आज इकट्ठा होंगे दुनिया के दिग्गज, क्या रूस-पश्चिमी देशों में बढ़ते टकराव को संभाल पाएगा भारत?
G20 foreign ministers meeting:यूक्रेन संघर्ष को लेकर रूस और पश्चिमी देशों के बीच बढ़ते टकराव के बीच वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा करने के लिए जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों की एक और दो मार्च को नई दिल्ली में बैठक हो रही है।

File Image: PTI
यूक्रेन संघर्ष को लेकर रूस और पश्चिमी देशों के बीच बढ़ते टकराव के बीच वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा करने के लिए जी20 देशों के विदेश मंत्रियों की एक और दो मार्च को राजधानी नई दिल्ली में बैठक हो रही है। इस बैठक में अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, फ्रांस से कैथरीन कोलोना, चीनी विदेश मंत्री किन गांग, जर्मनी की अन्नालेना बेयरबॉक और ब्रिटिश विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली आदि शामिल होंगे। हालांकि ऐसा लगता है कि भारत के लिए वैचारिक स्तर दो धुव्रों पर खड़ी शक्तियों को साधना बेहद मुश्किल होने वाला है।
और आक्रमक हुआ ब्रिटेन
ब्रिटेन के विदेश सचिव जेम्स क्लेवरली के नई दिल्ली आगमन से कुछ घंटे पहले, ब्रिटेन के विदेश कार्यालय ने कहा कि वह भारत की जी20 अध्यक्षता के लिए विदेश मंत्रियों की बैठक में यूक्रेन में रूसी आक्रामकता की निंदा करना जारी रखेंगे और पुराने और नए भागीदारों से सबसे जरूरी वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम करने का आग्रह करेंगे। ब्रिटेन के विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली ने कहा है कि भारत की जी20 अध्यक्षता ऐसे महत्वपूर्ण समय पर आई है, जब दुनिया रूस-यूक्रेन युद्ध, वैश्विक खाद्य और ऊर्जा आपूर्ति में रूकावट और चीन की आक्रामक कार्रवाइयों जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है।
रूस ने पश्चिमी देशों को घेरा
इसके कुछ ही समय बाद रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव भी भारत पहुंचे। इसी दौरान रूसी विदेश मंत्रालय बयान जारी किया और कड़े शब्दों में यूक्रेन संकट के लिए अमेरिका और पश्चिमी देशों को जिम्मेदार ठहराया। रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगियों की विनाशकारी नीति ने दुनिया को आपदा के कगार पर खड़ा कर दिया है, सामाजिक-आर्थिक विकास को पीछे धकेल दिया है और सबसे गरीब देशों की स्थिति गंभीर रूप से खराब हो गई है। रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि पूरी दुनिया अवैध प्रतिबंधों, सीमा पार आपूर्ति श्रृंखलाओं के कृत्रिम रूप से टूटने, कुख्यात मूल्य सीमा लगाने और वास्तव में प्राकृतिक संसाधनों की चोरी के प्रयासों से पीड़ित है।
बेंगलुरु में क्या हुआ था?
जी20 देशों के वित्त मंत्रियों और जी20 सदस्य देशों के केंद्रीय बैंक के गवर्नरों की बेंगलुरु में हुई बैठक में भी ऐसी ही स्थिति देखी गई थी। बेंगलुरु की बैठक में यूक्रेन विवाद को लेकर पश्चिमी शक्तियों और रूस-चीन गठजोड़ के बीच तीखे मतभेदों को लेकर संयुक्त बयान जारी नहीं हो सका था। रूस ने रविवार को आरोप लगाया था कि यूक्रेन की स्थिति को लेकर 'सामूहिक पश्चिम' द्वारा मास्को के प्रति 'टकराव' के रुख के कारण बेंगलुरु में जी20 देशों के वित्त मंत्रियों की बैठक बिना किसी संयुक्त बयान के समाप्त हो गई।
नहीं जारी हो पाई संयुक्त बैठक
वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नरों की शनिवार को हुई जी20 बैठक यूक्रेन में युद्ध का कोई संदर्भ देने पर रूस और चीन के विरोध के बाद संयुक्त बयान जारी नहीं कर सकी। बैठक के अंत में भारत ने जी20 का अध्यक्ष होने के नाते एक सारांश जारी किया था। जी20 विदेश मंत्रियों की बैठक से पहले, भारतीय पक्ष ने कहा है कि वह गतिरोध से बाहर निकलने के लिए इंडोनेशिया में जी20 शिखर सम्मेलन में बनी सहमति को आगे बढ़ाएगा। हालांकि, रूस और चीन द्वारा एक तरफ और दूसरी तरफ जी20 द्वारा उठाए गए कठोर रुख ने इस चिंता को बढ़ा दिया है कि 1-2 मार्च के दौरान G20 के विदेश मंत्रियों की बैठक भी बिना किसी संयुक्त बयान के समाप्त हो सकती है।
रात्रिभोज में शामिल होने को लेकर स्थिति साफ नहीं
विदेश मंत्री एस जयशंकर द्वारा अपने जी20 समकक्षों और नौ अतिथि देशों के लिए 1 मार्च को आयोजित किए जाने वाले नेटवर्किंग रिसेप्शन और रात्रिभोज पर कूटनीतिक हलकों की नजर है, क्योंकि यह अगले दिन दो सत्रों के दौरान चर्चा के लिए मंच तैयार करेगा। G7 के विदेश मंत्रियों ने जुलाई 2022 में रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव की उपस्थिति को लेकर इंडोनेशिया में इसी तरह के रात्रिभोज का बहिष्कार किया था। सूत्रों के मुताबिक जी20 के अधिकांश विदेश मंत्रियों के बुधवार रात के रात्रिभोज में शामिल होने की उम्मीद है, लेकिन फ्रांस, जर्मनी और अमेरिका के विदेश मंत्रियों के समय पर पहुंचने की उम्मीद नहीं है।
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
2 मार्च को जी20 के विदेश मंत्रियों की बैठक का पहला सत्र बहुपक्षवाद को मजबूत करने और संयुक्त राष्ट्र, खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा और विकास सहयोग जैसे बहुपक्षीय निकायों में सुधार की आवश्यकता पर केंद्रित होगा। दूसरा सत्र आतंकवाद और उभरते खतरों, वैश्विक कौशल मानचित्रण और मानवीय सहायता और आपदा राहत के लिए समर्पित होगा।












Click it and Unblock the Notifications