Iran Israel Ceasefire Status: ईरान और इज़रायल में सीज़फायर हुआ या नहीं? यहां पढ़ें ताजा हाल
Iran-Israel Ceasefire Status: इज़रायल और ईरान के बीच छिड़ी जंग अब सिर्फ इन दो देशों तक सीमित नहीं रही इसकी आग पूरे मध्य पूर्व में फैल गई है। दोनों तरफ से मिसाइल और ड्रोन हमलों की बारिश हो रही है, जिससे आम लोगों की जान खतरे में पड़ गई है और हालात दिन-ब-दिन बिगड़ते जा रहे हैं। ऐसे में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब सीज़फायर यानी युद्धविराम होने जा रहा है। उनका दावा है कि इज़रायल और ईरान दोनों ही इस पर राज़ी हो गए हैं।
लेकिन असली सवाल ये है क्या वाकई ऐसा हुआ? क्या दोनों देश मान गए ट्रंप की बात? या फिर ये बस एकतरफा ऐलान है जिसका ज़मीन पर कोई असर नहीं पड़ा? इस रिपोर्ट में हम आपको बताएंगे कि ईरान और इज़रायल ने सीज़फायर को लेकर क्या कहा है, और फिलहाल मैदान-ए-जंग में क्या हालात हैं।

'युद्धविराम अब प्रभावी है'
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सीजफायर को लेकर एक बार फिर से जानकारी दी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा कि, युद्धविराम अब प्रभावी है। कृपया इसका उल्लंघन न करें!
इज़रायल पर मिसाइल हमलों के बाद युद्धविराम शुरू
ईरानी टेलीविजन चैनल प्रेस टीवी के अनुसार, इज़रायल पर कई मिसाइल हमलों के तुरंत बाद युद्धविराम प्रभाव में आ गया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि ईरान द्वारा दागे गए मिसाइलों की अधिकांश संख्या को इज़रायली रक्षा प्रणाली ने बीच में ही मार गिराया, लेकिन एक मिसाइल बेर्शेवा शहर में एक अपार्टमेंट बिल्डिंग से जा टकराई। इस हमले में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
ये भी पढ़ें Iran vs Israel: ट्रंप फिर 'बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना', ईरान ने खारिज किया सीजफायर का दावा
IDF ने दी राहत की खबर
वहीं इजरायल की आईडीएफ होम फ्रंट कमांड ने ऐलान किया है कि, अब नागरिकों को बम शेल्टर के अंदर रहने की ज़रूरत नहीं देशभर में अब आम नागरिकों को बम शेल्टर के निकट रहने की आवश्यकता नहीं है। यह घोषणा इज़रायली रक्षा बल (IDF) के होम फ्रंट कमांड द्वारा की गई है।
इज़रायली सरकार ने ट्रंप का किया धन्यवाद
वहीं सीजफायर को लेकर इज़रायली सरकार ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए अमेरिका और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा है कि, इज़रायल राष्ट्रपति ट्रंप और अमेरिका का उनके रक्षात्मक समर्थन और ईरानी परमाणु खतरे को समाप्त करने में भागीदारी के लिए आभार प्रकट करता है। ऑपरेशन के लक्ष्यों की प्राप्ति और राष्ट्रपति ट्रंप के साथ पूर्ण समन्वय के बाद, इज़रायल राष्ट्रपति द्वारा प्रस्तावित द्विपक्षीय युद्धविराम को स्वीकार करता है। इज़रायल यह स्पष्ट करता है कि युद्धविराम के किसी भी उल्लंघन पर वह सख़्ती से प्रतिक्रिया देगा। इज़रायल के नागरिकों को तब तक इज़रायली रक्षा बल (IDF) के होम फ्रंट कमांड द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते रहना चाहिए, जब तक युद्धविराम का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित नहीं हो जाता।'
अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हमले के बाद सीज़फायर का ऐलान
ईरानी सेना ने अमेरिका द्वारा ईरान के परमाणु केंद्रों पर की गई सैन्य कार्रवाई का बदला लेते हुए, कतर और इराक में स्थित अमेरिकी एयरबेस पर जवाबी हमला किया। इस हमले के बाद हालात अचानक गंभीर हो गए। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक चौंकाने वाला कदम उठाते हुए सीज़फायर की घोषणा कर दी।
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने आधिकारिक पोस्ट में लिखा, 'सभी को हार्दिक बधाई! इज़रायल और ईरान के बीच पूर्ण और व्यापक युद्धविराम पर सहमति बन गई है। यह सीज़फायर लगभग छह घंटे बाद प्रभावी होगा, जब दोनों देश अपनी मौजूदा सैन्य गतिविधियाँ पूरी तरह समाप्त कर लेंगे। यह युद्धविराम 12 घंटे का होगा, जिसके बाद इस संघर्ष को औपचारिक रूप से समाप्त माना जाएगा। ट्रंप के मुताबिक, युद्धविराम की शुरुआत आधिकारिक रूप से ईरान द्वारा की जाएगी, और 12वें घंटे पर इज़रायल इसका पालन करेगा। 24वें घंटे पर 12 दिवसीय युद्ध की औपचारिक समाप्ति की वैश्विक स्तर पर घोषणा और सराहना की जाएगी।
ये भी पढ़ें Israel Iran War: खामनेई का घमंड ले डूबेगा ईरान को? मुस्लिम देश भी नहीं आ रहे खुलकर साथ
ट्रंप ने यह भी कहा कि, 'सीज़फायर के दौरान दोनों पक्ष शांति और सम्मान का वातावरण बनाए रखेंगे। यदि सब कुछ योजना के अनुसार चलता है और ऐसा अवश्य होगा तो मैं इज़रायल और ईरान, दोनों देशों को उनके धैर्य, साहस और विवेक के लिए बधाई देता हूं। यह एक ऐसा युद्ध था जो वर्षों तक चल सकता था और पूरे मध्य पूर्व को तबाह कर सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और अब कभी नहीं होगा।' अंत में उन्होंने कहा, ईश्वर इज़रायल को आशीर्वाद दे, ईश्वर ईरान को आशीर्वाद दे, ईश्वर मध्य पूर्व को आशीर्वाद दे, ईश्वर अमेरिका को आशीर्वाद दे और ईश्वर सम्पूर्ण विश्व को आशीर्वाद दे!
लेकिन ट्रंप के इस पोस्ट के बावजूद भी दोनों देशों ने सीजफायर को तोड़ते हुए एक दूसरे पर अटैक कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications