कश्मीर पर इमरान खान का नया प्रोपेगेंडा, टीवी चैनलों को 9PM बुलेटिन के लिए जारी किया नया फरमान
इमरान खान सरकार ने पिछले साल 4 अगस्त को पाकिस्तान के नए पॉलिटिकल मानचित्र को जारी किया था, जिसमें इमरान सरकार ने विवादित फैसला लेते हुए कश्मीर पर गलत मानचित्र पेश किया है
इस्लामाबाद, नवंबर 08: कश्मीर पर इमरान खान लगातार अपने देश की अवाम से झूठ बोलते रहते हैं और टीवी चैनलों को दिन भर झूठी खबरें दिखाने के लिए कहते रहते हैं और अब एक बार फिर से तालिबान खान के नाम से मशहूर इमरान खान ने पाकिस्तानी न्यूज चैनलों के लिए नया प्रोपेगेंडा प्लान जारी किया है।

टीवी चैनलों के लिए फरमान
इमरान खान की सरकार में पाकिस्तानी न्यूज चैनलों के लिए फरमान जारी करते हुए कहा गया है कि, रात में 9 बजे का बुलेटिन शुरू होने से पहले सभी न्यूज चैनल, चाहें वो पब्लिक हों या सरकारी, वो पाकिस्तान का नया नक्शा प्रसारित करें। पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रेगुलेटरी अथॉरिटी (पेमरा) ने सभी सार्वजनिक और निजी टीवी चैनलों को रात 9 बजे समाचार बुलेटिन प्रसारित करने से पहले पाकिस्तान के पॉलिटिकल मैप को प्रसारित करने का निर्देश दिया है। रविवार को सार्वजनिक हुए 3 नवंबर को जारी किए गए पेमरा निर्देश में कहा गया है, "सभी समाचार चैनलों (सार्वजनिक और निजी दोनों) को नियमित रूप से रात 9 बजे समाचार बुलेटिन प्रसारित करने से पहले दो सेकंड के लिए पाकिस्तान के राजनीतिक मानचित्र को फ्लैश करना होगा''

सरकार के निर्देश पर फरमान
पाकिस्तान के सूचना और प्रसारण मंत्री फवाद चौधरी ने पेमरा के इस कदम को सही ठहराते हुए कहा है कि, पाकिस्तान सरकार पेमरा अध्यादेश 2002 की धारा 5 के तहत ऐसा कर सकती है और सरकार ने ये सही फैसला उठाया है। उन्होंने कहा कि, ''संघीय सरकार जब भी आवश्यक समझती है, नीति के मामलों पर प्राधिकरण (पेमरा) को निर्देश जारी कर सकती है, और ऐसे निर्देश प्राधिकरण पर बाध्यकारी होंगे, और यदि कोई प्रश्न उठता है कि क्या कोई मामला है, नीति का है या नहीं, उस पर संघीय सरकार का फैसला ही अंतिम फैसला होगा।"

इमरान खान का नया प्रोपेगेंडा
इमरान खान सरकार ने पिछले साल 4 अगस्त को पाकिस्तान के नए पॉलिटिकल मानचित्र को जारी किया था, जिसमें इमरान सरकार ने विवादित फैसला लेते हुए कश्मीर पर गलत मानचित्र पेश किया है और अब उसी नक्शे को लेकर इमरान खान कश्मीर पर प्रोपेंगेंडा कर रहे हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक समारोह में नक्शा पेश करते हुए कहा था कि, ''नया नक्शा पाकिस्तान के राष्ट्रीय आकांक्षा को दर्शाता है और कश्मीर विवाद पर सैद्धांतिक रुख का समर्थन करता है।'' आपको बता दें कि, भारत ने 5 अगस्त 2019 को अपने संविधान के अनुच्छेद 370 और 35A को रद्द कर दिया था, जिसके बाद बौखलाकर इमरान खान ने कश्मीर का नया नक्शा जारी किया था।

स्कूलों में भी फर्जी नक्शे का इस्तेमाल
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री खान कश्मीर के नये नक्शे को पाकिस्तान का आधिकारिक नक्शा बताते हुए उसे स्कूलों और कॉलेजों में भी इस्तेमाल करने का फरमान जारी किया था। इमरान खान के नये नक्शे में कश्मीर को 'विवादित क्षेत्र' के तौर पर दिखाया गया है, जबकि, भारत सरकार का साफ कहना है कि, पूरा का पूरा कश्मीर सिर्फ और सिर्फ भारता का है और पाकिस्तान ने कश्मीर के जिस हिस्से पर अवैध कब्जा कर रखा है, उसे फौरन खाली करे। इमरान खान ने नये नक्शे में जमकर ख्वाब देखे हैं और सियाचीन को पाकिस्तान का हिस्सा बताया है। वहीं, भारत और पाकिस्तान के बीच एलओसी को लाल रेखा बनाकर दिखाया गया है। इमरान खान के नये नक्शे में सर क्रीक पर भारत के दावे को भी खारिज किया गया है। इसके अलावा, पूर्ववर्ती फाटा को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के हिस्से के रूप में दिखाया गया है। और अब पाकिस्तानी न्यूज चैनलों के जरिए भी इमरान खान अपने प्रोपेगेंडा को देश भर में फैलाना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications