कश्मीर विवाद में चौधरी बनने चले इस्लामिक देशों को भारत ने फटकारा, सऊदी की अध्यक्षता वाले OIC पर जानें क्या कहा
India on OIC: भारत ने अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के संबंध में सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले पर इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) के बयानों पर बुधवार को कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और भारत ने इस्लामिक देशों को संगठन को फटकार लगाते हुए जानकारी दुरूस्त करने के लिए कहा है। भारत ने कहा है, कि इस्लामिक देशों के संगठन के बयान "गलत जानकारी और गलत इरादे वाला" है।
आपको बता दें, कि भारतीय शीर्ष अदालत ने सोमवार को 5 अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के केंद्र सरकार के फैसले को बरकरार रखा है।
केंद्र सरकार ने 5 अगस्त 2019 को संविधान के अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को निरस्त कर दिया था, जो पूर्ववर्ती राज्य जम्मू और कश्मीर को विशेष दर्जा प्रदान करता था। सुप्रीम कोर्ट ने फैसले को "संवैधानिक रूप से वैध" माना और राज्य का दर्जा तत्काल बहाल करने और अगले साल सितंबर तक जम्मू-कश्मीर में चुनाव कराने के लिए कदम उठाने का निर्देश दिया है।

इस्लामिक देशों के संगठन को फटकार
इस्लामिक देशों के संगठन ओआईसी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, भारतीय विदेश मंत्रालय (एमईए) ने एक बयान में कहा है, कि "भारत, भारतीय सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले पर इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) के जनरल सचिवालय द्वारा जारी गलत इरादे वाले बयान को खारिज करता है।"
विदेश मंत्रालय ने आगे कहा, कि "ओआईसी मानवाधिकारों के सिलसिलेवार उल्लंघनकर्ता और सीमा पार आतंकवाद के एक बेपरवाह प्रवर्तक (पाकिस्तान) के इशारे पर ऐसा करता है, जिससे उसकी कार्रवाई और भी संदिग्ध हो जाती है। ऐसे बयान केवल ओआईसी की विश्वसनीयता को कमजोर करते हैं।"
जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, एक बयान में, ओआईसी के जनरल सचिवालय ने भारतीय सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर चिंता व्यक्त की, जिसने अनुच्छेद 370 को निरस्त करने को बरकरार रखा और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से प्रासंगिक संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के माध्यम से कश्मीर को हल करने के अपने प्रयासों को बढ़ाने का आह्वान किया।
ओआईसी का यह बयान तब आया है, जब पाकिस्तान ने कहा, कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले का "कोई कानूनी मूल्य नहीं" है। चीन ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कश्मीर विवाद के शांतिपूर्ण समाधान का आह्वान किया है।
इस मुद्दे पर चीन की प्रतिक्रिया मांगने वाले एक पाकिस्तानी पत्रकार को जवाब देते हुए, चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने कहा, कि "कश्मीर मुद्दे पर, चीन की स्थिति सुसंगत और स्पष्ट है... अतीत से छोड़े गए कश्मीर मुद्दे को और उचित रूप से संयुक्त राष्ट्र चार्टर, सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों और प्रासंगिक द्विपक्षीय समझौतों के अनुसार शांति से हल करने की जरूरत है।"
उन्होंने कहा, "संबंधित पक्षों को बातचीत और परामर्श के माध्यम से विवाद को सुलझाने की जरूरत है, ताकि क्षेत्रीय शांति और स्थिरता बनी रहे।" यह वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर चल रहे सैन्य गतिरोध को लेकर पाकिस्तान के सदाबहार मित्र चीन के साथ भारत की अपनी समस्याओं के बीच आया है।












Click it and Unblock the Notifications