रविवार को गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी एक वीडियो में, अल-शिफा अस्पताल में नवजात शिशु विभाग इकाई के प्रमुख डॉ. फुआद अल-बुलबुल ने कहा, कि बिजली आपूर्ति में कोई भी रुकावट "विनाशकारी" साबित होगी।
डॉ. अल-बुलबुल ने कहा है, कि अस्पताल के जनरेटर चालू रखने और बिजली चालू रखने के लिए आवश्यक ईंधन आपूर्ति खतरनाक रूप से कम है। इससे पहले रविवार को, फिलिस्तीन शरणार्थियों की सहायता करने वाली संयुक्त राष्ट्र एजेंसी (यूएनआरडब्ल्यूए) ने चेतावनी दी थी, कि उसके ईंधन भंडार तीन दिनों में खत्म हो जाएंगे, जिससे गाजा में मानवीय प्रयास खतरे में पड़ जाएंगे।

अमेरिका पर क्यों लग रहे हैं आरोप?
इजराइल और हमास के बीच चल रहे युद्ध के बीच पेंटागन ने शनिवार को कहा है, कि अमेरिका मध्य पूर्व में एक टर्मिनल हाई एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस (THAAD) मिसाइल डिफेंस सिस्टम और एडिशनल पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम बटालियन भेज रहा है।
संयुक्त राज्य अमेरिका ने हाल के हफ्तों में मध्य पूर्व में भारी संख्या में नौसैनिक शक्ति भेजी है, जिनमें दो एयरक्राफ्ट कैरियर, उनके सहायक जहाज और करीब 2,000 से ज्यादा नौसैनिक शामिल हैं। इज़राइल-हमास युद्ध के दौरान क्षेत्रीय तनाव बढ़ने के कारण वाशिंगटन ईरान समर्थित समूहों की गतिविधियों को देखते हुए सतर्क है।
अमेरिका के विदेश मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने कहा है, अमेरिका अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती मिडिल ईस्ट में कर रहा है। पेंटागन ने पहले से ही लगभग 2,000 सैनिकों को इस क्षेत्र में तैनात करने की जरूरत पड़ने पर तैयार रहने की स्थिति में रखा है। ऑस्टिन ने कहा, कि "ये कदम रिजनल डेटरेंट प्रयासों को बढ़ावा देंगे, क्षेत्र में अमेरिकी बलों के लिए बल सुरक्षा बढ़ाएंगे और इज़राइल की रक्षा में सहायता करेंगे।"

गाजा में अभी तक कितने लोगों की मौतें?
गाजा में फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 7 अक्टूबर से गाजा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,651 हो गई है और 14,245 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
मध्य गाजा में अल अक्सा शहीद अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा, रात भर इजराइली हमले जारी रहे हैं और उन्होंने रविवार को 'खूनी दिन' कहा है।
गाजा में हालात क्या हैं, इसका अंदाजा आप इसीबात से लगा सकते हैं, कि कई माता-पिता ने अपने बच्चों के पैरों पर उनका नाम और उनकी पूरी पहचान लिखना शुरू कर दिया है, ताकि अगर वो बिछड़ जाएं, या उनकी मौत हो जाए, तो बच्चों की पहचान हो सके। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है, कि गाजा पट्टी की मुख्य चिकित्सा सुविधा, अल-शिफा अस्पताल में, बिजली और ईंधन की आपूर्ति कम होने के कारण डॉक्टरों को सैकड़ों किडनी रोगियों के लिए डायलिसिस सत्र की अवधि कम करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
ग्राउंड ऑपरेशन की जल्द शुरूआत
इजराइल डिफेंस फोर्स के एक प्रवक्ता ने रविवार को कहा है, कि गाजा में ग्राउंड ऑपरेशन की तैयारी के दौरान इजराइल रक्षा बल के एक सैनिक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। जानकारी देने वाले दो सूत्रों के मुताबिक, अमेरिकी सरकार ने हमास से ज्यादा से ज्यादा बंधकों की रिहाई और गाजा में सहायता के लिए इजरायल पर अपने अभियान में देरी करने के लिए दबाव डाला है।
इस बीच, आईडीएफ का कहना है कि वह फिलिस्तीनी क्षेत्र पर अपने हवाई हमले बढ़ा रहा है, और एक बार फिर उसने नागरिकों से पट्टी के उत्तरी हिस्सों को छोड़ने का आह्वान किया है।












Click it and Unblock the Notifications