Donald Trump Iran execution claim: ट्रंप के 'झूठ' पर ईरान ने लगाई लताड़, 800 फांसी रोकने के दावे पर क्या कहा?
Donald Trump Iran Execution Claim: ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर है, लेकिन इस बार मामला कूटनीति से ज्यादा दावों और बयानों का है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि उनके एक इशारे और चेतावनी के बाद ईरान ने 800 से अधिक बंदियों की फांसी की सजा रोक दी।
ट्रंप ने इस "बदलाव" के लिए तेहरान का शुक्रिया भी अदा किया। हालांकि, ईरान ने ट्रंप के इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए इसे 'पूरी तरह फर्जी' और 'झूठा प्रोपेगेंडा' करार दिया है। ईरान की न्यायपालिका का कहना है कि न तो ऐसी कोई संख्या थी और न ही ऐसा कोई फैसला लिया गया।

ट्रंप का '800 फांसी' वाला दावा और चेतावनी
डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में बयान दिया था कि ईरान ने उनके दबाव में आकर 800 से ज्यादा लोगों की फांसी रद्द कर दी है। ट्रंप का तर्क था कि उन्होंने ईरान को साफ चेतावनी दी थी कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों की सामूहिक फांसी अमेरिका की 'रेड लाइन' को पार करना होगा। ट्रंप ने इस कदम को अपनी जीत बताते हुए कहा कि इससे अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का खतरा टल गया है। उन्होंने तेहरान को इस फैसले के लिए धन्यवाद भी दिया, जिसे दुनिया भर में बड़ी कूटनीतिक जीत की तरह देखा गया।
ये भी पढ़ें: Trump Hand Mark: क्या बीमार हैं डोनाल्ड ट्रंप? दावोस की मीटिंग में हाथ पर दिखा गहरा जख्म, खुद बताई इसकी वजह?
ईरान की न्यायपालिका का कड़ा पलटवार
ईरान के पब्लिक प्रॉसिक्यूटर और न्यायपालिका ने ट्रंप के दावों पर तुरंत सफाई देते हुए इसे कोरी बकवास बताया। तेहरान का कहना है कि ट्रंप जिन 800 कैदियों की बात कर रहे हैं, ऐसी कोई संख्या रिकॉर्ड में ही नहीं है। ईरान ने साफ किया कि उनकी न्यायपालिका स्वतंत्र रूप से काम करती है और किसी भी विदेशी दबाव या 'अमेरिकी रेड लाइन' के डर से फांसी की सजाओं को रोकने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है। ईरान के अनुसार, ट्रंप केवल भ्रामक खबरें फैला रहे हैं।
ईरान में हिंसा और गिरफ्तारियों के खौफनाक आंकड़े
एक तरफ दावों की जंग जारी है, तो दूसरी तरफ मानवाधिकार कार्यकर्ता ईरान के भीतर की डरावनी तस्वीर पेश कर रहे हैं। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान में जारी विरोध प्रदर्शनों और सरकार की कार्रवाई में मरने वालों की संख्या 5002 तक पहुंच गई है, जिसमें बच्चे और आम नागरिक भी शामिल हैं। इसके अलावा लगभग 26,800 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि ट्रंप के दावे और ईरान के इनकार के बीच जमीनी हकीकत काफी दर्दनाक है।
ये भी पढ़ें: Trump Canada Row: ट्रंप का बड़ा एक्शन! बोर्ड ऑफ पीस से बाहर हुआ कनाडा, क्या 1 बिलियन डॉलर बना विवाद की वजह?
राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन की सीधी चेतावनी
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा है कि ईरान की आर्थिक बदहाली और मौतों के लिए ट्रंप ही जिम्मेदार हैं। उन्होंने साफ किया कि अगर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई पर कोई भी आंच आई, तो उसे पूरे राष्ट्र के खिलाफ 'युद्ध की घोषणा' माना जाएगा। ईरान ने ट्रंप को 'अपराधी' बताते हुए कहा कि अमेरिकी प्रतिबंधों ने ईरानी जनता का जीना मुहाल कर दिया है और ट्रंप के बेतुके बयान आग में घी डालने का काम कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications