इमरान-शहबाज की सियासी जंग में बाजवा मार लेंगे बाजी! पूर्व पीएम का सेना प्रमुख को प्रस्ताव
अपने 'विदेशी साजिश' के रुख को दोहराते हुए, पीटीआई प्रमुख ने पूछा, 'जो लोग हमारी सरकार को हटाकर इन लोगों को लाए, मैं पूछना चाहता हूं क्या वे पाकिस्तान के बारे में सोच रहे थे? हर कोई इन दोनों परिवारों का इतिहास जानता है।
इस्लामाबाद, 13 सितंबर : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) वैसे तो हमेशा सेना के खिलाफ ही बयान देते आ रहे हैं। लेकिन इस बार उन्होंने जनरल कमर जावेद बाजवा के हक में बयान देकर यह बता दिया है कि, वे दोबारा सत्ता हासिल करने के लिए क्या-क्या कर सकते हैं। दरअसल, पाकिस्तान-तहरीक ए-इंसाफ के चीफ इमरान खान ने अपने रुख में बदलाव करते हुए सुझाव दिया कि, आर्मी चीफ बाजवा का कार्यकाल चुनाव तक बढ़ाया जाना चाहिए। उनके इस बयान से देश की सियासत के भीतर कानाफूसी शुरू हो गई है।

बाजवा को मिले एक्सटेंशन
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान सत्ता में वापसी की कोशिशों में जुटे हुए हैं। जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, एक निजी टीवी चैनल के साथ एक साक्षात्कार में, खान ने जल्द चुनाव की मांग करते हुए कहा कि, जब तक देश में नई सरकार नहीं बनती, तब तक कमर जावेद बाजवा को आर्मी चीफ के तौर पर एक्सटेंशन देना चाहिए। जब देश को नई सरकार मिल जाएगी तो नए सैन्य प्रमुख का चयन किया जाए।

योग्य व्यक्ति बने आर्मी चीफ
इमरान खान ने आगे कहा कि सेना प्रमुख की नियुक्ति योग्यता के आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा, 'न तो आसिफ अली जरदारी और न ही नवाज शरीफ योग्यता के आधार पर यह फैसला लेने के योग्य हैं।'बता दें कि,जब से इमरान को सत्ता से हटाया गया है, वे सेना प्रमुख, वर्तमान सरकार के बारे में अपनी लगातार टिप्पणियों की वजह से सुर्खियां बटोर रहे हैं।

देशभक्त सेना प्रमुख शासकों को नहीं बख्शेगा
इस महीने की शुरुआत में, फैसलाबाद में एक जनसभा के दौरान बोलते हुए, पीटीआई अध्यक्ष ने सरकार को यह कहते हुए फटकार लगाई थी कि वह अपने स्वयं के एक सेना प्रमुख की नियुक्ति के लिए चुनावों में देरी कर रही है। 'अगर सेना का एक देशभक्त प्रमुख बनकर आता है तो वह मौजूदा शासक को नहीं बख्शेगा।'जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व पीएम खान ने रुख में बदलाव करते हुए कहा कि वह मध्यावधि चुनाव के संबंध में गठबंधन सरकार के साथ बातचीत करने के लिए तैयार हैं।

26 साल से कर रहे राजनीति
साक्षात्कार के दौरान, इमरान खान ने कहा कि वह पिछले 26 वर्षों से राजनीति में शामिल हैं और उनकी पार्टी ने हमेशा एक ऐसे मार्ग का अनुसरण किया है जो देश के संविधान के अनुरूप है। जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, खान ने गठबंधन सरकार के प्रदर्शन पर तंज कसते हुए कहा कि अगर मौजूदा नेताओं का कार्यकाल आगे बढ़ाया गया तो देश दलदल में फंस जाएगा।

जरदारी और शरीफ को भ्रष्टाचारी कहा इमरान ने
अपने 'विदेशी साजिश' के रुख को दोहराते हुए, पीटीआई प्रमुख ने पूछा, 'जो लोग हमारी सरकार को हटाकर इन लोगों को लाए, मैं पूछना चाहता हूं क्या वे पाकिस्तान के बारे में सोच रहे थे? हर कोई इन दोनों परिवारों का इतिहास जानता है।'जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, शरीफ और जरदारी परिवारों की वंशवादी राजनीति पर टिप्पणी करते हुए पीटीआई प्रमुख ने आगे कहा कि इन दोनों परिवारों ने 32 साल तक पाकिस्तान पर शासन किया। उन्होंने कहा, "अगर उनका (शरीफ और जरदारी) ट्रैक रिकॉर्ड अच्छा होता और वे प्रतिभाशाली होते, तो स्थिति अलग होती। लेकिन उन्होंने देश की संस्थाओं को तबाह कर दिया, क्योंकि वे भ्रष्टाचार में लिप्त थे।'












Click it and Unblock the Notifications