Iran-Israel conflict: डोनाल्ड ट्रम्प का दावा- अमेरिकी हमलों की वजह ने रुका ईरान-इजराइल युद्ध
Iran-Israel conflict: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध को समाप्त करने का श्रेय अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को दिया है। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी हमलों ने दोनों देशों को युद्ध रोकने पर मजबूर कर दिया। ट्रंप ने कहा, "अमेरिकी बमवर्षकों ने ईरानी परमाणु ठिकानों पर बम गिराए, जिसके बाद यह युद्ध अनिवार्य रूप से बंद हो गया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अमेरिकी हमलों के कारण ही दोनों देशों के बीच शत्रुता समाप्त हुई।
नीदरलैंड में नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए ट्रंप ने ये भी दावा किया कि अमेरिका और ईरान के बीच अच्छा तालमेल है। इसके साथ ही ट्रम्प ने जानकारी दी कि अमेरिकी और ईरानी अधिकारियों के अगले सप्ताह बातचीत में शामिल होने की उम्मीद है। ट्रम्प ने कहा, "मैं आपको बताता हूं , हम अगले सप्ताह ईरान के साथ बात करने जा रहे हैं। मुझे नहीं पता पता कि क्या हम एक समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे।"

हिरोशिमा-नागासाकी से की तुलना
नाटो के शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति ट्रंप ने इजराइलऔर ईरान को हुए नुकसान का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले दो हफ्तों में ईरान और इजरायल दोनों ने अपने नागरिकों और संपत्ति का भारी नुकसान उठाया है ट्रंप ने ईरान-इजरायल युद्ध की तुलना 1945 में जापान पर किए गए अमेरिकी परमाणु हमलों से की, जिसमें हिरोशिमा और नागासाकी शहर नष्ट हो गए थे।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका द्वारा ईरान के तीन परमाणु स्थलों पर हमला करने से यह युद्ध समाप्त हो गया। उन्होंने कहा "मैं हिरोशिमा का उदाहरण नहीं देना चाहता, नागासाकी का भी उदाहरण नहीं देना चाहता लेकिन ये ठीक उसी तरह से है। जैसे उन दोनों शहरों पर परमाणु हमले ने द्वितीय विश्व युद्ध खत्म करा दिया था, उसी तरह ईरान के तीन ठिकानों पर अमेरिकी हमले ने ईरान-इजरायल जंग खत्म करवा दिया।"
ईरान के परमाणु प्रोग्राम के बारे में क्या बोले ट्रंप?
नाटो शिखर सम्मेलन में भाग लेने हेग गए ट्रंप से मीडिया द्वारा ईरान के परमाणु कार्यक्रम के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा युद्ध के दौरान तेहरान को भारी नुकसान हुआ और उसे अपनी परमाणु हथियार महत्वाकांक्षाओं को त्यागना पड़ा। ट्रंप ने कहा, अमेरिकी हवाई हमलों ने ईरान के परमाणु बुनियादी ढांचे को काफी हद तक पंगु बना दिया है। उन्होंने कहा "जिस तरह से मैं इसे देखता हूं, उन्होंने लड़ाई लड़ी, युद्ध खत्म हो गया।"उन्होंने कहा चीजें "बहुत अच्छी तरह" चल रही हैं, और कहा कि ईरान के पास "बम नहीं होगा और वे समृद्ध नहीं होंगे।"
ट्रंप ने कहा "मुझे नहीं लगता कि वे फिर कभी ऐसा कर पाएंगे। वे अपना तेल ले लेंगे, वे अपनी मिसाइलें ले लेंगे और अपनी रक्षा करेंगे... मुझे लगता है कि वे ऐसा कर चुके हैं। वे अभी-अभी नरक से गुजरे हैं। आख़िरी चीज जो वे करना चाहेंगे वह है संवर्धन करना। वे संवर्धन करने की कोशिश कर रहे थे। वैसे, संवर्धन करना कठिन है। उन्होंने ऐसा करने की कोशिश में खरबों डॉलर खर्च किए, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाए।"












Click it and Unblock the Notifications