'पाकिस्तान अपने ही नागरिकों पर बम गिराता है', UNHRC में भारत ने ऐसा क्यों कहा?
India exposes Pakistan UNHRC: पाकिस्तान सेना द्वारा खैबर पख्तूनख्वा की तिराह घाटी में निर्दोष नागरिकों पर बमबारी ने पूरे विश्व को झकझोर कर रख दिया है। इस हमले में महिला और बच्चों समेत 30 से अधिक लोगों की मौत हुई। भारत ने इसे संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) में मजबूती से उठाया।
भारत के प्रतिनिधि क्षितिज त्यागी ने पाकिस्तान की इस क्रूरताओं को उजागर किया और कहा कि यह देश आतंकवाद को प्रायोजित करता है और अंतरराष्ट्रीय मंचों का गलत इस्तेमाल करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान न केवल अपने नागरिकों पर अत्याचार कर रहा है, बल्कि भारत के खिलाफ लगातार भड़काऊ और झूठे दावे भी फैला रहा है।

भारत ने UNHRC में दिखाया पाकिस्तान का असली चेहरा
जिनेवा में UNHRC के सत्र के दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल के काउंसलर क्षितिज त्यागी ने पाकिस्तान की पोल खोली। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एक ऐसा देश है जो अपने ही नागरिकों पर बम गिराता है, आतंक को बढ़ावा देता है और प्रतिबंधित आतंकवादियों को शरण देता है। त्यागी ने पाकिस्तान के नेताओं के पाखंड की ओर इशारा करते हुए याद दिलाया कि उन्होंने कभी अल-क़ायदा सरगना ओसामा बिन लादेन को भी पनाह दी थी।
क्या है पूरा मामला?
22 सितंबर की रात पाकिस्तान सेना ने खैबर पख्तूनख्वा की तिराह घाटी में लड़ाकू विमानों से बमबारी की। इस हमले में बच्चों और महिलाओं समेत करीब 30 निर्दोष लोग मारे गए। स्थानीय नेताओं और प्रतिनिधियों ने इस घटना को जेट बॉम्बिंग कहा। खाटों पर पंक्तियों में रखी लाशें और मिट्टी से सने मासूम बच्चों के शव देखकर लोग दहशत और गुस्से में हैं। स्थानीय लोगों का सवाल था,क्या ये मासूम बच्चे आतंकवादी थे? इसी मुद्दे को UNHRC के सत्र के दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल के काउंसलर क्षितिज त्यागी ने जोरदार तरीके से उठाया
दुष्प्रचार और आतंक का केंद्र बना पाकिस्तान
भारत ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान नियमित रूप से UNHRC और इस्लामिक सहयोग संगठन जैसे मंचों का उपयोग भारत विरोधी दुष्प्रचार के लिए करता है। पुलवामा, उरी, पठानकोट, मुंबई और पहलगाम जैसे हमलों का जिक्र करते हुए भारत ने याद दिलाया कि आतंकवाद का सबसे बड़ा केंद्र पाकिस्तान ही है। त्यागी ने कहा कि पाकिस्तान को अपने अवैध कब्जे वाले भारतीय क्षेत्र को खाली करना चाहिए और आतंक फैलाने के बजाय अपनी तबाह हो चुकी अर्थव्यवस्था को सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।
ये भी पढ़ें: 'Israel से दिनदहाड़े रिश्वत लेता है America', Pakistan के रक्षा मंत्री Khawaja Asif का दावा, क्या है मामला?
आतंक और झूठ का पर्दाफाश जारी रहेगा- भारत
भारत ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद को यह भी याद दिलाया कि उसकी कार्यप्रणालियां निष्पक्ष और सार्वभौमिक होनी चाहिए। त्यागी ने कहा कि पाकिस्तान बार-बार रिसाइकल किए हुए झूठ इस मंच पर लाता है, लेकिन भारत अपने नागरिकों और संप्रभुता की रक्षा के लिए दृढ़ है और पाकिस्तान जैसे असफल राष्ट्र के छल को लगातार उजागर करता रहेगा।
ये भी पढ़ें: HM 313 क्या है, जो बन सकता है कश्मीर में नया खतरा? ऑपरेशन सिंदूर के बाद Pakistan की डरावनी साजिश का खुलासा!












Click it and Unblock the Notifications