'Covid Vaccine लोगों को बना देती है समलैंगिक', ईरान के धर्मगुरु का अजीब दावा
Covid Vaccine Turns People Gay: तेहरान। ईरान में एक धर्मगुरु ने कोविड वैक्सीन को लेकर अजीबो-गरीब दावा किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उन्होंने दावा किया है कि कोविड वैक्सीन का टीका लोगों को समलैंगिक बना देती है। ईरानी धर्मगुरु ने कहा कि लोगों को उनसे दूर रहना चाहिए जिन्होंने कोविड वैक्सीन का टीका लगवाया हो।

यरूशलम पोस्ट की खबर के मुताबिक अयातोल्लाह अब्बास तबरीजियन ने टेलीग्राम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा "जिन लोगों ने कोविड वैक्सीन लगवाई है उनके पास मत जाओ। वे लोग समलैंगिक हो चुके हैं।" टेलीग्राम पर अयातोल्लाह के 2.10 लाख फॉलोवर्स हैं।
पहले भी दे चुके हैं इस तरह के बयान
ये कोई पहली बार नहीं है जब अयातोल्लाह अब्बास ने पश्चिमी दवाओं के खिलाफ बयान दिया है। पिछले साल जनवरी में उनका अमेरिका की वैज्ञानिक किताब जलाने का एक वीडियो सामने आया था। उन्होंने कहा था कि इस्लामिक दवा आने के बाद इस तरह की किताबें अप्रासंगिक हो गई हैं।
बता दें कि ईरान में समलैंगिकता अपराध है और इसका दोषी पाए जाने पर मौत की सज़ा का प्रावधान है। ऐसा माना जाता है कि 1979 की ईरान की क्रांति के बाद अब तक हजारों लोगों को इस अपराध के लिए मौत की सज़ा दी जा चुकी है।
2019 में ईरानी विदेश मंत्री जावीद जरीफ ने जर्मन समाचार संस्थान डायचे वेले को दिए एक इंटरव्यू में समलैंगिकता के बारे में कहा था कि "हमारे समाज के अपने नैतिक सिद्धांत हैं। और हम इन सिद्धांतों के अनुसार जीवन जीते हैं। ये लोगों के सामान्य व्यवहार से संबंधित सिद्धांत हैं जिसका मतलब है कि कानून का सम्मान किया जाता है और कानून का पालन किया जाता है।"
कोरोना वायरस वैक्सीन को लेकर ईरान के सुप्रीम लीडर अयातोल्ला खामनेई भी शक जाहिर कर चुके हैं। यही नहीं उन्होंने तो अमेरिका और ब्रिटेन से कोविड वैक्सीन के आयात पर रोक भी लगाई थी।












Click it and Unblock the Notifications