पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने हिन्दू समुदाय को दी होली की बधाई
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने हिंदू समुदाय को होली की शुभकामनाएं दी हैं।
इस्लामाबाद: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने रविवार को हिंदू समुदाय को होली की बधाई दी है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने ट्वीट के जरिए हिंदू समुदाय को होली की बधाई देते हुए कहा है कि 'हमारे हिंदू समुदाय को रंगों के त्योहार होली की बहुत बहुत शुभकामनाएं'। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान अभी कोरोना वायरस से संक्रमित हैं और होम आइसोलेट हैं।

पाकिस्तानी नेताओं के बधाई संदेश
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के अलावा भी पाकिस्तान के कई मुस्लिम नेताओं ने हिंदू समुदाय को होली की शुभकामनाएं दी हैं। पाकिस्तान नेशनल असेंबली के अध्यक्ष असद कैसर ने भी होली के मौके पर हिंदू समुदाय को शुभकामनाएं दी हैं। नेशनल असेंबली के अध्यक्ष कैसर ने पाकिस्तान के हिंदू सांसदों को होली की शुभकामनाएं देते हुए पाकिस्तान के विकास में हिंदू समुदाय की भूमिका की तारीफ की और उन्होंने कहा कि 'रंगो का ये त्योहार लोगों को खुशियां फैलाने का अवसर देता है'। इसके अलावा उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में रहने वाले सभी अल्पसंख्यक समुदायों को पाकिस्तान में अपने धार्मिक त्योहार खुलकर मनाने का अधिकार देता है।

पाकिस्तान में हिन्दू अल्पसंख्यक
पाकिस्तान में हिंदू समुदाय सबसे बड़ा अल्पसंख्यक समुदाय है। और एक रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान में इस वक्त 75 लाख हिंदू समुदाय के लोग रहते हैं। हालांकि, आजादी के बाद से पाकिस्तान में बड़ी संख्या में हिंदुओं का जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया। अभी भी पाकिस्तान में हिंदू समुदाय की बेटियों का अपहरण किया जाता है और धर्मपरिवर्तन कराकर उन्हें किसी अधेड़ उम्र के शख्स से शादी करवा दी जाती है। पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के साथ होने वाले इस बर्ताव को लेकर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय में उसकी काफी आलोचना होती रहती है।

कोविड पॉजिटिव हैं इमरान खान
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान पिछले हफ्ते कोरोना पॉजिटिव हो गये थे जिसके बाद उन्हें होम आइसोलेट किया गया है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान चीनी वैक्सीन लेने के दो दिनों बाद कोरोना पॉजिटिव हो गये थे। जिसके बाद भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर उनके जल्द ठीक होने की कामना की थी।












Click it and Unblock the Notifications