इमरान खान के नाम पर पाकिस्तान बना जंग का मैदान, क्या शहबाज ने गिरफ्तारी का बनाया 'लंदन प्लान'?
इमरान खान को गिरफ्तार करने के लिए इस्लामाबाद की पुलिस लाहौर में संघर्ष कर रही है, लेकिन उन्हें अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। रात भर पुलिस की टीम इमरान खान के आवास के बाहर संघर्ष करती रही, लेकिन उनतक नहीं पहुंच पाई।

Imran Khan Arrest: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के अध्यक्ष इमरान खान को गिरफ्तार करने में करीब 20 घंटे के बाद भी नाकाम रही है और लाहौर स्थिति इमरान खान के आवास के बाहर पुलिस की टीम और इमरान खान के समर्थकों के बीच 'जंग' जारी है। अभी भी इमरान खान के समर्थक पूरी ताकत के साथ अपने नेता को गिरफ्तारी से बचाने के लिए डटे हुए हैं, जबकि पुलिस की टीम अदालती आदेश का पालन करवाने के लिए संघर्ष कर रही है। वहीं, सरकार का कहना है, कि इमरान खान चाहते हैं, कि उनके समर्थक मारे जाएं, ताकि वो लाशों पर राजनीति कर सकें, लेकिन पुलिस ऐसी कोई कार्रवाई नहीं करेगी, जिससे किसी की भी जान जाए। वहीं, इमरान खान ने आरोप लगाया है, कि उनकी गिरफ्तारी के लिए शहबाज शरीफ 'प्लान लंदन' पर काम कर रहे हैं।
20 घंटे बाद भी गिरफ्तारी नहीं
इमरान खान को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार हाथ पैर मार रही है और लाहौर में इमरान खान के आवास का पूरा इलाका, जंग के मैदान में तब्दील हो चुका है। सैकड़ों की तादाद में पुलिसवाले मौजूद हैं, तो हजारों की तादाद में इमरान खान के समर्थक। इमरान खान के आवास की तरफ जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया गया है, लेकिन इमरान खान समर्थकों की भारी पत्थरबाजी के बाद पुलिस को पीछे हटना पड़ा है। पत्थरबाजी में लाहौर के डीआईजी समेत कई बड़े अधिकारी घायल हो गये हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं, इमरान खान के समर्थकों ने दर्जनों बाइकों को आग लगा दिया है। वहीं, इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी ने एक और वीडियो जारी करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से पूरे देशभर में प्रदर्शन करने के लिए कहा है। जियो न्यूज के मुताबिक, कराची, फैसलाबाद, सरगोधा, वेहारी, पेशावर, क्वेटा और मियांवाली सहित प्रमुख शहरों में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
गिरफ्तारी के लिए बना 'लंदन प्लान'
इमरान खान तक अभी तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है, लेकिन इमरान खान लगातार अपने घर से विदेशी मीडिया को इंटरव्यू दे रहे हैं। इमरान खान ने स्काई न्यूज को दिए गये इंटरव्यू में कहा है, कि 'वो मानसिक तौर पर तैयार हैं, कि उन्हें अब गिरफ्तार कर लिया जाएगा।' इमरान खान ने कहा है, कि "चुनाव से पहले सरकार उन्हें रास्ते से हटाना चाहती है।" वहीं, समर्थकों के लिए जारी एक वीडियो में इमरान खान ने कहा है, कि "मुझे गिरफ्तार किया जाएगा और जेल में मेरे साथ क्या होगा, ये मुझे नहीं पता, लेकिन आपलोग संघर्ष करते रहें।" वहीं, अब इमरान खान ने कहा है, कि उन्हें खत्म करने के लिए शहबाज शरीफ 'लंदन प्लान' पर काम कर रहे हैं। इमरान खान ने संघीय सरकार पर उनकी गिरफ्तारी की योजना बनाने का आरोप लगाते हुए कहा, कि यह देश के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के खिलाफ सभी मामलों को समाप्त करने के लिए "लंदन योजना" का हिस्सा है।
क्या है शहबाज का लंदन प्लान?
एक वीडियो मैसेज में इमरान खान ने कहा, कि 'यह लंदन प्लान का हिस्सा है और मुझे जेल में डालने, पीटीआई को गिराने और नवाज शरीफ के खिलाफ सभी मामलों को खत्म करने के लिए वहां एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं।' उन्होंने आगे कहा, कि "मुझे समझ नहीं आता, कि लोगों पर हमले क्यों किए जा रहे हैं, क्योंकि मैंने पहले ही कोर्ट को कहा हुआ है, कि मैं 18 मार्च को अदालत में पेश होउंगा।" आपको बता दे्ं, कि शहबाज शरीफ के बड़े भाई और पूर्व पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ पिछले कई सालों से लंदन में हैं और इमरान खान के 'लंदन प्लान' का मतलब नवाज शरीफ से हो। पाकिस्तान में इस साल चुनाव होने हैं और माना जा रहा है, कि चुनाव से पहले नवाज शरीफ लंदन से वापस लौट सकते हैं। इमरान खान का आरोप है, कि उन्हें रास्ते से हटाने के लिए नवाज शरीफ ने प्लान बनाया है।












Click it and Unblock the Notifications