5 कैदियों के बदले ईरान को 50 हजार करोड़ देगा US, आखिर कौन हैं वो लोग जिनके लिए इतनी बड़ी कीमत चुका रहा देश?
ईरान और अमेरिका के बीच कैदियों को छुड़ाने को लेकर एक डील हुई है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में इस डील से परिचित अधिकारियों ने बताया है कि अमेरिका अपने नागरिकों के बदले साउथ कोरिया में सीज किए गए ईरान के 6 अरब डॉलर रिलीज करेगा।
रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका ने कहा है कि जब कैदियों को रिहा कर दिया जाएगा तो ईरान को कतर के रास्ते पैसा भेजा जाएगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इस पूरे प्रक्रिया में कितना समय लगेगा।

रिपोर्ट के मुताबिक इस डील के तहत ईरान ने गुरुवार को अपनी कुख्यात एविन जेल से अमेरिकी कैदियों को निकाल दिया है और उन्हें एक होटल में नजरबंद करके रखा है। इन कैदियों में सियामक नमाजी, इमाद शार्घी और पर्यावरणविद मोराद तहबाज शामिल हैं, जिन्हें जासूसी के निराधार आरोप में जेल में डाल दिया गया था।
ईरान ने 51 वर्षीय नमाजी को 2015 में गिरफ्तार किया गया था और एक साल बाद जासूसी के आरोप में 10 साल जेल की सजा सुनाई गई थी, जिसे अमेरिका ने निराधार बताया था। तहबाज को 2018 में गिरफ्तार किया गया था।
अमेरिका के लिए जासूसी करने के आरोप में उन्हें भी 10 सालों की सजा सुनाई गई थी। इसके अलावा तीसरे कैदी शार्गी को 2020 में जासूसी का दोषी ठहराया गया था और 10 साल की सजा भी सुनाई गई थी।
इसके अवाला बाकी 2 लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक रिहाई की व्यवस्था के बारे में जानकारी देने वाले दो लोगों के अनुसार, इनमें से एक वैज्ञानिक है, और दूसरा एक व्यवसायी है।
बंधक बनाए गए ये सभी अमेरिकी नागरिक ईरान मूल के हैं। कैदियों में से एक का प्रतिनिधित्व करने वाले अमेरिका स्थित वकील जेरेड गेन्सर ने कहा कि पांचों को भारी सुरक्षा के साथ एक होटल में रखा जा सकता है। गेन्सर ने कहा कि ईरान द्वारा अमेरिकी बंधकों को एविन जेल से बाहर निकालना एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने गुरुवार को पांच अमेरिकियों से बात की। इस दौरान वे बहुत खुश नजर आ रहे थे। वार्ता से परिचित एक दूसरे सूत्र ने कहा कि अमेरिकी नागरिकों को ईरान छोड़ने में कई हफ्ते लग सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक यदि धनराशि दक्षिण कोरियाई बैंकों से किसी अन्य वित्तीय संस्थान में स्थानांतरित की जाती है, तो यह एक प्रतिबंधित खाते से दूसरे खाते में चली जाएगी और इसका उपयोग केवल मानवीय उद्देश्यों जैसे भोजन या दवा खरीदने के लिए किया जा सकता है।
ईरान की अर्ध-आधिकारिक तस्नीम समाचार एजेंसी ने कहा कि धनराशि को पहले दक्षिण कोरियाई मुद्रा से यूरो में परिवर्तित किया जाएगा और फिर कतर में एक खाते में भेजा जाएगा, जिसके बाद ये ईरान तक पहुंच जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications