Shivani Raja: दिल में हिंदू-हाथ में गीता, शिवानी राजा ने ब्रिटेन में रचा इतिहास, खुलकर सनातन धर्म का समर्थन
Shivani Raja: भारतीय मूल की 29 वर्षीय शिवानी राजा सुर्खियों में हैं। जिस तरह से उन्होंने ब्रिटेन के चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद संसद में भगवद गीता पर शपथ ली, उसके बाद चर्चा में हैं। तकरीबन चार दशक के बाद लीसेस्टर ईस्ट से निर्वाचित होने वाली शिवानी पहली टोरी सांसद बनीं हैं।
शिवानी राजा ने लंदन के पूर्व डिप्टी मेयर राजेश अग्रवाल को 4426 वोटों से हराया है। इस जीत के बाद जब शिवानी संसद पहुंचीं तो उन्होंने भगवत गीता पर शपथ ली। इसका वीडियो भी शिवानी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

परिवार का इतिहास
शिवानी राजा का जन्म 1994 में लीसेस्टर में हुआ था। उनके पिता 1970 में केन्या से यहां आए थे जबकि उनकी मां गुजरात के राजकोट से आई थीं। शिवानी का परिवार यहां लीसेस्टरशायर के रशी मीड में बस गया था।
राजा ने डी मोंटफोर्ट यूनिवर्सिटी से फार्मास्युटिकल और कॉस्मेटिक साइंस में डिग्री हासिल की और इंग्लैंड में कई प्रमुख कॉस्मेटिक ब्रांड के साथ काम किया।
राजा अपने परिवार के व्यवसाय में भी शामिल हैं। उनका परिवार प्रॉपर्टी, कंस्ट्रक्शन और हॉस्पिटैलिटी के बिजनेस में है। राजा को बड़ी राजनीतिक सफलता तब मिली जब उन्होंने अग्रवाल के 10,100 वोटों के मुकाबले 14,526 वोट हासिल किया और लीसेस्टर ईस्ट पर लेबर पार्टी के 37 साल के कब्जे को समाप्त कर दिया।
खुलकर हिंदू धर्म का समर्थन
अपने चुनावी अभियान के दौरान शिवानी ने लीसेस्टर में ब्रिटिश-भारतीय समुदाय से खुद को जोड़ा और इसमे उन्हें अपार सफलता मिली। उन्होंने पारंपरिक गरबा नृत्य कार्यक्रमों में भाग लिया, मंदिरों का दौरा किया और सूरत के मेयर दक्षेश मवानी के साथ भी नजर आईं, जिसके जरिए उन्होंने भारत के साथ अपने संबंध को भी उजागर किया।
भारत-पाक मैच के बाद झड़प
जब वर्ष 2022 में लीसेस्टर में भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच हुआ तो इस दौरान हिंदू-मुस्लिम के बीच झड़प हुई। इस दौरान शिवानी ने खुलकर हिंदू समुदाय का साथ दिया।
उस दौरान शिवानी ने कहा कि लोग निराश थे और उनका राजनेताओं पर से भरोसा उठ गया था। इसकी बड़ी वजह थी कि पिछले सांसदों ने दंगों के दौरान उनका साथ नहीं दिया। बिना किसी से बात किए हिंदुओं को दोषी ठहराया गया।
हिंदू संप्रदाय का समर्थन
दरअसल 2022 में जब भारत-पाकिस्तान के बीच मैच हुआ था तो इसके बाद यहां सांप्रदायिक हिंसा हुई थी। इस दौरान हिंदुओं के घरों, व्यवसायों, धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया गया था। लेकिन शिवानी राजा ने इस दौरान खुलकर हिंदू संप्रदाय के लोगों का समर्थन किया था।
शिवानी ने यहां हिंदुओं को साथ लाने का अभियान शुरू किया। शिवानी ने लीसेस्टर में हिंदू कथावाचक गिरिबापू के शिव कथा कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके अलावा सनातन मंदिर के कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
23 भारतीय मूल के सांसद ब्रिटेन की संसद पहुंचे
बता दें कि ब्रिटेन के हालिया चुनाव में संसद में नए सांसदों की बाढ़ आ गई, जिनमें 23 भारतीय मूल के हैं। इस बार संसद में शिवानी राजा के साथ हैरो ईस्ट से सांसद बॉब ब्लैकमैन, बिहार में जन्मे लेबर सांसद कनिष्क नारायण और विपक्षी नेता ऋषि सुनक ने भी भगवद गीता पर शपथ ली।












Click it and Unblock the Notifications