अफगानिस्तान: काबुल आतंकी हमले में भारतीय अमेरिकी अनिल राज की मौत, माइक पोंपेयो ने जताया दुख
वॉशिंगटन। भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक अनिल राज की काबुल में हुए एक आतंकी हमले में मौत हो गई है। अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपेयो ने मंगलवार को इस बात की पुष्टि की है। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में 24 नवंबर को आतंकी हमला हुआ था जिसमें यूनाइटेड नेशंस (यूएन) की एक गाड़ी को निशाना बनाया गया था।

24 नवंबर को हुआ था हमला
माइक पोंपेयो ने इस बारे में मीडिया को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया, 'बहुत ही भारी मन के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि अमेरिकी नागरिक, कैलिफोर्निया के अनिल राज की 24 नवंबर का काबुल में यूएन की गाड़ी पर हुए आतंकी हमले में मौत हो गई है। हमले में पांच नागरिक भी घायल हैं।' पोंपेयो ने इसके साथ ही अनिल के परिवार और उनके दोस्तों के लिए संवेदनाएं जताई हैं। साथ ही जो लोग घायल हैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। पोंपेयो ने आगे कहा, 'अफगान के लोगों की मदद करने वाले यूएन पर्सनल को निशाना बनाने वाले हमले समझ से परे हैं और हम इनकी कड़ी निंदा करते हैं।' विदेश विभाग की ओर से अनिल राज के बारे में कोई और ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है। इस हमले की जिम्मेदारी किसी भी संगठन ने नहीं ली है लेकिन जिस जगह पर हमला हुआ वहां तालिबान और आईएसआईएस दोनों ही सक्रिय हैं।












Click it and Unblock the Notifications