Indian man attacked in Dublin: आयरलैंड में निशाने पर भारतीय, रंग देख किया हमला
Indian man attacked in Dublin hate crime: आयरलैंड की राजधानी डबलिन के टालाहट (Tallaght) क्षेत्र से एक बेहद चिंताजनक और निंदनीय घटना सामने आई है, जहाँ एक भारतीय नागरिक पर भीड़ ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि यह हमला नस्लीय घृणा से प्रेरित था और इसे संभावित 'हेट क्राइम' के रूप में देखा जा रहा है।
पीड़ित भारतीय व्यक्ति की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई गई है, हालांकि उनकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। यह घटना न केवल आयरलैंड में प्रवासी सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मानवाधिकारों और सहिष्णुता पर गहरी चिंता पैदा करती है।

बच्चों के आसपास 'अनुचित व्यवहार' का झूठा आरोप
घटना 19 जुलाई, शनिवार की शाम डबलिन के टालाहट इलाके में पार्कहिल रोड पर हुई। पुलिस (Garda) के अनुसार, कुछ लोगों ने भारतीय व्यक्ति पर बच्चों के आसपास अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया, जो पूरी तरह झूठा और निराधार था। यही अफवाहें सोशल मीडिया पर कुछ धुर दक्षिणपंथी और प्रवासी विरोधी खातों द्वारा फैलाई गईं।
शरीर पर कई घाव के निशान
गवाहों के अनुसार, हमलावरों ने व्यक्ति को न केवल पीटा, बल्कि उसके कपड़े भी उतार दिए। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। उस समय व्यक्ति के चेहरे, हाथों और पैरों से खून बह रहा था और उसके शरीर पर कई घाव थे। उसे टालाहट यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां 20 जुलाई को उसे छुट्टी दी गई।
पुलिस ने क्या कहा?
आयरिश टाइम्स से बात करते हुए गार्डा के एक प्रवक्ता ने कहा, '19 जुलाई को शाम लगभग 6 बजे पार्कहिल रोड, टालाहट पर एक घटना की जानकारी मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और एक व्यक्ति को अस्पताल भेजा गया। उस पर लगाए गए आरोपों की कोई सच्चाई नहीं है।'
लगातार हो रहे नस्लीय हमले
जांचकर्ताओं ने बताया कि हाल के दिनों में टालाहट क्षेत्र में विदेशियों पर इसी प्रकार के बिना किसी उकसावे के हमले बढ़े हैं। पुलिस ने इस मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और इसे संभावित 'हेट क्राइम' की तरह देखा जा रहा है।
ये भी पढ़ें Indian Student In US: ट्रंप का फरमान, 11 लाख छात्रों का वीजा होगा रद्द, सबसे ज्यादा भारतीय छात्रों पर असर
न्याय मंत्री की टिप्पणी
आयरलैंड के न्याय मंत्री जिम ओ कैलघन ने भी इस मुद्दे पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, 'अब यह आम होता जा रहा है कि लोग प्रवासियों पर अपराधों का दोष डालते हैं। मैंने आंकड़े मंगवाए हैं और सच्चाई यह है कि जेलों में प्रवासियों का प्रतिशत समाज में उनके प्रतिशत से कम है।'
भारतीय राजदूत की तीखी प्रतिक्रिया
आयरलैंड में भारत के राजदूत अखिलेश मिश्रा ने इस घटना को लेकर RTE News की रिपोर्टिंग की आलोचना की। उन्होंने X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, कैसे एक कथित हमला इतनी भयानक चोट और खून बहने का कारण बन सकता है? RTE News की असंवेदनशीलता और तथ्यों को ढकने की कोशिश पर घोर आपत्ति है! शुक्रिया @paulmurphy_TD @gardainfo और आयरिश जनता का जिन्होंने इस निर्दोष पीड़ित के लिए सहानुभूति दिखाई। उम्मीद है दोषियों को सजा मिलेगी।'
भारतीय दूतावास ने आगे कहा कि, 'टाल्ला, डबलिन में हाल ही में एक भारतीय नागरिक पर हुए शारीरिक हमले की घटना के संबंध में दूतावास पीड़ित और उसके परिवार के संपर्क में है। सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है। इस मामले में दूतावास संबंधित आयरिश अधिकारियों के संपर्क में भी है।'












Click it and Unblock the Notifications