पाकिस्तान में छिड़ सकता है गृहयुद्ध, इमरान खान ने किया जिहाद का ऐलान, लाहौर से लॉन्ग मार्च शुरू
पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को उम्मीद है कि इस रैली के जरिए वे सरकार और सेना को घुटने टेकने पर मजबूर कर देंगे और सरकार को जल्दी चुनाव कराने के लिए बाध्य कर देंगे।
इमरान खान पाकिस्तानी सेना और खुफिया एजेंसी आईएसआई की चेतावनी के बावजूद आज लाहौर से हकीकी आजादी मार्च निकाल रहे हैं। पीटीआई की तरफ से निकाले जा रहे इस मार्च में इमरान खान के भी शामिल होने की खबर है। पीटीआई ने ट्विटर पर इससे जुड़ा एक वीडियो शेयर किया है। इस मार्च के लिए पार्टी के हजारों कार्यकर्ता लाहौर के लिबर्टी चौक पर जमा हो गए हैं। लाल-हरा पार्टी के झंडे से पूरा इलाका भरा नजर आ रहा है। ये मार्च लाहौर के लिबर्टी चौक से निकल कर इस्लामाबाद के आजादी चौक तक जाएगी।

जिहाद पर निकलने इमरान खान
पीटीआई ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें इमरान खान खुद के 'जिहाद' पर निकलने की बात कहते नजर आ रहे हैं। इमरान खान खुद भी लिबर्टी चौक पर इस रैली का हिस्सा बन गए हैं। दरअसल पाकिस्तान के अंदरूनी हालात अभी ठीक नहीं चल रहे हैं। पाकिस्तानी पत्रकार के केन्या में मारे जाने की घटना के बाद से पूरा देश नाराज है। इमरान खान इसका फायदा उठाना चाहते हैं। वह जनता की भावनाओं का इस्तेमाल कर सरकार पर दबाव बनाना चाहते हैं।

पाकिस्तान में छिड़ सकता है गृहयुद्ध
पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को उम्मीद है कि इस रैली के जरिए वे सरकार और सेना को घुटने टेकने पर मजबूर कर देंगे और सरकार को जल्दी चुनाव कराने के लिए बाध्य कर देंगे। बतादें कि इमरान की ओर से यह इस साल दूसरा लॉन्ग मार्च है। इससे पहले वे मई में आजादी मार्च निकाल चुके थे जो कि इस्लामाबाद पहुंचने से पहले ही हिंसक हो चुका था। इमरान खान के इस लॉन्ग मार्च को रोकने की तैयारी के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। मार्च को कुचलने के लिए 13 हजार पुलिसकर्मियों को आंसू गैस और पैपर गन से लैस किया गया है।

इमरान खान चाहते हैं पाकिस्तान में जल्द हो चुनाव
पाकिस्तान में इमरान खान और सरकार-सेना के बीच सीधे टकराव की आहट नजर आ रही है। ऐसे में कई विश्लेषक यह अंदाजा लगा रहे हैं कि पाकिस्तान में गृहयुद्ध भड़क सकता है। चूंकि इमरान खान जनता के बीच काफी लोकप्रिय हैं ऐसे में वह जनता की ताकत से सेना को झुकाने की तैयारी कर रहे हैं। अब तक पाकिस्तान में सेना की ही चलती रही है, ऐसे में सेना ने भी साफ कह दिया है कि पाकिस्तान में न तो जल्दी चुनाव होंगे और न नहीं नए आर्मी चीफ की तैनाती रुकेगी। इससे अब सीधे-सीधे लड़ाई पाकिस्तानी सेना और इमरान खान के बीच हो गई है।

पत्रकार अरशद की मौत से पाकिस्तान में मचा है बवाल
आपको बता दें कि गुरुवार को आईएसआई चीफ लेफ्टिनेंट जनरल नदीम अंजुम ने सेना प्रवक्ता के संग मिलकर प्रेस को संबोधित किया था। यह पाकिस्तान के इतिहास में पहली बार हो रहा था जब आईएसआई चीफ ने मीडिया को संबोधित किया। दरअसल इमरान खान और उनकी टीम जनता तक यह संदेश देने में सफल हो चुके हैं कि पत्रकार अरशद ही केन्या में हुई हत्या में आईएसआई का हाथ है। इस दबाव के कारण पहली बार खुद आईएसआई चीफ को जनता के सामने आना पड़ा है।

जनरल बाजवा को इमरान ने दिया ऑफर?
इस प्रेस कांफ्रेंस में आईएसआई चीफ नदीम अंजुम ने यह भी खुलासा किया कि इमरान खान ने अपनी सरकार को बचाने के लिए जनरल बाजवा को असीमित समय के लिए सेवा विस्तार देने का ऑफर दिया था लेकिन जनरल बाजवा ने इसे ठुकरा दिया। आईएसआई प्रमुख ने यह भी कहा कि इमरान खान और सेना प्रमुख बाजवा के बीच इसलिए झगड़ा हुआ क्योंकि पीटीआई नेता की गैरसंवैधानिक मांगों को आर्मी चीफ ने मानने से मना कर दिया था। नदीम अंजुम ने दावा किया कि इमरान खान दिन में जनरल बाजवा को चोर और गद्दार बुलाते हैं और रात में उनसे खुफिया मुलाकात करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications