Iran air strikes: भारत ने ईरान का तो चीन ने दिया पाक का साथ, मिसाइल अटैक पर चल रहे घमासान में अमेरिका भी कूदा
पाकिस्तान आतंकवादियों की शरणस्थली है। भारत के इस दावे को पुष्ट करते हुए ईरान ने मंगलवार रात बलूचिस्तान में आतंकी संगठन जैश-अल-अदल के ठिकानों पर हवाई हमले किए। पाकिस्तान के मुताबिक इसमें 2 बच्चों की मौत हो गई है जबकि कई लोग घायल भी हुए हैं। ईरान की इस कार्रवाई के बाद दो प्रमुख इस्लामी देशों के बीच तनाव बढ़ गया है।
अब भारत, चीन सहित अमेरिका ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है। भारत ने इस मामले में सधा हुआ बयान देते हुए कहा कि ईरान को आत्मरक्षा में यह कदम उठाने का अधिकार है। भारत के विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि हम मानते हैं कि इस एक्शन का फैसला आत्मरक्षा में लिया गया था।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा, यह ईरान और पाकिस्तान के बीच का मामला है। जहां तक भारत का सवाल है, आतंकवाद के खिलाफ हमारी नीति जीरो टॉलरेंस वाली है। हम आत्मरक्षा में दूसरे देशों की ओर से उठाए जाने वाले ऐसे कदमों समझ सकते हैं।
वहीं इस मसले पर चीन का भी बयान आया है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने बुधवार को कहा कि बीजिंग का मानना है कि दोनों देशों को संयुक्त राष्ट्र के सिद्धांतों का पालन करना चाहिए। हर देश को दूसरे देशों की संप्रभुता, स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता का ईमानदारी से सम्मान करना चाहिए।
प्रवक्ता निंग ने कहा कि ईरान और पाकिस्तान पड़ोसी और इस्लामिक राष्ट्र हैं। इसलिए दोनों को संयम बरतना चाहिए। हम दोनों देशों से तनाव बढ़ाने वाली कार्रवाइयों से बचने का आह्वान करते हैं।
अमेरिका ने क्या कहा?
ईरान द्वारा पाकिस्तान में एयर स्ट्राइक करने की अमेरिका ने निंदा की है। अमेरिका के विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने कहा है कि हमने पिछले कुछ दिनों में ईरान को अपने तीन पड़ोसियों की संभ्रुता का उल्लंघन करते देखा है। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।
क्या है मामला?
ईरान ने मंगलवार को बलूचिस्तान के पंजगुर शहर पर मिसाइलें दागी थी। पाकिस्तान का दावा है कि इस हमले में दो बच्चों की मौत हुई है जबकि 3 लोग घायल हैं। इस हमले से नाराज पाकिस्तान ने ईरान के राजदूत को देश से निकाल दिया है और तेहरान में मौजूद अपने राजदूत को वापस बुला लिया है।
पाकिस्तान ने दिया जवाब!
पाकिस्तानी मीडिया ने दावा किया है कि पाकिस्तान ने ईरान में कई आतंकवादी ठिकानों पर हमला किया है। यह हमला ईरान के सरवन शहर स्थित बलूच विद्रोहियों के ठिकानों पर किया गया है। हालांकि इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारी जानकारी सामने नहीं आई है।












Click it and Unblock the Notifications